PET अभ्यर्थियों की भीड़ संभालने को रेलवे अलर्ट, विशेष ट्रेनें चलेंगी; ट्रेनों के समय में भी होगा बदलाव
रेलवे प्रयागराज मंडल ने पीईटी परीक्षा के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की है, जिसमें कानपुर सेंट्रल से भी ट्रेनें ...और पढ़ें

यह एक प्रतीकात्मक फोटो है। इंटरनेट मीडिया
HighLights
पीईटी परीक्षा के लिए रेलवे ने विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की
कानपुर सेंट्रल से मथुरा, झांसी के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलेंगी
त्योहारों हेतु नई एक्सप्रेस ट्रेनें कानपुर होकर गुजरेंगी
जागरण संवाददाता, कानपुर। रेलवे प्रयागराज मंडल ने पीइटी परीक्षा में परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए तैयारियां की है। परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। आवश्यकतानुसार ट्रेनों के स्टेशनों में भी विस्तार किया जाएगा। परीक्षार्थियों की भीड़ व उनकी सुविधा के लिए ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया जाएगा।
पीइटी परीक्षा 25, 30 अक्टूबर व एक नवंबर को आयोजित की जा रही है। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के निर्देश पर परीक्षार्थियों को आवागमन के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं। कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज जंक्शन सहित अन्य स्टेशनों पर प्लेटफार्मों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात किया जाएगा। कंट्रोल रूम से प्लेटफार्मों पर ट्रेनों की निगरानी की जाएगी। परीक्षार्थियों की भीड़ अधिक होने पर उनको होल्डिंग एरिया में रखा जाएगा।
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि दो पालियों में होने वाली परीक्षा के दौरान विशेष ट्रेनों के परिचालन के साथ, नियमित ट्रेनों के विस्तार, ट्रेनों के समय में बदलाव किया जाएगा। रेक भी उललब्ध रहेगी।
प्रयागराज से झांसी तक विशेष ट्रेन
प्रयागराज जंक्शन से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी तक ट्रेन संख्या 01821 चलाई जाएगी। यह ट्रेन 24 अक्टूबर के साथ ही 29 व 31 अक्टूबर को प्रयागराज जंक्शन से शाम 7:45 बजे रवाना होगी। अगले दिन सुबह बीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पहुंचेगी।
कानपुर सेंट्रल से मथुरा जंक्शन तक ट्रेन
ट्रेन संख्या 01823 कानपुर सेंट्रल से 24 अक्टूबर के अतिरिक्त 29 व 31 अक्टूबर को रात आठ बजे रवाना होगी। अगले दिन सुबह 10 बजे मथुरा जंक्शन पहुंचेगी। इस ट्रेन से कानपुर , फफूंद, इटावा, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद, टूंडला स्टेशनों से यात्रा करने वाले परीक्षार्थियों को लाभ मिलेगा।
इन स्टेशनों तक ट्रेनों का विस्तार व समय में बदलाव
परीक्षार्थियों की संख्या के अनुसार कानपुर सेंट्रल से लखनऊ, कानपुर सेंट्रल से रायबरेली, कानपुर सेंट्रल से खजुराहो की तीन ट्रेनों में आवश्यकतानुसार समय में बदलाव किया जाएगा। कानपुर सेंट्रल से फतेहपुर, इटावा, टूंडला तक ट्रेनों में ट्रेनों में विस्तार किया जाएगा।
कानपुर सेंट्रल होकर जाएंगी नई एक्सप्रेस ट्रेनें
रेलवे 26 अक्टूबर से सांतरागाछी-खातीपुरा और टाटानगर-खातीपुरा नई एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू करेगा। दोनों ट्रेनें कानपुर सेंट्रल होकर गुजरेंगी। इससे त्योहार पर यात्रियों को राहत मिलेगी। पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बीच सफर के दो अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। ट्रेन संख्या 08061 सांतरागाछी से 26 अक्टूबर को दोपहर दो बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर दो बजे कानपुर सेंट्रल और रात 11 बजे खातीपुरा पहुंचेगी। नियमित परिचालन का विवरण बाद में जारी होगा।
