हर थाने में होगा किन्नर सुरक्षा सेल का गठन, बोर्ड की सदस्य बोलीं- समाज की समस्याओं के लिए सरकार संवेदनशील
किन्नर समाज की समस्याओं के निराकरण के लिए जल्द ही प्रदेश के प्रत्येक थाने में किन्नर सुरक्षा सेल का गठन किया जा सकता है। इसके संकेत खुद उप्र किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य कौशल्या नंद गिरी ने दिए हैं। किन्नर समाज की कई समस्याओं को दूर किया जा सकेगा।

कानपुर, जागरण संवाददाता। किन्नरों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक थाने में किन्नर सुरक्षा सेल का गठन किया जाएगा। सर्किट हाउस में उप्र किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य कौशल्या नंद गिरी ने यह बात कही। उनकी अध्यक्षता में किन्नर समाज की समस्याओं व उनके कल्याण हेतु एक बैठक हुई। जिसमें उन्होंने कहा कि सरकार किन्नर समाज के कल्याण के लिए संवेदनशील है। इसी को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश किन्नर कल्याण बोर्ड का गठन किया गया है।
उन्होंने कहा किन्नर समाज के कल्याण के लिए जनपद में डेरा का चिन्हांकन किया जाएगा उसके पश्चात गणना करायी जाएगी। जिला अस्पताल में किन्नरों के लिए अलग से वार्ड विकसित करने की बात उन्होंने कही। बैठक में अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी सुभा मिश्रा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
आपस में तकरार के भी आते हैं मामले
किन्नराें से जुड़ी समस्याएं कई बार आपने सुनी होंगी। कई बार तो किन्नर सीमा विवाद को लेकर आपस में ही भिड़ जाते हैं। ऐसे में जब पुलिस पहुंचती है तो वह भी उनके बीच सुलाह-समझाैता कराने में असफल हो जाती है। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए थाने में किन्नर सुरक्षा सेल का गठन करने की शुरुआत की जा सकती है। इससे किन्नरों के विवाद व उनकी समस्याओं का निराकरण कराने में तेजी आएगी। कानपुर में कई बार फर्जी किन्नर भी विवाद की जड़ बन जाते हैं। सरकार ऐसे मामलों को लेकर संवेदनशील है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।