UP में पहली बार बेबी गेम्स, ग्रीन पार्क में 25 खेलों में उतरेंगे 3 से साढ़े साल उम्र के प्रतिभागी बच्चे
उत्तर प्रदेश में पहली बार 5 से 9 अक्टूबर तक कानपुर के ग्रीन पार्क में बेबी गेम्स का आयोजन होगा। ...और पढ़ें

HighLights
प्रदेश में पहली बार कानपुर में बेबी गेम्स का आयोजन
3 से साढ़े 8 साल के बच्चे 25 खेलों में लेंगे हिस्सा
मिशन 2036 ओलंपिक के लिए भविष्य के खिलाड़ी तैयार होंगे
जागरण संवाददाता, कानपुर। भविष्य के खिलाड़ियों की नींव को मजबूत करने के लिए पांच से नौ अक्टूबर तक ग्रीन पार्क स्टेडियम में प्रदेश का पहला बेबी गेम्स खेला जाएगा। इसमें प्रदेश भर के तीन से साढ़े आठ वर्ष के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। स्कूली स्तर पर खिलाड़ियों को मिशन 2036 के लिए तैयार करने के उद्देश्य से गेम्स का आयोजन किया जा रहा है।
इसमें एथलेटिक्स, फुटबाल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, साइकिलिंग, स्केटिंग, कराटे, योग, आर्चरी, जूडो, जिम्नास्टिक, ताइक्वांडो, तैराकी, हैंडबाल, बाक्सिंग, रस्साकस्सी, वेटलिफ्टिंग, मिनी गोल्फ, बास्केटबाल, क्रिकेट, वालीबाल समेत 25 खेल स्पर्धा में जूनियर का हुनर परखा जाएगा।
कानपुर ओलिंपिक एसोसिएशन की ओर से आयोजित होने वाले गेम्स में प्रतिभागी तीन से साढ़े चार वर्ष, साढ़े चार से साढ़े छह वर्ष व साढ़े छह से साढ़े आठ वर्ष के वर्ग में खेलेंगे। इसमें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर जूनियर खिलाड़ियों को मिशन 2036 ओलिंपिक के लिए तैयार किया जाएगा। बेबी गेम्स के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को उनके चुनिंदा खेल में विशेष प्रशिक्षण देकर मंच तक पहुंचाने की योजना है।
ओलिंपिक संघ के रजत आदित्य दीक्षित ने बताया कि बच्चों में खेल प्रतिभा को प्रारंभिक स्तर पर पहचानने, उन्हें खेलों से जोड़ने तथा भविष्य के ओलिंपिक खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए बेबी गेम्स कराए जा रहे हैं। ग्रीन पार्क में 25 खेल स्पर्धा का आयोजन किया जाएगा। बेबी गेम्स 2026 के लिए आनलाइन पंजीकरण की शुरुआत हो चुकी है। बेबी गेम्स 2026 का शुभांकर गज्जू भैया को बनाया गया है। जो विभिन्न विद्यालयों में जाकर बच्चों को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करेगा।
