आरती मर्डर केस में सामने आया नया मोड़, वारदात वाले दिन वो कर रही थी इन नए नंबरों से बात
बिधनू किसान नगर रोड पर स्थित करसुई गांव के पास आइसक्रीम फैक्ट्री संचालिक आरती शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतका के पिता ने पति श्याम शरण और जेठ रामशरण के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।

कानपुर, जेएनएन। बिधनू के करसुई में स्कूटी सवार आइसक्रीम फैक्ट्री संचालिका की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं। छानबीन में सामने आया है कि वारदात के दिन आरती की दो नए नंबरों पर बातचीत हुई थी। जब शाम को पहली बार फोन आया तो दरवाजे पर ही बैठकर लूडो खेल रही थी। फोन आने पर आर्डर बुकिंग के लिए सैंपल लेकर स्कूटी से निकली थी।
बिधनू किसान नगर रोड पर स्थित करसुई गांव के पास आइसक्रीम फैक्ट्री संचालिक आरती शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतका के पिता ने पति श्याम शरण और जेठ रामशरण के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। छानबीन में जुटी पुलिस ने सबसे पहले करीबी मित्र दामोदर नगर निवासी फौजी की पत्नी के घर दबिश दी। फौजी की पत्नी की मदद से पुलिस ने उसके पूर्व कर्मचारी और वर्तमान कर्मी को उठाया। बाद में पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर फाइनेंसर और बर्रा निवासी युवक और भरुआ सुमेरपुर निवासी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। पुलिस ने गुरुवार को टावार डाटा डंप कराया था, जिसमें पुलिस ने दो नए नंबर मिले। सीडीआर से मिलान करने पर साफ हुआ कि वारदात के दिन शाम को ही उन नंबरों से आरती को लगातार कई बार काल की गई थी। 4.10 बजे के लगभग पहली बार कॉल हुई थी।
छानबीन करने मोहल्ले में पुलिस पहुंची तो सामने आया कि वारदात के पहले आरती दरवाजे पर बैठकर लूडो खेल रही थी। इसी बीच आर्डर बुकिंग के लिए कॉल आयी। कॉल करने वाले ने उन्हेंं सीढी इटारा बुलाया तो वह आइसक्रीम का सैंपल लेकर घर से निकली थी। रास्ते में दोनों नंबरों से कई बार कॉल आयी। वारदात के बाद दोनों नंबर बंद हो गए। इसके बाद एक नंबर की लोकेशन बांदा के आसपास ट्रेस हुई। उसके बाद से दोनों नंबर लगातार बंद आ रहे हैं। शातिरों की तलाश में एक टीम हमीरपुर और दूसरी बांदा के लिए रवाना हुई है। थाना प्रभारी बिधनू विनोद कुमार ने बताया कि कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। छानबीन जारी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।