सीट शेयरिंग से बगावत के सुर! 150 में कांग्रेस को सपा ने थमाई सिर्फ 26 की लिस्ट, कानपुर में किदवई नगर और गोविंदनगर पर फंसा पेच
सपा ने कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में कांग्रेस को विधानसभा चुनाव के लिए केवल दो सीटें (किदवई नगर और गोविंदनगर) देने की पेशकश की है, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ता निराश हैं। कांग्रेस अधिक सीटों की मांग कर रही है और महाराजपुर, घाटमपुर व छावनी पर भी नजर गड़ाए हुए है।

HighLights
सपा ने कांग्रेस को कानपुर-बुंदेलखंड में केवल दो सीटें दीं।
कांग्रेस कार्यकर्ता कम सीटों से निराश, अकेले चुनाव लड़ने की मांग।
कांग्रेस की नजर महाराजपुर, घाटमपुर और छावनी सीटों पर भी।
गौरव दीक्षित, कानपुर। विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों दल सीटों की बंटवारे की कवायद में लगे हैं। कांग्रेस ने जहां डेढ़ सौ सीटें मांगी हैं, वहीं सपा ने स्पष्ट किया है कि वह सहयोगी दल को केवल 26 सीटें दे सकती है। सपा की इस लिस्ट में कांग्रेस को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में महज दो सीटें मिल रही हैं और दोनों ही सीटें किदवई नगर और गोविंदनगर कानपुर नगर में हैं।
किदवई नगर कभी कांग्रेस की परंपरागत सीट थी तो गोविंदनगर में भी पार्टी मजबूत प्रदर्शन करती रही है। हालांकि क्षेत्र की 52 विधानसभा सीटें पर केवल दो सीटें मिलने से कांग्रेस के कार्यकर्ता मायूस हैं और वह एकला चलो को राग अलाप रहे हैं। अब देखना यह है कि दोनों पार्टियां सीटों के बंटवारे को लेकर कहां पर जाकर ठहरती हैं।
कानपुर नगर की 10 विधानसभा सीटों को मिलाकर कानपुर देहात, फतेहपुर, इटावा, औरैया, कन्नौज, फर्रुखाबाद, जालौन, उन्नाव, हमीरपुर, महोबा, बांदा और चित्रकूट सहित 13 जिलों में 52 विधानसभा सीटें हैं। कानपुर नगर के बाद सर्वाधिक छह-छह सीटें फतेहपुर व उन्नाव में हैं। सपा ने मंगलवार को जो सूची जारी है, उसमें केवल कानपुर नगर की किदवई और गोविंदनगर सीटें ही कांग्रेस को देने पर रजामंदी जताई है।
अगर कांग्रेस के लिहाज से राजनैतिक विश्लेषण किया जाए तो सबसे मजबूत दावेदारी में किदवई नगर ही है। यहां पर अब भाजपा में शामिल पूर्व विधायक अजय कपूर लगातार तीन बार कांग्रेस के लिए जिताऊ उम्मीदवार साबित हुए। लगातार 2002, 2007 और 2012 में अजय कपूर यहां पर भाजपा पर भारी पड़े।
2017 में वह भाजपा के महेश त्रिवेदी से हारे जरूर, लेकिन कांग्रेस का वोटबैंक स्थिर रहा। यहां से कांग्रेस की हार का बड़ा कारण भाजपा का वोट बैंक बढ़ना रहा, जो अन्य दलों सपा और बसपा के कमजोर होने से बढ़ा। हार के बावजूद यहां से कांग्रेस को 2017 में 77424 और 2022 में 76351 वोट मिले। हालांकि जिताऊ उम्मीदवार अजय कपूर अब भाजपा में हैं, ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या यह वोट बैंक इस बार भी स्थिर रहेगा। यह इस बात पर निर्भर करेगी कि कांग्रेस किसे मैदान में उतारने जा रही है।
गोविंदनगर सीट भी कांग्रेस को देने की बात कही जा रही है, लेकिन यह सीट कांग्रेस के लिए अधिक उम्मीदों वाली नहीं है। गोविंद नगर में कांग्रेस का वोट 2012 में 44,779 से घटकर 2022 में 26,267 रह गया। शैलेंद्र दीक्षित, अंबुज शुक्ल और करिश्मा ठाकुर कोई बड़ा करिश्मा नहीं कर सके।
पार्टी का वोट बैंक आधा रहा गया है। हालांकि पार्टी को उम्मीद है कि दोनों ही ब्राह्मण बाहुल्य सीटें हैं और इससे ब्राह्मणों के बीच जाने का यह अच्छा मौका है। हालांकि, गठबंधन के बाद सपा के परंपरागत वोटों का कितना हस्तांतरण होगा, यह चुनावी नतीजे तय करने में अहम होगा।
वहीं, कांग्रेस का आम कार्यकर्ता इससे खुश नहीं हैं और अकेले दम चुनाव का दम भर रहा है। कांग्रेस ग्रामीण के अध्यक्ष संदीप ठाकुर का कहना है कि अभी बात चल रही है। 26 मिल चुकी हैं। और सीटें मिलेंगी। छावनी, महाराजपुर और घाटमपुर में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है।
महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता का कहना है कि यह तो पहला राउंड हैं। अभी और सीटें भी मिलेंगी। उन्हाेंने ने भी ग्रामीण अध्यक्ष वाली सीटें कांग्रेस को मिलने की संभावना जताई है।
किदवई नगर
- 2012 में कांग्रेस के अजय कपूर 2,027 वोट से जीते।
- 2017 में भाजपा के महेश चंद्र 33,983 वोट से जीते।
- 2022 में भाजपा के महेश त्रिवेदी 37,760 वोट से जीते।
गोविंदनगर
- 2012 में भाजपा के सत्यदेव पचौरी 12,377 वोट से जीते।
- 2017 में सत्यदेव पचौरी 71,509 वोट से जीते।
- 2022 में सुरेंद्र मैथानी 80,896 वोट से जीते।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।