Railways News: दीपावली-छठ के लिए Special Trains, कानपुर-गुजरात के लिए बढ़ाए गए ट्रेनों के फेरे भी
उत्तर मध्य रेलवे ने त्योहारों में यात्रियों की सुविधा के लिए 13 जोड़ी विशेष ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे चलाने का ...और पढ़ें
-1789133112931_m.webp)
यह एक प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
उत्तर मध्य रेलवे ने 13 जोड़ी विशेष ट्रेनों के फेरे बढ़ाए
कानपुर-असारवा विशेष ट्रेन के नौ अतिरिक्त फेरे चलेंगे
प्रयागराज से मुंबई, गुजरात, इंदौर के लिए भी अतिरिक्त विकल्प
जागरण संवाददाता, कानपुर। त्योहार में घर जाने की तैयारी कर रहे रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। पूजा और त्योहारों में ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ के बीच उत्तर मध्य रेलवे ने 13 जोड़ी विशेष ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे चलाने का फैसला किया है। कानपुर सेंट्रल से असारवा (गुजरात) के बीच चलने वाली विशेष ट्रेन के नौ-नौ अतिरिक्त फेरे होंगे, जबकि प्रयागराज से उधना के बीच विशेष ट्रेन के 18-18 फेरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा मुंबई, गुजरात और इंदौर जाने वाले यात्रियों के लिए भी अतिरिक्त ट्रेनों का विकल्प मिलेगा।
कानपुर-असारवा ट्रेन के नौ अतिरिक्त फेरे
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डा. शिवम शर्मा ने बताया कि कानपुर सेंट्रल-असारवा-कानपुर सेंट्रल 01905/01906 साप्ताहिक विशेष ट्रेन के नौ अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। कानपुर से ट्रेन पांच अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार और असारवा से छह अक्टूबर से एक दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। वहीं असारवा से कानपुर आने वाली ट्रेन के समय में भी बदलाव किया गया है।
ये भी विशेष ट्रेन यात्रियों के लिए विकल्प
छह अक्टूबर से टूंडला में ट्रेन 3.50 से 3.55 बजे, फिरोजाबाद में 4.20 से 4.22 बजे और इटावा में 5.10 से 5.12 बजे रुकेगी। कानपुर सेंट्रल पर इसका आगमन सुबह सात बजे ही रहेगा। वहीं प्रयागराज से गुजरात जाने वाले यात्रियों के लिए 04105/04106 प्रयागराज-उधना विशेष ट्रेन अहम विकल्प होगी। प्रयागराज से यह ट्रेन एक अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और रविवार तथा उधना से दो अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को चलेगी। दोनों दिशाओं में 18-18 फेरे होंगे।
अब साबरमती तक जाएगी प्रयागराज एक्सप्रेस
प्रयागराज-गांधीग्राम के बीच चलने वाली 04111/04112 विशेष ट्रेन के गंतव्य में बदलाव किया गया है। अब यह ट्रेन 04179/04180 प्रयागराज-साबरमती के नाम से चलेगी। प्रयागराज से तीन अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार तथा साबरमती से चार अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार और बुधवार को इसका संचालन होगा। फतेहपुर और महेसाणा के बीच समय व ठहराव में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
मुंबई जाने वालों को भी अतिरिक्त विकल्प
सूबेदारगंज और प्रयागराज से मुंबई क्षेत्र के लिए भी अतिरिक्त ट्रेनें मिलेंगी। प्रयागराज-दादर 04139/04140 के नौ-नौ, जबकि सूबेदारगंज-दादर 04175/04176 के आठ-आठ अतिरिक्त फेरे होंगे। सूबेदारगंज-वलसाड की दो विशेष ट्रेनों के भी अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। इसी तरह सूबेदारगंज-इंदौर 04169/04170 के 17-17 और सूबेदारगंज-उधना 04155/04156 के 12-12 फेरे निर्धारित किए गए हैं। प्रयागराज-वेरावल 04173/04174 विशेष ट्रेन के नौ-नौ फेरे भी होंगे।
