Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP News: कानपुर में जमीन माफिया पर पुलिस शिकंजा, दीनू उपाध्याय का भतीजा और नारायण भदौरिया का भाई गिरफ्तार

    Updated: Fri, 27 Jun 2025 10:30 AM (IST)

    कानपुर पुलिस ने विवादित जमीनों पर कब्जे के गिरोह से जुड़े माफिया के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए दो प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच ने दीनू उपाध्याय के भतीजे मनु उपाध्याय को प्रयागराज से पकड़ा, जिस पर दस मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, दक्षिण जोन पुलिस ने नारायण भदौरिया के भाई दिनेश भदौरिया को भी गिरफ्तार किया।  

    Hero Image

    जागरण संवाददाता, कानपुर। विवादित जमीनों पर कब्जे के गिरोह से जुड़े माफिया के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। कमिश्नरेट पुलिस ने गुरुवार को दो चर्चित आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। 

    क्राइम ब्रांच और चकेरी पुलिस ने पिंटू सेंगर हत्याकांड के आरोपित और जेल में बंद दीनू उपाध्याय के भतीजे मनु उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया। दोपहर बाद कड़ी सुरक्षा में उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दूसरी ओर दक्षिण जोन की पुलिस ने नारायण भदौरिया के भाई दिनेश भदौरिया काे देर शाम गिरफ्तार कर लिया। पिछले लगभग डेढ़ महीना से पुलिस दीनू उपाध्याय गिरोह पर लगातार सख्ती बढ़ती जा रही है। गिरोह के सदस्यों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश डाली जा रही हैं। 

    इस समय मुख्य रूप से पुलिस नारायण सिंह भदौरिया, दीपक जादौन, दीनू के भाई संजय उपाध्याय और भतीजे मनु उपाध्याय के अलावा रचित पाठक अमन शुक्ला, अनूप शुक्ल की तलाश कर रही है। 

    पुलिस को कई दिनों बाद गिरोह के सदस्य मनु उपाध्याय को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। मनु उपाध्याय का नाम हाल ही में चकरी में मनोज गुप्ता द्वारा दर्ज कराए गए लूट और जमीन पर जबरन कब्जे के एक मामले में बढ़ाया गया था। पुलिस विशेष रूप से इसी मामले में दीनू के भतीजे मनु उपाध्याय की तलाश थी। 

    डीसीपी क्राइम एसएम कासिम आबिद ने बताया कि मनु उपाध्याय को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लाया गया है। वह पुरामुफ्ती थानाक्षेत्र के सल्लाहपुर में छिपा हुआ था। 

    ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि वह अपने खिलाफ दर्ज मुकदमों में राहत पाने के लिए प्रयागराज स्थित उच्च न्यायालय के चक्कर काट रहा था। पुलिस ने नवाबगंज निवासी मनु को गुरुवार दोपहर बाद कड़ी सुरक्षा में अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। 

    मनु उपाध्याय के खिलाफ विभिन्न थानों में इस समय दस मुकदमे दर्ज हैं। यह मुकदमे रंगदारी, बलवा, लूट, मारपीट, हत्या का प्रयास, धोखाधड़ी, कूटरचना आदि धाराओं में दर्ज हैं। 

    वहीं दूसरी ओर पुलिस ने गुरुवार देर शाम दीनू गिरोह के नारायण भदाैरिया के भाई दिनेश भदौरिया को गिरफ्तार कर लिया। 

    किदवई नगर एम ब्लाक निवासी भाजपा नेता अनूप तिवारी ने पिछले दिनों एक मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि वर्ष-1985 में उनके चाचा राज नारायन तिवारी ने प्रकाश कारपोरेटिंग सोसाइटी लिमिटेड हंसपुरम के सचिव पुतान सिंह से बूढ़पुर मछरिया में चार प्लाट खरीदे थे। 

    गुरसहायगंज में चाचा-चाची के शिक्षक होने पर जमीन की देखरेख की जिम्मेदारी उनकी थी। उन्हाेंने बाउंड्री वाल बनवा कर गेट लगवा दिया। पांच सितंंबर 2020 की शाम उन्हें सूचना मिली की कुछ दबंग उनकी जमीन पर कब्जा करने की नियत से दीवार गिरा रहे हैं। उन लोगों ने गेट पर अपना नाम लिखकर कब्जा करने का प्रयास भी किया। 

    उन्हाेंने दिल्ली निवासी ओएसडी पद पर तैनात चचेरे भाई को सूचना दी, तो उन्होंने वहीं से आईजीआरएस के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। इस मामले में पुलिस ने नारायण सिंह भदौरिया, संजीव राणा, दिनेश भदौरिया समेत एक दर्जन लोगों को आरोपित बनाया था। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि दिनेश को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।