Kanpur Weather Update: कानपुर में इस दिन से बदल सकती है हवा की दिशा, खत्म होगा वर्षा का इन्तजार
कानपुर में तापमान में उतार चढ़ाव जारी है। नम हवा के कारण उमस भरी गर्मी हो रही है। ट्रफ रेखा राजस्थान मध्यप्रदेश उड़ीसा होते हुए बंगाल तक वर्षा करा रही है।12 जुलाई के बाद हवा की दिशा बदलने से फिर बादल घने हो सकते हैं और वर्षा हो सकती है।

कानपुर, जागरण संवाददाता। मानसूनी हवा का क्षेत्र बदलने से एक बार फिर लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। तापमान में उतार चढ़ाव का सिलसिला भी जारी है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री और न्यूनतम 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने 12 जुलाई तक इसी तरह का मौसम रहने की संभावना जताई है। इसके बाद हवा की दिशा बदलने से फिर बादल घने हो सकते हैं और वर्षा हो सकती है। तब तक कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पूर्वोत्तर अरब सागर व उससे सटे दक्षिण पाकिस्तान के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने से मानसून की ट्रफ रेखा उत्तर प्रदेश से नीचे खिसककर राजस्थान व मध्यप्रदेश में बन गई है। इसके कारण अरब सागर से नम हवा बादलों के रूप में राजस्थान, मध्यप्रदेश, उड़ीसा होते हुए पश्चिम बंगाल तक गुजर रही हैं और इन स्थानों पर वर्षा करा रही हैं। भारतीय मौसम विभाग ने फिलहाल 12 जुलाई तक वर्षा न होने की संभावना जताई है।
इस दौरान कुछ स्थानों पर बादल घने होने या निम्न दबाव का क्षेत्र बनने पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन इससे मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। कानपुर मंडल में बंगाल की खाड़ी से उत्तर पूर्वी नम हवा आ रही है, जो बीच-बीच में छिटपुट बूंदाबांदी या कभी-कभी हल्की वर्षा करा सकती हैं, लेकिन इससे कुछ देर के लिए ही गर्मी से राहत मिल सकती है। उत्तर पूर्वी हवा उमस को बढ़ाने का भी काम कर रही हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।