कानपुर में हुक्काबार में एक रुपये में एंट्री.... वाट्सएप पर इनविटेशन, छापेमारी में 3 दबोचे
कानपुर के स्वरूप नगर में बोहो रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहे अवैध हुक्काबार पर पुलिस ने छापा मारा। व्हाट्सएप ...और पढ़ें

हुक्का बार में जांच करते पुलिस अधिकारी। सौजन्य: पुलिस
HighLights
स्वरूप नगर के बोहो नाम के रेस्टोरेंट की आड़ में काफी समय से चल रहा था हुक्काबार
आठ हुक्का, सात चिलम, 26 बोतल बीयर, 12 बोतल शराब समेत सामान बरामद
जागरण संवाददाता, कानपुर। पांच माह पहले एनआरआइ सिटी में चल रही हाईप्रोफाइल ड्रग्स नाइट पार्टी का पुलिस ने छापेमारी कर पर्दाफाश किया था, जिसमें लोगों को इंस्टाग्राम पर पार्टी के लिए आमंत्रित करते थे। इसी तर्ज पर स्वरूप नगर में रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहे हुक्काबार चल रहा था। हालांकि यहां पार्टी हाईप्राेफाइल नहीं चलती, पर नशा जरूर परोसा जाता है। इसके लिए मात्र एक रुपये में वाट्सएप पर संदेश भेज लोगों का आमंत्रित किया जाता था।
एसीपी स्वरूप नगर की टीम ने छापेमारी की तीन आरोपितों को दबोचा। हुक्काबार में आठ हुक्का, सात चिलम, 26 बोतल बीयर, 12 बोतल शराब समेत सामान बरामद किया गया। आरोपितों पर मुकदमा दर्ज किया गया।
स्वरूप नगर स्थित एक अपार्टमेंट के पास बोहो रेस्टोरेंट की आड़ में लंबे समय से हुक्काबार संचालित था, लेकिन थाना पुलिस इससे अनजान रही। डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार ने बताया कि मुखबिरों के जरिए पता चला कि जहां लोगों को वाट्सएप पर संदेश भेज आमंत्रित करते थे। उसमें एक रुपये में प्रवेश, 1999 रुपये का कम से कम बिल कराने का संदेश है।
एडीसीपी सेंट्रल डा. अर्चना सिंह और एसीपी स्वरूप नगर ज्योतिश्री की टीम ने छापा मारा तो नशा करने वालों की भीड़ थी। पुलिस को देख सभी भागने लगे। इससे अफरातफरी मच गई। पुलिस ने यहां संचालक समेत तीन लोगों को दबोचा। इस दौरान आठ हुक्के, सात पाइप, सात चिलम, आठ पैकेट कोयला, 15 नोजल पाइप के पैकेट, 20 बंद और चार खुले पैकेट तंबाकू के साथ ही 26 बोतल बीयर, 12 बोतल शराब समेत सामान बरामद हुआ।
डीसीपी ने बताया कि वाट्सएप पर मिडनाइट शीशा डील 12:00 से सुबह चार बजे तक के लिए एक रुपये में प्रवेश, लेकिन बिल 1999 रुपये का कराने की शर्त रखी गई थी। आरोपितों में संचालक प्रकाश चरन, मो. अमान और दीपक ठाकुर के खिलाफ एसआइ सौरभ सिंह ने आबकारी अधिनियम, सिगरेट और तंबाकू उत्पाद अधिनियम समेत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
