कानपुर में लिव इन में रह रही महिला की गला दबाकर हत्या, पार्टनर ठेकेदार फरार
कानपुर के स्वर्ण जयंती विहार में एक महिला की पीटकर गला दबाकर हत्या कर दी गई। उसके साथ रह रहा ...और पढ़ें
-1792860103863_m.webp)
HighLights
22 सितंबर से पति-पत्नी बनकर स्वर्ण जयंती विहार के एक मकान में किराये पर रह रहे थे दोनों
बहन पुलिस से बोली- 10 साल पहले बहन का पति से हो चुका तलाक, पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
जागरण संवाददाता, कानपुर। चकेरी के स्वर्ण जयंती विहार में किराये के निर्माणाधीन मकान में देवरिया की महिला की पीटने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि साथ रह रहे ठेकेदार ने वारदात की और फरार हो गया। घटना बुधवार की है, लेकिन पुलिस को गुरुवार को जानकारी हुई।
पहचान न होने पर शव को अज्ञात में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। देर रात थाने पहुंची दिवंगत की बहन ने पहचान पहचान की। उसने बताया कि बहन अपनी पहचान छिपाने के लिए नाम बदलकर रह रही थी।
शनिवार को शव का पोस्टमार्टम हुआ, जिसमें गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। मारपीट से शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। चर्चा है कि महिला के घर एक अन्य व्यक्ति का भी आना जाना था, जिसको लेकर ठेकेदार का उससे विवाद हुआ था। हालांकि स्वजन ने कोई तहरीर नहीं दी।
स्वर्ण जयंती विहार निवासी आदित्य ने बताया कि बगल में दबौली निवासी प्रज्जवल मिश्रा का मकान है, जिसमें एक माह पहले एक महिला और युवक किराये पर रहने आए थे। बुधवार की दोपहर महिला और युवक के बीच काफी विवाद हुआ था।
इसके बाद युवक घर से निकल गया, लेकिन महिला एक बार भी बाहर नहीं निकली, जबकि कमरे का दरवाजा थोड़ा खुला था। आवाज लगाने पर भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। अनहोनी की आशंका पर उन्होंने मकान मालिक को फोन किया। वह पहुंचे और उसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
पुलिस ने जांच की तो अंदर कमरे में महिला का फर्श पर शव मिला। पुलिस व फाेरेंसिक जांच में पैर के अंगूठे, हाथ की अंगुलियों, कोहनी, गर्दन और गाल पर चोट के निशान मिले। चेहरे पर भी सूजन दिखी। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि महिला की उस समय पहचान न होने पर शव को अज्ञात में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
इसके बाद मकान मालिक से पूछताछ में पता चला कि महिला ने एक आधार कार्ड की प्रति दी थी, जिसमें उसका नाम देवरिया जिले के बघौचघाट थाना क्षेत्र के विशुनपुरा निवासी 32 वर्षीय बेटी काजल के रूप में हुई। आधार में पिता का नाम मुस्तकीम अंसारी अंकित था।
पुलिस ने देवरिया पुलिस से संपर्क किया। उसके बाद शुक्रवार देर रात दिवंगत काजल की बहन नाजिया व उनकी मां चकेरी थाने पहुंची। नाजिया ने महिला के शव की फोटो देखी तो अपनी बहन रिया उर्फ मर्जिना के रूप में पहचान की, लेकिन महिला के आधार में काजल लिखा होने पर पुलिस ने जब जानकारी की तो नाजिया ने बताया कि करीब 12 साल पहले बहन का निकाह हुआ था, लेकिन बाद में तलाक हो गया।
इसके बाद वह एक अन्य व्यक्ति के साथ रहने लगी थी, लेकिन वह काजल नाम रख क्यों रह रही थी। इसकी जानकारी नहीं है। पुलिस ने जांच बढ़ाई तो पता चला कि काजल पप्पू नाम के ठेकेदार के साथ 22 सितंबर को प्रज्जवल मिश्रा के मकान में किराये पर रहने आई थी।
चर्चा है कि महिला पप्पू से पहले किसी और व्यक्ति के साथ रहती थी, लेकिन जबकि पप्पू के साथ रहने के दौरान भी एक व्यक्ति का घर आना जाता था। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, गला दबाकर हत्या की गई थी। सिर व शरीर पर भी चोट के कई निशान मिले हैं।
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि शव को स्वजन के सिपुर्द कर दिया गया। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। ठेकेदार की तलाश में टीम लगी है।
यह भी पढ़ें- कानपुर प्रयागराज हाईवे पर फतेहपुर में एआरटीओ सिपाही को कुचला, चेकिंग के दौरान कंटनेर चालक ने वारदात को दिया अंजाम
