Block Pramukh Chunav 2021: यहां देखें कानपुर और आसपास जिलों का अपडेट परिणाम
UP Block Pramukh Chunav Result ब्लाक प्रमुख पद के लिए कानपुर नगर देहात फतेहपुर कन्नौज महोबा इटावा औरैया हमीरपुर के विकास खंडों में मतदान हुआ। संवेदनशीलता को देखते हुए सभी जगह मतदान केंद्रों पर पुलिस फोर्स तैनात किया गया है और अफसर लगातर निगरानी करते रहे।

कानपुर, जेएनएन। कानपुर समेत आसपास के जिलों में ब्लाक प्रमुख पदों के शनिवार पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू मतदान के बाद अब परिणाम आना शुरू हो गए हैं। कानपुर नगर में चौबेपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी राजेश शुक्ला ने जीत दर्ज की है। वहीं कानपुर देहात की अमरौध सीट से भाजपा विधायक की पत्नी प्रमिला जीत गई हैं। सुबह से ही बीडीसी सदस्यों का मतदेय स्थल पर वोट डालने के लिए पहुंचना शुरू हो गया था और तीन बजे तक मतदान पूरा हो गया। प्रत्याशी अपने समर्थक सदस्यों के साथ वोट डालने के लिए पहुंचे थे। सभी जगह स्थिति नियंत्रण में रहीं लेकिन हमीरपुर, कानपुर देहात और इटावा में हिंसात्मक घटनाएं हुई हैं। कानपुर नगर, कानपुर देहात, फतेहपुर, कन्नौज, महोबा, इटावा, औरैया, हमीरपुर और उन्नाव के विकास खंडों में पुलिस बल की निगरानी में मतदान संपन्न कराया गया है।
कानपुर नगर : चौबेपुर ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव में सुबह से गहमा गहमी के बीच आखिर भाजपा समर्थित प्रत्याशी को जीत मिल गई है। भाजपा प्रत्याशी राजेश शुक्ला को 41 वोट मिले है, जबकि प्रतिद्वंद्वी सपा के अनुभव शुक्ला को 25 वोट मिले। यहां चार मत अवैध घोषित किए गए हैं। बिल्हौर में भाजपा की प्रत्याशी मनोरमा 56 वोट पाकर जीत गई हैं, सपा की प्रत्याशी कमला देवी को मिले 21 वोट और तीन मत अवैध घोषित हुए हैं। भीतरगांव में भाजपा प्रत्याशी अशोक सचान दस मतों से विजयी हुए हैं। पतारा में सपा प्रत्याशी कोमल सिंह ने 37 वोट लेकर जीत दर्ज की है, यहां भाजपा प्रत्याशी मनोज भदौरिया की तीन वोटों से हार हुई है। ककवन में सपा की प्रत्याशी किरण लता विजयी रही हैं, उन्हें 28 वोट मिले और भाजपा प्रत्याशी नीलम कुशवाहा को 4 मत मिले हैं।
चौबेपुर, भीतरगांव, पतारा, बिल्हौर और ककवन ब्लाक के प्रमुख पद को लेकर भाजपा और सपा के बीच मुकाबला है। चौबेपुर में सपा भाजपा समर्थकों द्वारा नारेबाजी करने पर पुलिस ने लाठियां पटक कर खदेड़ दिया। यहां सपा के पूर्व विधायक मुनीन्द्र शुक्ला के भतीजे अनुभव शुक्ला और भाजपा समर्थित प्रत्याशी के बीच मुकाबला है। बिधनू, शिवराजपुर, घाटमपुर और कल्याणपुर में भाजपा के उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। भाजपा ने बाकी छह सीटों पर भी जीत का दावा किया है। सभी जगह शांतिपूर्ण माहौल में मतदान हो रहा है। पतारा में घाटमपुर मेंपतारा में ब्लाक प्रमुख पद पर सपा प्रत्याशी कोमल सिंह तो भीतरगांव में भाजपा प्रत्याशी अशोक सचान ने जीत हासिल की है। पतारा में भाजपा प्रत्याशी मनोज भदौरिया को तीन वोटों से हार झेलनी पड़ी।
पतारा में सपा प्रत्याशी कोमल सेंगर को 37 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी मनोज भदौरिया 34 वोट पाकर तीन वोटों से हार गए। यहां कुल 75 बीडीसी हैं। चार वोट अनवैलिड हुए। यहां एक अनवैलिड वोट हिरनी से बीडीसी उप्र महिला कांग्रेस कमेटी की प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता सेंगर का था। उन्होंने एक दिन पहले ही चुनावों में धांधली का आरोप लगाकर नोटा पर वोट डालने को कहा था। भीतरगांव में भाजपा प्रत्याशी अशोक सचान की दस वोटों से जीत हुई है, उन्हें 48 वोट मिले हैं। यहां सपा प्रत्याशी शिवकरण यादव को 38 वोट मिले। तीन वोट अनवैलिड रहे।
शनिवार को पतारा ब्लाक कार्यालय में चल रहे चुनावों में एक बार गहमागहमी की भी नौबत आई। यहां वोट डालने पहुंचे पतारा से बीडीसी राकेश, भदौली से गुड्डन और नंदना से सीमा के पास बीडीसी जीत का प्रमाण पत्र नहीं था। जिसके चलते इनके वोट डलवाने से मना कर दिए गए। इस पर सपाइयों ने हंगमा किया। वे बैरीकेडिंग के पास पहुंच गए। इसके बाद इन लोगों का वोट आधार कार्ड के जरिए डलवाया गया। बताया गया कि इन बीडीसी के प्रमाण पत्र किसी दूसरे प्रत्याशी के पास जमा थे।
कानपुर देहात : भाेगनीपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक की पत्नी प्रमिला कटियार ने अमरौध ब्लाक प्रमुख पद पर जीत हासिल कर ली है। प्रमिला को 45 मत मिले हैं, जबकि प्रतिद्वंद्वी सपा समर्थित प्रत्याशी राजेश्वरी को 23 वोट मिले हैं। वहीं आठ मत अवैध घोषित कर दिए गए। सरवनखेड़ा क्षेत्र में दो प्रत्याशी के समर्थकों के बीच हवाई फायरिंग के साथ वाहनों में तोड़फोड़ से तनाव का माहौल बन गया है। सरवनखेड़ा ब्लाक में उर्वशी चंदेल व भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी की भाभी निर्दलीय प्रत्याशी उपमा त्रिवेदी आमने सामने हैं। मतदान के समय दोपहर में उर्वशी पक्ष के लोगों ने उपमा के समर्थकों पर मतदान केंद्र तक जाने के दौरान धमकाने का आरोप लगाया। दोनों तरफ से लोग एकजुट हो गए और फायरिंग शुरू हो गई। एक दूसरे के वाहनों को भी डंडा व ईंट मारकर तोड़ दिया गया। पुलिस बल ने लाठी लेकर खदेड़ा तो सभी भाग निकले। डीएम जेपी सिंह व एसपी केशव कुमार चौधरी भी पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। मौके पर पुलिस फोर्स लेकर अफसर पहुंच गए हैं। जिले में 10 ब्लाकों में प्रमुख पद के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया। संदलपुर व झींझक के अलावा रसूलाबाद में पुलिस बल अधिक रखा गया है क्योंकि यहां नामांकन के समय हंगामा हो चुका है। प्रेक्षक जगदीश प्रसाद ने अधिकारियों के साथ मतदान स्थल का निरीक्षण किया। सरवनखेड़ा सीट पर निर्दलीयों के बीच कड़ा मुकाबला है तो अमरौधा में विधायक विनोद कटियार की पत्नी प्रमिला की सपा समर्थित प्रत्याशी से टक्कर है।
फतेहपुर : भिटौरा ब्लाक से भाजपा प्रत्याशी अमित तिवारी ने 90 मत पाकर एकतरफा जीत हासिल की है, यहां सपा प्रत्याशी रेनू सिंह को मात्र सात वोट हासिल हुए। हथगाम सीट पर भाजपा प्रत्याशी रामा देवी शास्त्री 67 मत प्राप्त करके विजेता बन गई हैं, वहीं प्रतिद्वंदी सपा प्रत्याशी कृष्णकुमार उर्फ रूक्कू सिंह को 27 वोट ही मिले।
ब्लाक प्रमुख के चुनाव के लिए सुबह 11 बजे से मतदान शुरू हो गया। जिले के बारह विकास खंडों में ब्लाक प्रमुख पद के लिए 27 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। सभी विकास खंडों में भाजपा व सपा उम्मीदवारों के बीच सीधी टक्कर है। नामांकन में हुए बवाल को लेकर मतदान व मतगणना में प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। ड्रोन कैमरे से निगरानी के साथ मुख्य गेट से केवल मतदाता बीडीसी को ही प्रवेश दिया जा रहा है।अतिसंवेदनशील ब्लाक तेलियानी, विजयीपुर, हथगाम, खजुहा व धाता में अतिरिक्त फोर्स लगाया गया है। जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे, पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने मतदान के पहले ही सभी ब्लाकों में जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। विकास खंड बहुआ व असोथर में साढ़े ग्यारह बजे तक मात्र तीन मतदाता वोट डालने गए। माना जा रहा है कि दोपहर बाद सदस्य एक साथ वोट डालने के लिए प्रवेश करेंगे। हथगाम ब्लाक प्रमुख पद में भाजपा प्रत्याशी रामा देवी शास्त्री 67 मत प्राप्त करके बनीं विजेता। घोषणा होना बाकी। प्रतिद्वंदी सपा प्रत्याशी कृष्णकुमार उर्फ रूक्कू सिंह को 27 वोट ही मिले। खास बात रही कि यहां एक भी वोट अवैध नहीं मिला। समर्थकों ने भाजपा व प्रत्याशी जिंदाबाद के नारे लगाकर किया अपनी खुशी का इजहार। पुलिस ने ब्लाक मुख्यालय के बाहर बढ़ाई सख्ती।
2 सीटों पर भाजपा व एक सीट पर सपा जीती : ब्लाक प्रमुख चुनाव में भाजपा ने सहयोगी अपनादल के साथ मिलकर शानदार प्रदर्शन किया। शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच हुए मतदान व मतगणना के बाद परिणाम घोषित हुआ तो भाजपा को एकतरफा जीत हासिल हुई। अमौली ब्लाक से कारागारी राज्यमंत्री जयकुमार जैकी की पत्नी सुशीला सिंह, ऐराया से खाद्य एवं रसद मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह के पुत्र अनुज प्रताप सिंह को निर्विरोध निर्वाचित हुुए, इसके अलावा अन्य दस विकासखंडों में ब्लाक प्रमुख का पद भाजपा की झोली में गया। कभी सपा का गढ़ कहा जाने वाले विकास खंड विजयीपुर से सपा साफ हो गई। सपा को केवल धाता विकास खंड से ही जीत हासिल हुई।
इटावा : जनपद में नामांकन से लेकर मतदान तक हिंसा-फायरिंग के मध्य सपा ने चार तथा प्रसपा ने तीन ब्लाक प्रमुख जीत लिए हैं जबकि भाजपा को एक सीट मिली है। उथल-पुथल के माहौल में ब्लाक बढ़पुरा में मतदान के दौरान फायरिंग तथा एएससी सिटी के थप्पड़ मारे जाने के बावजूद सपा और भाजपा को बराबर-बराबर मत मिले, लाटरी निकलने पर भाजपा प्रत्याशी गणेश राजपूत को विजयी घोषित किया गया।
बांदा : जसपुरा ब्लाक से भाजपा की राजकुमारी निषाद ने 48 वोट लेकर जीत हासिल की है। सपा प्रत्याशी को तीन वोट मिले, जबकि दो मत अवैध घोषित कर दिए गए।
कन्नौज : आठ ब्लाकों में छह सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन के बाद उमर्दा और गुगरापुर ब्लाक में मतदान हो रहा है। दोनों ब्लाकों में सपा और भाजपा प्रत्याशियों में सीधा मुकाबला है। सुरक्षा की दृष्टि से ड्रोन से निगरानी की जा रही है। शनिवार सुबह डीएम राकेश कुमार मिश्र और एसपी प्रशांत कुमार वर्मा उमर्दा ब्लाक में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उमर्दा में भाजपा से अजय वर्मा व उनकी पत्नी ज्योतिष्ना वर्मा हैं तो दूसरी ओर सपा से अनुराधा देवी व उनके समर्थक प्रीतमा का नामांकन दाखिल हुआ था। यहां 145 क्षेत्र पंचायत सदस्य वोटिंग करेंगे, जबकि गुगरापुर में 33 सदस्य मतदान करेंगे। गुगरापुर में भाजपा समर्थित प्रत्याशी संदीप चतुर्वेदी और समाजवादी पार्टी से प्रत्याशी इसरार खान चुनाव मैदान में हैं।
महोबा : जिले की चार ब्लाक प्रमुख सीटों में कबरई और चरखारी में शांतिपूर्ण मतदान जारी है। चरखारी में 57 व कबरई में 130 सदस्यों को ब्लाक प्रमुख चुनना है। कबरई में सपा से वैभव सिंह व निर्दल प्रत्याशी राजू सिंह, रामबालक पांडेय व प्रभात पाठक मैदान में है। चरखारी में सपा से प्रवेश कुमारी व भाजपा की सीमा कुशवाहा में सीधी टक्कर है। पनवाड़ी में भाजपा से अंजना अनुरागी व जैतपुर में संदीप राजपूत निर्विरोध निर्वाचित हो चुके है। कबरई और चरखारी में मतदान केंद्रों पर पुलिस का पहरा है। प्रेक्षक अमरनाथ, जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार व एसपी सुधा सिंह भी मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। कबरई ब्लाक से निर्दलीय उम्मीदवार राजू सिंह विजयी रहे, इनको 73 वोट मिले, इनके मुकाबले निर्दलीय प्रभात पाठक को 51 वोट मिले।वहीं चरखारी ब्लाक में भाजपा से सीमा कुशवाहा विजयी रहीं, इन्हें 28 वोट मिले, वहीं सपा से प्रवेश कुमारी 25 वोट मिले। जिले में चार ब्लाकों में पनवाड़ी और जैतपुर में पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। यहां दोनों सीटें भाजपा को मिल चुकी हैं।
हमीरपुर :ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव में मौदहा से सुशीला देवी, मुस्करा से वीरनारायण राजपूत निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं कुरारा से आशीष पालीवाल, सरीला से चंद्रिका देवी, राठ से रामदुलारी व गोहांड से अरविंद कुमार राजपूत ने जीत दर्ज की। वहीं सुमेरपुर में सपा-भाजपा कार्यकर्ताओं की बीच हुई झड़प के बाद सपा समर्थित प्रत्याशी जयनारायन सिंह यादव ने भाजपा की पूजा सिंह से दस मतों से विजय प्राप्त की। इस दौरान स्कार्पियो समेत वाहन क्षतिग्रस्त हुए। वहीं सपा प्रत्याशी के बीडीसी भाई राजनारायन के सिर में चोटें आई।
जालौन : जनपद के चार ब्लाकों में ब्लाक प्रमुख पद का चुनाव शनिवार सुबह 11 बजे से शुरू हो गया है। पांच ब्लाकों डकोर, कदौरा,जालौन, नदी गांव, काेंच में निर्विरोध निवार्चन के बाद चार ब्लाकों में कुठौंध, रामपुरा, माधौगढ़, महेबा में चुनाव कराए जारहे हैं। शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने के लिए चाक चौबंद व्यवस्था की गई है।
नौ ब्लाकों में छह पर भाजपा का कब्जा, तीन निर्दलीय : जिले के पांच ब्लाकों में निर्विरोध प्रत्याशियों की जीत के बाद शनिवार को चुनाव मैदान में भी भाजपा का दबदबा रहा। चार ब्लाकों के हुए चुनाव में भाजपा को दो सीटें मिलीं जब कि दो सीटें निर्दलीयों के खाते में गईं हैं। इस तरह से जिले के नौ ब्लाकों में छह सीटों पर भाजपा का दबदबा कायम रहा है। माधौगढ़ में मामूली कहासुनी को छोड़ दिया जाए तो चुनाव शांतपूर्ण रहा।
औरैया : शनिवार को पांच ब्लाक में ब्लाक प्रमुख के चुनाव हुए। इसमें बिधूना, अछल्दा, सहार व अजीतमल ब्लाक में भाजपा का कब्जा रहा। बिधूना में भाजपा प्रत्याशी गीता सेंगर व सपा प्रत्याशी रचना सेंगर के बीच कांटे की टक्कर रही। 42 वोट गीता को मिले तो 41 वोट रचना को। एक वोट से गीता सेंगर ने जीत हासिल की। अछल्दा ब्लाक प्रमुख की सीट भाजपा के खाते में 55 वोट पाकर शरद राणा विजयी हुए। यहां सपा के प्रशांत यादव को 24 वोट मिले जबकि तीन वोट निरस्त हुए। अजीतमल ब्लाक में कुल 61 वोट पड़े। इसमें भाजपा से उम्मीदवार रजनीश उर्फ अवनीश पांडेय को 33 मत मिले और विजयी हुए। सपा समर्थित देवेंद्र यादव को 26 और दो मत अनवेलिड रहे। एरवाकटरा में निर्दलीय प्रत्याशी प्रियंका यादव ने जीत हासिल की। कुल 43 वोट मिले। प्रतिद्वंद्वी प्रियंका यादव को 37 वोट मिले व समाजवादी पार्टी से मीरा यादव को 28 मतों से संतुष्ट होने पड़ा। सहार ब्लाक में भाजपा के आकाश सिंह उर्फ ऋषि को 79 और सपा समर्थित प्रत्याशी रीना देवी को चार वोट मिले। एक वोट निरस्त हुआ है। जिले में औरैया सदर व भाग्यनगर ब्लाक मिलाकर कुल सात ब्लाक हैं। इन दो ब्लाक में औरैया सदर पर भाजपा के नरेंद्र वाल्मीकि व भाग्यनगर में सपा से रेशमा दोहरे निर्विरोध विजयी हो चुके हैं।
चुनाव) ब्लाक प्रमुख चुनाव में जीता मैदान
- औरैया सदर- नरेंद्र बाल्मीकि, भाजपा।
- अजीतमल- रजनीश पांडेय, भाजपा।
- सहार- आकाश सिंह , भाजपा।
- बिधूना- गीता सेंगर, भाजपा।
- अछल्दा- शरद राणा, भाजपा।
- भाग्यनगर- रेशमा दोहरे, सपा।
- एरवाकटरा- प्रियंका यादव, निर्दलीय।
उन्नाव: जिले की 11 ब्लाक प्रमुख सीटों पर शनिवार को हुए चुनाव में फतेहपुर चौरासी मनोज निषाद, हसनगंज दीप्ती शुक्ला, नवाबगंज रोशनी, पुरवा सतीश चौधरी व बीघापुर सीट से भाजपा प्रत्याशी पुष्पा देवी ने जीत दर्ज की है। वहीं, बांगरमऊ सुनीता दिवाकर, असोहा से बीतेंद्र यादव सपा उम्मीदवारों के रूप में विजयी हुए हैं। इसके अलावा मियागंज से धर्मेंद्र सिंह, औरास से ज्ञानेंद्र सिंह, सिकंदरपुर करण से प्रेम सिंह चंदेल और सुमेरपुर सीमा बाजपेयी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विजयी हुए हैं। उधर मियागंज ब्लाक में मतदान के दौरान जमकर अराजकता हुई। मतदान के लिए जाने वाले क्षेत्र पंचायत सदस्यों को रोका गया। कई बार पुलिस ने लाठी चलाई। इस बीच सीडीओ दिव्यांशु पटेल ने कुछ भाजपा नेताओं के साथ मिलकर एक इलेक्ट्रानिक न्यूज चैनल के कैमरामैन के साथ जमकर मारपीट की। इस घटना के विरोध में मीडिया कर्मियों ने मियागंज में धरना दिया। सूचना पर डीएम रवींद्र कुमार मौके पर पहुंचे कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाने का प्रयास करते रहे। हालांकि शाम तक विरोध-प्रदर्शन जारी रहा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।