विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की नई पहल, हर सुबह 5 किमी पैदल चल करेंगे विकास कार्यों का ऑडिट
उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कानपुर में एक अनोखी पहल शुरू की है। वे हर सुबह 5 किलोमीटर पैदल चलकर विकास कार्यों का ऑडिट करेंगे और लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। पहले दिन उन्होंने 4.8 किमी पैदल चलकर लोगों से मुलाकात की और विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अटल अमृत सरोवर में गंदगी देखकर नगर निगम के मुख्य अभियंता को फटकार लगाई।

जागरण संवाददाता, कानपुर। सियासत के साथ ही स्वयं भी 'सेहतमंद'। चौंकिए मत, ये सोलह आना सच है। राजनीति में विधानसभा से लेकर अपने निर्वाचन क्षेत्र तक अलग अंदाज में काम को लेकर चर्चा में रहने वाले विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने मंगलवार से नई पहल शुरू की है।
हर सुबह पांच किलोमीटर पैदल चल विकास कार्यों का आडिट करेंगे, जबकि जनता का दुख-दर्द बांटेंगे। पहले दिन सुबह ठीक 7:30 बजे घर से निकले महाना 4.8 किमी पैदल चले। अपनों के बीच सवा घंटे बिता विकास कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई व जनसुनवाई की। अटल अमृत सरोवर (शेरशाह सूरी तालाब) में गंदगी देख काम में लापरवाही को लेकर नगर निगम के मुख्य अभियंता से बात कर नसीहत दी। कहा, गंदगी दूर करा लाइटें ठीक कराएं। फव्वारा नियमित चलें। क्षेत्रीय लोगों को व्यवस्था बेहतर रखने में सहयोगी बनने की सीख दी।
वर्ष 1991 में कैंट विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक चुने गए सतीश महाना वर्तमान में महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनके पुराने विधानसभा क्षेत्र का काफी हिस्सा अब महाराजपुर में है। वे प्रदेश सरकार में नगर विकास, औद्योगिक विकास मंत्री रहे। इस बार विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने विधानसभा का कलेवर बदल खूब चर्चा पाई।
अब अपने पुराने क्षेत्र कैंट व वर्तमान में महाराजपुर अंतर्गत मोहल्लों में विकास कार्यों का आडिट शुरू किया है। मंगलवार सुबह घर से निकल सफीपुर व काजीखेड़ा में पैदल चले। भीषण सर्दी में सिर ढके महाना अलाव ताप रहे लोगों के बीच कनपुरिया अंदाज में बैठ हाथ सेंकने लगे। पहले लोग समझ नहीं पाए। पहचानते ही नमस्ते व प्रणाम शुरू हुआ। उन्होंने क्षेत्र की नब्ज टटोली। रामादेवी एलीवेटेड हाईवे के नीचे सब्जीमंडी में सेब, गाजर खरीद सब्जियों के भाव लिए। बोले-कोई दिक्कत हो तो बताना।
रामादेवी चौराहा पर शिक्षक कृष्ण गोपाल दुबे, कासिफ व हेमेंद्र श्रीवास्तव से स्कूलों में पढ़ाई का हाल लिया। अटल अमृत सरोवर में राम बख्श, बलवान सिंह, अजय श्रीवास्तव व कनक शर्मा ने बताया, ढाई करोड़ से विकास हुआ। सुबह टहलने में अच्छा लगता है व कमियों की शिकायत की।
एयरपोर्ट जाने वाली सड़क पर सफाई नायक अकरम व कर्मी रोहित सफाई करते मिले। उनका दर्द समझा। विमान नगर में पार्क में बच्चों को झूला झुला पुचकारा। कई जगह सीवर लाइनें डालने में चैंबर ऊंचा देख फोटो खींचकर संबंधित अफसरों को भेजी। शंकर नगर, विमान नगर व पटेल नगर भी गए। घर आकर दैनिक जागरण में बेटी की आत्महत्या की खबर देख चिंतित महाना बोले-बच्चों को सहनशील बनाने का काम अभिभावक व शिक्षक करें। बताया, जब-जब कानपुर प्रवास होगा, तब-तब ये अभियान चलेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।