विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बढ़ती ठंड इन मरीजों के लिए जानलेवा, नसों के सिकुड़ने और खून गाढ़ा होने से हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक; डॉक्टर ने दिए टिप्स

Published: Sat, 28 Nov 2026 06:11 PM (GMT+05:30)

सर्दी में नसों के सिकुड़ने और खून गाढ़ा होने से बीपी व शुगर के मरीजों में हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। विशेषज्ञ डॉ. एसके गौतम ने बताया कि संतुलित दिनचर्या और खान-पान से इसे नियंत्रित किया जा सकता है।

हेलो डाक्टर में पाठकों के प्रश्न का उत्तर देते जीएसवीएम मेडिकल कालेज के प्रो. एसके गौतम। जागरण

हेलो डाक्टर में पाठकों के प्रश्न का उत्तर देते जीएसवीएम मेडिकल कालेज के प्रो. एसके गौतम। जागरण

जागरण संवाददाता, कानपुर। सर्दी में ठंड के कारण नसों के सिकुड़ने और खून गाढ़ा होने से ब्लड प्रेशर (बीपी) व शुगर (मधुमेह) के मरीजों में हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज को साइलेंट किलर कहा जाता है, क्योंकि ये बिना किसी शुरुआती लक्षण के शरीर की रक्त वाहिका व अंगों को अंदर ही अंदर नुकसान पहुंचाते रहते हैं। इसलिए ही बीपी व शुगर के मरीजों में हार्ट व ब्रेन स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है।

इससे बीपी व शुगर को नियंत्रित कर बचा जा सकता है। यह बातें दैनिक जागरण के हेलो डाक्टर में जीएसवीएम मेडिकल कालेज के मेडिसिन विभाग के प्रो. एसके गौतम ने कही। उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम में फ्लू, अस्थमा, सर्दी-जुकाम, निमोनिया, बीपी, शुगर से बचाव के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर कर सकते हैं। बीपी व शुगर लाइफ स्टाइल की बीमारियां हैं। जिसे खान-पान व संतुलित दिनचर्या से नियंत्रित किया जा सकता है। पेश है बातचीत के मुख्य अंश...।

 

 

  • सर्दी में बीपी की दवा खाते हैं, फिर भी बीपी क्यों बढ़ जाता है? - वेद प्रकाश गुप्ता, बारासिरोही।
  • सर्दी में रक्त की धमनियां सिकुड़ने लगती हैं। इससे बीपी की दवा उतनी कारगर साबित नहीं हो पाती है। इसलिए बीपी व शुगर के मरीज को मौसम में में बदलाव पर दवा की डोज को डाक्टर की सलाह पर बदलवाना चाहिए। एक बार आप एलएलआर अस्पताल के मेडिसिन विभाग में दिखा लें। एक बार कोलेस्ट्राल की जांच कराकर ओपीडी में दिखा लें। इसकी अनदेखी से बीपी बढ़ने लगता है जो हार्ट व ब्रेन की बीमारी का खतरा पैदा करता है।

 

 

  • 80 साल का हूं, सांस फूलती है, शरीर में ऐंठन की समस्या रहती है? - जय नारायण उत्तरीपुरा।
  • इस प्रकार की समस्या खून के गाढ़े होने के कारण होती है। एक बार आप विशेषज्ञ को दिखाकर खून को पतला करने की दवा लें। सांस की समस्या के लिए मुरारी लाल चेस्ट चिकित्सालय व कार्डियोलाजी में दिखा लें। सांस का फूलना हार्ट व लंग्स की बीमारी के कारण होता है। आपके शरीर में ऐंठन का कारण सर्दी में होने वाला गठिया है। इसमें डाक्टरी सलाह लें।

 



  • सर्दी में बीपी व शुगर को कैसे नियंत्रित करें? - भुवन जोशी, बर्रा। अरुण कुमार तिवारी, रामादेवी।
  • सर्दी में बीपी व शुगर बढ़ने लगता है। ऐसे में सर्दी से बचें, सुबह की वाक की जगह घर पर ही व्यायाम करें। बीपी व शुगर की दवा की डोज को नियंत्रित करें। सुपाच्य खाद्य पदार्थ का सेवन करें। सात से आठ घंटे की नींद जरूर लें।

 



  • बीपी बढ़ने को कैसे महसूस करें। बचाव कैसे करें? - राम प्रकाश, बर्रा छह। अलका द्विवेदी, पी रोड।
  • बीपी साइलेंट किलर है। इसके बढ़ने के कोई संकेत नहीं होते हैं। सर्दी में 50 साल से अधिक वाले नियमित रूप से बीपी की जांच करें। इसके मुख्य लक्षण सिर में दर्द, नींद नहीं आना, सांस फूलने के साथ प्रतीत होते हैं। ये लक्षण हाई बीपी यानी 180 से ऊपर आते हैं। नमक की मात्रा को कम करें। अधिक तेल व मसालेदार खाने से बचें। खाने में मोटे अनाज का प्रयोग करें। चाय व काफी लेने से बचें। डाइट को सुधार व खान-पान को बेहतर कर बीपी से बचें।

 



  • मेरे बेटे की उम्र 30 साल है, मौसम में में बदलाव पर उसको सांस की समस्या रहती है? - भगवानदास सोनकर, लालबंगला।
  • यह एलर्जिक अस्थमा के लक्षण हैं, इसलिए सर्दी से बचें, मास्क लगाए और एक बार चेस्ट चिकित्सालय में दिखाएं। खाने में फाइबर व प्रोटीन की मात्रा को बढ़ाकर रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर करें। इससे अस्थमा की समस्या से बच सकते हैं। सर्दी का होना भी सांस रोगियों के लिए एलर्जन की तरह काम करता है।

 



  • बीपी का मरीज, अगर अचानक बेहोश हो जाएं तो क्या करें? - अफसार अहमद, विजय नगर।
  • बीपी के मरीज का बेहोश होना स्ट्रोक का लक्षण है। इसलिए घरेलू इलाज में नहीं पड़ें। तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे और सीटी जांच कराकर ही इलाज कराएं। बेहोशी के अन्य कई कारण हो सकते हैं। बीपी का लो होना व कमजोरी भी समस्या बन सकता है। जांच के बाद ही डाक्टरी सलाह पर इलाज जरूरी है।

 



  • सर्दी में कुछ भी काम करते हैं, तो जुकाम हो जाता है? - शबीना, रमईपुर। - अरविंद शुक्ला, हंसपुरम।
  • बार-बार सर्दी व जुकाम होना रोग प्रतिरोधक क्षमता का कमजोर होना है। विटामिन सी व प्रोटीन को डाइट में शामिल करें। फल खाएं, व्यायाम करें। सर्दी से बचते हुए काम करें। रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर कर आप बीमारियों से बचे रह सकते हैं।एनीमिया के कारण भी ऐसा हो सकता है। आयरन की दवा डाक्टर की सलाह पर लें।

 

 

  • हाई बीपी की मरीज हूं, अब मौसम में बदलने पर बीपी बढ़ रहा है? - मंजुला त्रिपाठी, श्याम नगर। आशीष अरोड़, पांडुनगर।
  • बीपी का बढ़ना नुकसानदायक होता है। इसे इग्नोर नहीं करें। तत्काल अपने डाक्टर को दिखाएं और दवा संशोधित कराएं। बीपी व शुगर के मरीजों को दवा की डोज निर्धारित करने की जरूरत रहती है।

 



इन्होंने किए प्रश्न

तुलसी राम कुशवाहा, यशोदा नगर। गोमती प्रसाद शर्मा, कृष्णा नगर। अशोक शर्मा, रावतपुर गांव। श्याम सिंह, रावतपुर। प्रिया शुक्ला, बारादेवी। अंजलि फर्रुखाबाद, मो. आलम, कल्याणपुर। जितेंद्र सिंह, केशवपुरम। अंकुर खन्ना, गोविंद नगर।

 

इन बातों का रखें ध्यान 

  • अगर बीपी-शुगर के मरीज हैं, तो डाक्टर की सलाह पर दवा संशोधित कराएं।
  • अधिक मीठा व नमक खाने से बचें।
  • पर्याप्त नींद लें और स्क्रीन टाइम कम करें।
  • मार्निंग वाक के लिए घर के बाहर भोर में जाने से बचें।
  • घर पर ही योग व प्राणायाम करें।
  • संतुलित आहार लें और सात से आठ घंटे की नींद जरूर पूरी करें।

 

यह भी पढ़ें- रात में तेंदुआ, दिन में लकड़बग्घा! कानपुर के 12 गांवों में कर्फ्यू जैसे हालात, खेतों में सड़ रही गेंदा-गोभी की फसल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।