UP Weather Update: अब साफ रहेगा आसमान और रात में गिरेगा तापमान, हिमालय पर पश्चिमी विक्षोभ के असर से बढ़ेगी ठंड
उत्तर प्रदेश में मौसम में बदलाव आना शुरू हो गया है आने वाले एक सप्ताह तक आसमान साफ रहने और रात में तापमान गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो आने वाले दिनों में हिमालय पर पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखने से सर्दी बढ़ेगी।

कानपुर, जागरण संवाददाता। हिमालय पर पश्चिमी विक्षोभ ने मंगलवार रात से अपना असर दिखाना शुरू कर सकता है। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड समेत पहाड़ी राज्यों पर बर्फबारी व वर्षा और गंगा के मैदानी क्षेत्रों में तापमान में कमी आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि मौसम विभाग ने विक्षोभ के ज्यादा सशक्त न होने के कारण दिन में धूप खिलने के भी आसार जताए हैं।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि रविवार को तापमान में मामूली गिरावट नजर आई। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा लेकिन, हिमालय पर आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर से आने वाले दिनों में तापमान में और कमी आने की संभावना है। हालांकि दिन में आसमान साफ रहेगा।
डा. पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ अक्टूबर और फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालय को सबसे ज्यादा प्रभावित करते हैं। हालांकि ये विक्षोभ पूरे वर्ष चलते हैं, लेकिन गर्मी के महीनों में वायुमंडल में ऊंचाई पर होते हैं। पश्चिमी हिमालय पर वर्षा और बर्फबारी विक्षोभ के प्रभाव के कारण होती है।
उन्होंने बताया कि इस बार पहला सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 18 अक्टूबर की रात पश्चिमी हिमालय में पहुंचेगा। इसके प्रभाव से 19 व 20 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख व उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में छिटपुट वर्षा हो सकती है। इसका असर कानपुर मंडल समेत गंगा के मैदानी क्षेत्रों में भी दिखाई दे सकता है। न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि व दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है।
कानपुर में मौसम पर एक नजर

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।