विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी रोडवेज में बुजुर्ग महिलाओं का मुफ्त सफर, आधार कार्ड अनिवार्य, एसी बसों में नहीं सुविधा

Published: Fri, 11 Sep 2026 07:58 PM (IST)

यूपी रोडवेज की बसों में बुजुर्ग महिलाओं के लिए मुफ्त सफर की सुविधा शुरू हुई है, लेकिन जानकारी के अभाव ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. बुजुर्ग महिलाओं के लिए यूपी रोडवेज में मुफ्त सफर की सुविधा।

  2. साधारण बसों में आधार कार्ड दिखाकर ही मुफ्त यात्रा संभव।

  3. वातानुकूलित बसों में यह मुफ्त यात्रा सुविधा लागू नहीं है।

जागरण संवाददाता, कानपुर। राजा जी पुरम लखनऊ की शकुंतला मिश्रा झकरकटी पहुंची। वह रक्षाबंधन में अपने मायके आई थीं, उसके बाद शुक्रवार को घर वापसी कर रही थीं। बस अड्डे के बाहर पुल के पास खड़ी वातानुकूलित बस में बैठ गईं। फिर टाटमिल चौराहे के आगे निकलते ही परिचालक ने उन्हें यह कहते हुए उतार दिया कि इस बस में मुफ्त में सफर करने की व्यवस्था नहीं है। इससे उन्होंने परिचालक को खूब खरी-खोटी सुनाई और जानकारी के अभाव में बोलीं कि जब बस में बुजुर्ग महिलाओं के लिए मुफ्त सफर की सुविधा नहीं है तो क्या मुख्यमंत्री ने फर्जी घोषणा कर रखी है।

ऐसे ही शुक्रवार को बस अड्डा और उसके बाहर बुजुर्ग महिलाओं के साथ कई वाकिया देखने को मिले। दरअसल, परिवहन निगम की बसों में 60 वर्ष या इससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए मुफ्त सफर की सुविधा शुरू हुई है। इस सुविधा के मामले में जानकारी के अभाव में कई महिलाएं परेशान हो रही हैं। मुफ्त सफर वाली सुविधा को लेकर बुजुर्ग महिलाओं में जागरूकता का अभाव देखा जा रहा है। मुफ्त सफर की सुविधा पता न होने से अभी बुजुर्ग महिलाएं आधार कार्ड या जन्मतिथि प्रमाणित करने वाले अन्य कोई दस्तावेज भी यात्रा के दौरान साथ लेकर नहीं चल रही हैं। इसलिए भी उन्हें किराया चुकाना पड़ रहा है।


11 दिनों में 9,238 महिलाओं ने रोडवेज में की फ्री यात्रा

साधारण बसों में बुजुर्ग महिलाओं के लिए मुफ्त सफर की सुविधा शुरू होने के दिन (31 अगस्त) दिन से 10 सितंबर, अर्थात 11 दिन में कानपुर परिक्षेत्र की बसों से 9,238 महिलाओं ने फ्री में यात्रा की है। परिचालक राम मोहन, आदित्य प्रकाश ने बताया कि बुजुर्ग महिलाओं के मुफ्त सफर वाली योजना से रोडवेज को लाभ हो रहा है। इन वृद्ध महिलाओं के चक्कर में उनके साथी यात्री भी रोडवेज बसों से यात्रा कर रहे हैं। इस कारण से यात्रियों की संख्या में दिन व दिन बढ़ोत्तरी हो रही है।


ये भी जानें

  • वातानुकूलित बसों में नहीं है मुफ्त सफर की सुविधा।
  • साधारण बसों में बुजुर्ग महिलाओं के पास आधार कार्ड होना जरूरी है।
  • आधार कार्ड से परिचालक बुजुर्ग महिला की आयु प्रमाणित करते हैं।


रोडवेज बसों में बुजुर्ग महिलाओं के मुफ्त सफर की सुविधा हमें नहीं पता है। इसीलिए आधार कार्ड भी साथ नहीं लाए हैं। लखनऊ जा रहे हैं।
- आशा मिश्रा, इंदिरानगर-लखनऊ


बुजुर्ग महिलाओं के लिए रोडवेज में मुफ्त सफर की सुविधा मिलने लगी है, पर ये व्यवस्था एसी बसों में भी हो जाए तो और ज्यादा बढ़िया है।
- पार्वती, कोथावां


रोडवेज बसों में बुजुर्ग महिलाओं को लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति यात्रा योजना के तहत मुफ्त सफर की सुविधा 31 अगस्त से दी गई है, लेकिन ये व्यवस्था वातानुकूलित बसों में नहीं है। साधारण बसों में 60 वर्ष या इससे अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त सफर कराया जा रहा है। इसके संबंध में उनकी तरफ से चालक-परिचालकों को निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
- महेश कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक-परिवहन निगम

 

यह भी पढ़ें- आज का कानपुर मंडी भाव 11 सितंबर: गेहूं, चावल, दाल और Gold-Silver Price

यह भी पढ़ें- Railways News: दीपावली-छठ के लिए Special Trains, कानपुर-गुजरात के लिए बढ़ाए गए ट्रेनों के फेरे भी