Kanpur News: दिनदहाड़े घर में घुसकर दो महिलाओं से लूट, कई कीमती सामान लेकर हुई फरार
बिल्हौर के बिरहाना गांव में दो महिलाओं ने एक घर में घुसकर मासूम बच्चे के गले में हंसिया लगाया और उसकी माँ को डंडा मारकर बेहोश कर दिया। इसके बाद वे गहने और नकदी लूटकर फरार हो गईं। होश में आने पर महिला ने पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संवाद सहयोगी, बिल्हौर। बिरहाना गांव में गुरुवार दोपहर एक घर में घुसी दो महिलाओं ने मासूम बच्चे के गले में हंसिया लगाकर धमकाने के बाद मां को सिर में डंडा मारकर अचेत कर दिया। इसके बाद गहने व नगदी लूटकर फरार हो गईं। होश में आने पर महिला ने पड़ोसियों को जानकारी दी। शिकायत पर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की।
बिरहाना गांव निवासी आरजू राजमिस्त्री का काम करते हैं। गुरुवार को वह रोज की तरह काम करने कानपुर गए थे। घर में उनकी बुजुर्ग मां उर्मिला, पत्नी रोशनी और डेढ़ वर्षीय बेटी आरोही थी। उर्मिला लगभग 11 बजे दवा लेने के लिए गईं थीं। रोशनी अपनी बेटी के साथ घर पर अकेली थीं।
रोशनी ने बताया कि लगभग 12 बजे दो महिलाएं छत पर दिखाई दीं। एक महिला लाल और दूसरी नीली साड़ी पहनी थी। वह सीढ़ी से उतरकर आंगन में आ गईं और चारपाई पर लेटी बेटी को कब्जे में लिया।
एक महिला ने पास में पड़ा हंसिया उठाकर उसके गले में लगा दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देने लगी। जिससे वह डर गईं। इस बीच दूसरी महिला ने उनके सिर में डंडा मार दिया। जिससे वह अचेत हो गईं।
कुछ देर बाद जब होश में आई तो देखा कि कमरे में रखी अलमारी खुली और सामान बिखरा पड़ा है। महिलाएं अलमारी में रखी सोने की झुमकी, माला, चांदी की पायल, तोड़ियां और लगभग तीन हजार रुपए लेकर फरार हो गईं। महिला ने बाहर निकलकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी।
लोगों ने आस पास महिलाओं को तलाश करने का प्रयास किया,लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की। इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने बताया कि छानबीन की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।