UP IAS Transffer: एस. राजलिंगम होंगे कानपुर के नए मंडलायुक्त, के. विजयेन्द्र पांडियन का वाराणसी तबादला
उत्तर प्रदेश में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत कानपुर के मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन का वाराणसी तबादला कर दिया गया ...और पढ़ें

मंडलायुक्त एस. राजलिंगम व के. विजयेन्द्र पांडियन।
HighLights
के. विजयेन्द्र पांडियन का कानपुर से वाराणसी तबादला हुआ।
एस. राजलिंगम कानपुर के नए मंडलायुक्त नियुक्त किए गए।
डॉ. बलकार सिंह और रविकुमार एनजी का भी स्थानांतरण हुआ।
जागरण संवाददाता, कानपुर। यूपी में शासन ने सोमवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कानपुर मंडल के मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन का स्थानांतरण वाराणसी कर दिया। उनके स्थान पर वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम को कानपुर का नया मंडलायुक्त बनाया गया है।
के. विजयेन्द्र पांडियन ने नौ जनवरी 2025 को कानपुर मंडलायुक्त का पदभार संभाला था। इससे पहले 28 अगस्त 2024 को उन्हें उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय में आयुक्त एवं निदेशक तथा यूपी राज्य वस्त्र निगम लिमिटेड, कानपुर का प्रबंध निदेशक नियुक्त थे। बाद में उन्हें मंडलायुक्त की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी।
वहीं, आइएएस डा. बलकार सिंह का भी स्थानांतरण कर दिया गया है। अगस्त 2026 में उन्हें उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) की जिम्मेदारी मिली थी। पांच अगस्त को पदभार ग्रहण करने के करीब ढाई माह बाद ही उन्हें ग्रेटर नोएडा का सीईओ, स्थानीय आयुक्त और आयुक्त एनसीआर नियुक्त कर दिया गया।
उनके स्थान पर रविकुमार एनजी को यूपीसीडा का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें आयुक्त एवं निदेशक उद्योग तथा हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
श्रमायुक्त सौम्या अग्रवाल को प्रबंध निदेशक वस्त्र निगम, स्टेट यार्न और सहकारी कताई मिल संघ लिमिटेड के साथ ही मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यूपी टेक्सटाइल्स एवं अपैरल पार्क औद्योगिक विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।
यह भी पढ़ें- कानपुर मेल को हरी झंडी, 20 कोच लेकर चलेगी, जानें पूरा शेड्यूल