अपने राज छिपाने को नाबालिग बहनों से कराया गंदा काम, फिर कर लिया सुसाइड; यूपी से शर्मसार कर देने वाला केस
कानपुर में एक युवती ने अपने प्रेमी के साथ संबंध की बात खुलने के डर से अपनी दो नाबालिग बहनों को प्रेमी के दोस्त को सौंप दिया जिसने उनके साथ कई दिनों तक दुष्कर्म किया। जब मामला खुलने का खतरा बढ़ा तो युवती ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बाद में दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जागरण संवाददाता, कानपुर। प्रेमी के साथ संबंध की बात खुलने के डर से युवती ने अपनी नाबालिग दो बहनों को प्रेमी के दोस्त को सौंप दिया। उसने दोनों से कई दिन दुष्कर्म किया। नाबालिग बहनें गिड़गिड़ातीं और इस कृत्य का विरोध करती थीं, लेकिन बड़ी बहन धमकाती थी कि अगर उसकी बात न मानी तो वह आत्महत्या कर दोनों को जेल भिजवा देगी। बाद में मामला खुलने के डर से युवती ने आत्महत्या कर ली।
शनिवार को उसकी दादी थाने में शिकायत लेकर पहुंचीं तो पुलिस ने उन्हें ही जेल भेजने की धमकी दी। लोगों के हस्तक्षेप पर युवती के प्रेमी व उसके दोस्त के खिलाफ दुष्कर्म की धारा में मुकदमा दर्ज हुआ। एक आरोपित को हिरासत में लेने के बात सामने आई है, लेकिन पुलिस इन्कार कर रही है।
पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
75 वर्षीय वृद्धा ने बताया कि बेटा लोडर चालक है, जबकि बहू का बीमारी से निधन हो चुका है। उसकी तीन बेटियां 19, 15 व 13 वर्ष की हैं। वर्ष 2023 में एक दिन बड़ी पौत्री घर में अकेली थी। सामने रहने वाले युवक ने उससे दुष्कर्म किया था। उसे पुलिस ने जेल भेज दिया था। युवक का दोस्त कृष्णा बड़ी पौत्री को परेशान करता था, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वृद्धा ने बताया कि इसी वर्ष 21 फरवरी को वह खाटू श्याम दर्शन करने गई थीं। बेटा शहर से बाहर था। घर में तीनों पौत्रियां थीं। इस दौरान कृष्णा घर आया तो अन्य दोनों नाबालिग बहनों ने विरोध किया। राज खुलने के डर से बड़ी पौत्री घबरा गई। अन्य दोनों पौत्रियों को फंसाने के लिए कृष्णा ने अपने दोस्त प्रथम को बुलाया और उससे दुष्कर्म कराया।
कई दिनों तक किया नाबालिग से दुष्कर्म
चाकू के बल पर प्रथम ने दोनों नाबालिग बहनों से कई दिनों तक दुष्कर्म किया। दादी लौट आईं, लेकिन पौत्रियों ने डर से कुछ नहीं बताया।
22 अप्रैल की रात करीब ढाई बजे मोबाइल फोन पर कृष्णा की काल आई तो उन्हें शक हुआ। तीनों पौत्रियों से पूछने का प्रयास किया तो बड़ी पौत्री कमरे में चली गई और फंदा लगाकर जान दे दी। इसके बाद दोनों पौत्रियों ने बताया कि बड़ी बहन ने कृष्णा के साथ मंदिर में शादी भी कर ली थी।
फजलगंज थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की गई है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।