UP Politics: हर पीड़ित ही PDA है, 2027 चुनाव से बदलाव की शुरुआत होगी'... Kanpur सपा जिलाध्यक्ष ने बताया अपना एजेंडा
कानपुर सपा जिलाध्यक्ष फजल महमूद ने 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति बताई, जिसमें बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करना और ...और पढ़ें

सपा महानगर जिलाध्यक्ष फ़ज़ल महमूद। जागरण
HighLights
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करना सपा की प्राथमिकता।
हर पीड़ित व्यक्ति को पीडीए का हिस्सा मानती है पार्टी।
युवाओं, महिलाओं, किसानों के मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी सपा।
जागरण संवाददाता, कानपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों ने राजनीतिक दलों की सक्रियता तेज कर दी है। समाजवादी पार्टी भी बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की अवधारणा को व्यापक रूप देने और रोजगार, किसान, महिला व कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों के साथ चुनावी मैदान में उतरने की रणनीति पर काम कर रही है।
पार्टी के जिलाध्यक्ष फजल महमूद का कहना है कि सपा जनता के बीच अपने पिछले कार्यकाल के कामकाज और मौजूदा सरकार के मुद्दों को लेकर जाएगी। विधानसभा चुनाव की तैयारियों, उम्मीदवार चयन, संगठन और चुनावी रणनीति पर संवाददाता अमन तिवारी की उनसे हुई बातचीत के प्रमुख अंश—
- सवाल : विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारी क्या है? बूथ स्तर पर क्या काम हो रहा है और पीडीए फार्मूला क्या है?
- जवाब : मैं संगठन का आदमी हूं और चुनाव का अनुभव भी रखता हूं। हमने बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत किया है। हमारी नजर में हर वह व्यक्ति पीडीए है जो किसी न किसी रूप में पीड़ित है, चाहे वह किसी भी धर्म या जाति का हो। दलित हों या ब्राह्मण, सभी वर्ग आज परेशान हैं।
- सवाल : संभावित उम्मीदवारों के चयन का आधार क्या होगा?
- जवाब : राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी जिलाध्यक्षों से प्रत्येक विधानसभा सीट के लिए तीन-तीन नाम मांगे थे। हमने भी नाम भेज दिए हैं। अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा।
- सवाल : युवाओं, महिलाओं और पुराने कार्यकर्ताओं को साथ जोड़ने की क्या रणनीति है?
- जवाब : हमारी सरकार ने युवाओं को लैपटॉप, कन्या विद्याधन और बेरोजगारी भत्ता जैसी योजनाएं दी थीं। इस बार सरकार बनने पर महिलाओं को 40 हजार रुपये वार्षिक सहायता देने का वादा किया गया है, जिसमें हर साल बढ़ोतरी होगी। टिकट घोषित होने के बाद सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर प्रत्याशी को जिताने में जुटेंगे।
- सवाल : किसान, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और मतदाता सूची जैसे मुद्दों पर पार्टी क्या करेगी?
- जवाब : मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर हमने लगातार धरना-प्रदर्शन किया है। अब भी कार्यकर्ता गांव-गांव और मोहल्लों में जाकर लोगों को मतदाता सूची के प्रति जागरूक कर रहे हैं। जनता के मुद्दों को लगातार उठाया जाएगा।
- सवाल : विरोधियों के प्रचार और पिछले कार्यकाल पर उठने वाले सवालों का जवाब कैसे देंगे?
- जवाब : हम आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति पर ज्यादा ध्यान नहीं देते। जनता ने हमारे काम देखे हैं और हम उन्हीं उपलब्धियों को लेकर लोगों के बीच जा रहे हैं। हमारा मानना है कि जवाब जनता स्वयं देगी।
- सवाल : सहयोगी दलों और संभावित गठबंधन को लेकर क्या रणनीति है?
- जवाब : पार्टी नेतृत्व जो निर्णय करेगा, उसी के अनुसार सभी मिलकर काम करेंगे। 2024 का चुनाव भी हमने सहयोगी दलों के साथ मिलकर लड़ा था, इसलिए तालमेल को लेकर किसी प्रकार की समस्या नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।