गंगा, गाय और गरीब की सेवा को समझें कर्तव्य
जगद्गुरु स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती जी ने किया आह्वान।

- जगद्गुरु स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती जी ने किया आह्वान
- पं. रामजी त्रिपाठी की श्रमिक सेवा की स्वर्ण जयंती समारोह में आए थे
जासं, कानपुर : गंगा, गाय व गरीब की सेवा को कर्तव्य समझें। नगर की जनता को इन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। सरकारें तो इनके लिए प्रयास कर रहीं हैं, लेकिन आम लोगों को भी इससे जुड़ना होगा। गायों के लिए संरक्षण, मां गंगा के लिए अविरलता-निर्मलता व गरीबों की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए प्रयास करें। यह मनुष्य जीवन की सार्थकता का प्रथम मूल्य है। यह बात राम जन्मभूमि न्यास के ट्रस्टी जगद्गुरु स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती जी ने कही। वे पं. रामजी त्रिपाठी की श्रमिक सेवा के 50 वर्ष पूरे होने पर लाजपत भवन में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने आए थे।
स्वर्ण जयंती समारोह के मौके पर पनकी से लाजपत भवन तक शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में पं. रामजी त्रिपाठी व स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती के साथ सैकड़ों लोगों का काफिला था। शोभा यात्रा में बच्चे श्री राम जय राम जय जय राम का कीर्तन करते चल रहे थे। शोभा यात्रा में भारत माता व हनुमान जी की झांकियां भी थीं। शोभायात्रा लाजपत भवन पहुंची तो दीप प्रज्जवलित कर हनुमान चालीसा का पाठ कराया गया। श्रमिक नेता पं. राम जी त्रिपाठी की 50 वर्षो की सेवा पर डाक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई। उनके संघर्ष को दर्शाया गया। विभिन्न विभागों के कर्मचारी नेताओं ने पं. रामजी त्रिपाठी को सम्मानित किया। 50 वर्षों की सेवा पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि रामजी त्रिपाठी कानपुर के लिए गौरव हैं। रामजी त्रिपाठी मां गंगा को अविरल व निर्मल बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। संस्कारशाला के माध्यम से बच्चों को संस्कार से जोड़ रहे हैं। उन्होंने सैकड़ों गोवंश को संरक्षण दिया है। समारोह का संचालन पं.शिवम त्रिपाठी ने किया। इस दौरान राज्यमंत्री नीलिमा कटियार, विधायक महेश त्रिवेदी, विधायक इरफान सोलंकी, विधायक अमिताभ बाजपेई, मुकुंद मिश्रा, मनोज सेंगर, जगतवीर सिंह द्रोण, करिश्मा ठाकुर, शैलेंद्र दीक्षित, शेष नारायण त्रिवेदी आदि उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।