Kanpur News: अब घर की लक्ष्मी के नाम बढ़ेंगे घर-द्वार, महिलाओं के नाम प्रापर्टी खरीदने पर और ज्यादा मिलेगी छूट
उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को संपत्ति खरीद पर बड़ी राहत दी है। अब एक करोड़ तक की संपत्ति पर स्टांप शुल्क में एक प्रतिशत की छूट मिलेगी। पहले यह छूट 10 लाख तक की संपत्ति पर ही मिलती थी। इस फैसले से महिलाओं के नाम पर संपत्ति की रजिस्ट्री बढ़ने की उम्मीद है जिससे आधी आबादी के नाम आधी संपत्ति होने का लक्ष्य पूरा हो सकेगा।

आशुतोष मिश्र, जागरण, कानपुर। अब घर की लक्ष्मी के नाम घर-द्वार और बढ़ेंगे। इस समय 30-35 प्रतिशत घर, मकान, दुकान, फ्लैट और जमीन की रजिस्ट्रियां महिलाओं के नाम हो रही हैं। अभी महिलाओं को 10 लाख तक की प्रापर्टी खरीदने पर स्टांप में एक प्रतिशत की छूट मिलती है। अब महिलाओं के नाम एक करोड़ तक की प्रापर्टी खरीद पर एक प्रतिशत स्टांप शुल्क में छूट का प्रस्ताव प्रदेश सरकार ने कैबिनेट में पास कर दिया है। जल्द ही इसका शासनादेश लागू हो जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि इस फैसले से महिलाओं के नाम प्रापर्टी की खरीद और बढ़ेगी।
अभी इस तरह है छूट
दुकान, जमीन, मकान की कीमत सर्किल रेट के हिसाब से तय होती है। इस कीमत पर शहरी क्षेत्र में पुरुषों को सात और महिलाओं को 10 लाख तक की प्रापर्टी पर एक प्रतिशत छूट के साथ छह प्रतिशत स्टांप शुल्क देना होता है। 10 लाख से ऊपर की प्रापर्टी खरीदने पर महिलाओं को भी 10 लाख से ऊपर की धनराशि पर सात प्रतिशत स्टांप शुल्क देना होता है। घाटमपुर व बिल्हौर में पुरुषों को छह और महिलाओं के एक प्रतिशत छूट के साथ पांच प्रतिशत स्टांप शुल्क ही देना होता है।
आधी आबादी के नाम आधी प्रापर्टी की उम्मीद
अधिवक्ताओं के मुताबिक ज्यादातर फ्लैट, मकान और दुकान की कीमत 10 लाख से ज्यादा होती है। 10 लाख से ऊपर की प्रापर्टी पर महिलाओं को 10 हजार की छूट के अलावा पुरुषों की तरह ही स्टांप देना होता है। इस कारण अभी महिलाओं के नाम 30-35 प्रतिशत ही रजिस्ट्रियां हो रही हैं। कम छूट होने के कारण ज्यादातर लोग पत्नी के नाम प्रापर्टी न लेकर अपने नाम ही प्रापर्टी लेते हैं। अब एक करोड़ तक की प्रापर्टी पर एक प्रतिशत छूट मिलेगी। इस तरह एक लाख तक की छूट मिलने पर आधी आबादी (महिलाएं) के नाम कम से 50 प्रतिशत रजिस्ट्रियां होने की उम्मीद जताई जा रही है।
महिलाओं के नाम अभी रजिस्ट्रियों की स्थिति
- वर्ष 2024
- कुल-महिलाओं के नाम
- 80264- 24197
वर्ष 2025
- कुल-महिलाओं के नाम
- जनवरी-7683-2599
- फरवरी-7112-3294
- मार्च-7453-2426
- अप्रैल-8610-3006
- मई-8442-2905
- जून-8131-2680
एक करोड़ तक की प्रापर्टी खरीद पर महिलाओं को एक प्रतिशत छूट का शासनादेश जल्द आ जाएगा। यह शासनादेश लागू होने के बाद महिलाओं के नाम ज्यादा प्रापर्टी खरीद की उम्मीद है।
-श्याम सिंह विसेन, एआइजी स्टांप
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।