'बेडरूम में बनती हैं सपा की नीतियां', ये क्या बोल गए ब्रजेश पाठक; अखिलेश यादव को कर दिया चैलेंज
कानपुर में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा की नीतियों को बेडरूम में बनने वाली बताया और अखिलेश यादव पर भाई-भतीजावाद का आरोप लगाया। पाठक ने भाजपा को राष्ट्र प्रथम मानने वाली पार्टी बताया। उन्होंने अखिलेश को बहस की चुनौती दी और उनके कार्यकाल में अस्पतालों की स्थिति पर सवाल उठाए। अहमदाबाद विमान हादसे के कारण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।

जागरण संवाददाता, कानपुर। सपा मुखिया अखिलेश यादव और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के बीच छिड़े डीएनए के विवाद की आग में गुरुवार को उप मुख्यमंत्री ने घी डाल दिया। उन्होंने कानपुर में कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियां बेडरूम में बनती हैं।
वह सिर्फ भाई भतीजावाद के आधार पर पार्टी को चलाना चाहते हैं जबकि भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम है। उन्होंने कहा कि सपा मुखिया फ्रस्ट्रेशन में हैं। अखिलेश आइने को नहीं अपना चेहरा पोंछें। उन्होंने अखिलेश को आमने-सामने आकर डिबेट की चुनौती दी।
केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के मौके पर नेहरू नगर स्थित अंध विद्यालय में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करने आए उप मुख्यमंत्री ने पत्रकार वार्ता में कहा कि सपा मुखिया फ्रस्ट्रेशन में है। वह खुद 2012 से 2017 तक मुख्यमंत्री रहे।
उनके पिता भी तीन बार प्रदेश में मुख्यमंत्री रहे लेकिन उस समय प्रदेश के अस्पताल तबेले बने हुए थे और वहां गुंडों का राज था।आज प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग लगातार सुधार की प्रक्रिया में है। यह साफ है कि जो आज है वह कल नहीं रहेगा। मरीजों का आंकड़ा बढ़ रहा है लेकिन एमबीबीएस और एमडी की सीटें भी तीन गुणा बढ़ाई गई हैं।
सपा मुखिया अखिलेश यादव पर हमला करते हुए वह बोले कि वह आइने को बार-बार ना पोंछें। उन्हें अपना चेहरा पोंछना चाहिए। उनके मुताबिक जिस समय कांग्रेस ने देश में आपातकाल लागू किया था, राष्ट्र को प्रथम मानने वाले जनसंघ के नेताओं ने पूरी पार्टी जनता पार्टी में विलय कर दी थी क्योंकि सबके सामने पहले यह बात थी कि राष्ट्र को बचाना है।
हालांकि कार्यक्रम के दौरान ही अहमदाबाद में हुए विमान हादसे को लेकर जैसे ही उन्हें जानकारी हुई, वह उठे और माइक पर जाकर सभी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने दो मिनट मौन रखकर कार्यक्रम को स्थगित कर दिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।