कानपुर: आंचल की मौत पर महिला आयोग गंभीर, पूछताछ में सूर्यांश ने दिखाया झगड़े वाला वीडियो
अशोक नगर में घर के अंदर पत्नी की मौत के बाद गिरफ्तार रसोई मसाला कारोबारी सूर्यांश खरबंदा और मां मनीषा से महिला आयोग की सदस्य ने पूछताछ की। उन्होंने दिवंगत आंचल के पिता भाई और मां से मिलकर ढांढस बंधाया और न्याय का भरोसा दिया।

कानपुर, जागरण संवाददाता। अशोक नगर स्थित ससुराल में पंखे के कुंडे से लटके मिले आंचल के शव को देखकर घरवालों ने हत्या का आरोप लगाया है, वहीं पुलिस के लिए मौत एक अनसुलझी गुत्थी बन गई है। घटना का उत्तर प्रदेश महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है और रविवार को आयोग की सदस्य पूनम कपूर ने नजीराबाद थाने में पुलिस से जानकारी हासिल की। इसके साथ ही आरोपित पति और उसकी मां से भी पूछताछ की और आंचल के मायके वालों से भी बातचीत की। उन्होंने घटनास्थल का भी निरीक्षण करके जायजा लिया। गमगीन माहौल में भैरव घाट पर आंचल का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर रविवार की सुबह करीब 11:00 बजे नजीराबाद थाने पहुंची। उन्होंने सबसे पहले एसीपी संतोष कुमार सिंह से घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद आरोपित पति सूर्यांश और उसकी मां मनीषा खरबंदा से लगभग डेढ़ घंटे तक थाने में पूछताछ की। सूर्यांश खरबंदा ने कुछ वीडियो महिला आयोग की सदस्य को दिखाए, जिसमें आंचल को उससे लड़ता दिखाया। उसने यह साबित करने की कोशिश की कि आंचल झगड़ालू प्रवृत्ति की थी और इसके चलते से उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। सूर्यांश और मनीषा ने बताया कि 12 नवंबर को वह अपने अशोक नगर स्थित घर पर नहीं थे बल्कि बेटी के घर पर रुके थे। सूर्यांश ने कहा कि आंचल अपने जेवर आग में डालने जा रही थी, जिसकी वजह से वह जेवर ले आया था।
आरोपितों से हुई बातचीत के बारे में पूछने पर महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर और एसीपी नजीराबाद का कहना है कि आरोपित अपने बचाव में तथ्य प्रस्तुत कर रहा है, जिसे जांच में शामिल कर लिया गया है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर आंचल झगड़ालू प्रवृत्ति की थी तो फिर घटना से चंद दिनों पहले उसने अपने पिता को व्हाट्सएप मैसेज क्यों किया था कि उसकी जान को खतरा है। महिला आयोग की सदस्य घटनास्थल पर भी पहुंची और जायजा लिया। यहां से वह पीड़ित परिवार से मिलने काकादेव स्थित आवास पर पहुंची। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और न्याय का भरोसा दिलाया। सुबह आंचल का शव भैरव घाट ले जाया गया, जहां भाई ने चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान रिश्तेदार व परिचित मौजूद रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।