कानपुर से दिल्ली के लिए रात में चलेगी एक और ट्रेन, जानें टाइमिंग और किन स्टेशनों में रहेगा स्टापेज
रेलवे बोर्ड ने कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई दैनिक रात्रिकालीन ट्रेन सेवा को मंजूरी दी है, ...और पढ़ें

यह एक प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
कानपुर-आनंद विहार के बीच नई दैनिक रात्रिकालीन ट्रेन सेवा स्वीकृत
दीपावली-छठ पूजा हेतु कानपुर-उधना साप्ताहिक त्योहार स्पेशल ट्रेन
गोरखपुर-गोंडा कार्य से 26 सितंबर को चार ट्रेनों का मार्ग बदला
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर और दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे बोर्ड ने कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई दैनिक रात्रिकालीन ट्रेन सेवा को स्वीकृति दी है। 14153/14154 नंबर की कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार टर्मिनल-कानपुर सेंट्रल मेल रोज चलेगी। श्रमशक्ति दिल्ली के बाद से ये दूसरी ट्रेन है, जो रात में कानपुर से आनंद विहार जाएगी।
सेंट्रल से रात 8:40 बजे रवाना होने वाली 14153 कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार मेल अगले दिन सुबह 4:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वापसी में 14154 आनंद विहार-कानपुर सेंट्रल मेल रात 11:25 बजे आनंद विहार से चलेगी और सुबह 7:25 बजे कानपुर पहुंचेगी। हालांकि अभी इसके चलने की तारीख नहीं घोषित की गई है। नई ट्रेन का सबसे बड़ा फायदा कानपुर के साथ फफूंद, इटावा, फिरोजाबाद, टूंडला, हाथरस और अलीगढ़ के यात्रियों को मिलेगा। ट्रेन फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद में ठहरेगी।
लंबे समय से कानपुर से दिल्ली तक रात सेवा के लिए ट्रेन की मांग हो रही थी। नई ट्रेन से कानपुर के अलावा आसपास के जिले के लोगों को भी फायदा मिलेगा। अधिसूचना आने के बाद ही ट्रेन की संचालन की तिथि की घोषणा की जा सकेगी।
डा. शिवम शर्मा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज
सूरत के लिए साप्ताहिक उधना त्योहार स्पेशल ट्रेन
दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए रेलवे ने कानपुर सेंट्रल और उधना (सूरत) के बीच साप्ताहिक त्योहार स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के सीपीआरओ डा. शिवम शर्मा ने बताया कि ट्रेन नंबर 04167/04168 कानपुर-उधना साप्ताहिक त्योहार स्पेशल ट्रेन दो अक्टूबर से 28 नवंबर तक कुल नौ फेरे लेगी। ट्रेन नंबर 04167 कानपुर सेंट्रल-उधना प्रत्येक शुक्रवार को रात 10 बजे कानपुर से निकलेगी व शनिवार रात 9:40 बजे उधना पहुंचेगी।
04168 उधना-कानपुर सेंट्रल प्रत्येक शनिवार रात 11:25 बजे उधना से चलेगी और रविवार रात 10:10 बजे कानपुर पहुंचेगी। ट्रेन झींझक, फफूंद, इटावा, टूंडला, ईदगाह, फतेहपुर सीकरी, बयाना, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रतलाम और वडोदरा समेत प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। इसमें एसी द्वितीय का एक, एसी तृतीय के चार, स्लीपर के नौ व सामान्य श्रेणी के आठ कोच लगाए जाएंगे।
वहीं, 26 सितंबर को बदले मार्ग से चलेंगी चार ट्रेनें
गोरखपुर-गोंडा रेलखंड में आटोमेटिक सिग्नलिंग कार्य के लिए नान इंटरलाकिंग (एनआइ) कार्य के चलते कानपुर सेंट्रल से गुजरने वाली चार ट्रेनों का मार्ग बदला गया है। 26 सितंबर को बरौनी और दरभंगा से नई दिल्ली तथा नई दिल्ली से दरभंगा और बरौनी जाने वाली ट्रेनें गोरखपुर के बजाय छपरा-बनारस-प्रयागराज होते हुए कानपुर सेंट्रल से चलेंगी। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डा. शिवम शर्मा ने बताया कि ट्रेन नंबर 02563 बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल, 02570 नई दिल्ली–दरभंगा स्पेशल, 02564 नई दिल्ली–बरौनी स्पेशल व 02569 दरभंगा–नई दिल्ली स्पेशल का सीवान, देवरिया सदर, गोरखपुर, बस्ती और ऐशबाग में ठहराव निरस्त रहेगा।्र
