Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Kanpur News: खेत में मिला राजमिस्त्री का शव, आठ दिन से था लापता

    By Arun Pandey Edited By: Anurag Shukla1
    Updated: Tue, 08 Jul 2025 03:13 PM (IST)

    कानपुर के बिल्हौर में एक राजमिस्त्री का शव खेत में मिला। वह आठ दिन से लापता था। पुलिस को शव के पास सल्फास शराब की बोतलें मिलीं जिससे आत्महत्या की आशंका है। मृतक की पहचान सियाराम गौतम के रूप में हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

    Hero Image
    लापता राज मिस्त्री सियाराम गौतम का खेत में मिला शव।

    संवाद सहयोगी, जागरण, बिल्हौर। महिगवां निवासी आठ दिन से लापता राजमिस्त्री का शव मंगलवार सुबह गांव से एक किमी दूर उसके खुद के खेत में पड़ा मिला। शव के पास सल्फास के दो खाली पाउच, शराब और पानी की बोतल व नमकीन का खाली पैकेट पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की वहीं फारेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    महिगवां गांव निवासी 54 वर्षीय सियाराम गौतम पुत्र स्व अर्जुन राजमिस्त्री का काम करते थे। परिवार में पत्नी गीता देवी, तीन बेटे रवि, गौरव और सौरभ हैं। गौरव ने बताया कि मां से झगड़ा करने के बाद पिता सियाराम एक जुलाई की सुबह घर से चले गए थे। इसके पूर्व भी पिता के लड़ाई झगड़े के बाद घर से जाने के चलते उन लोगों ने ध्यान नहीं दिया।

    तीन-चार दिन तक पिता के न लौटने पर आसपास व रिश्तेदारी में खोजबीन कर रहे थे। इस बीच गांव के लोगों ने खेत में पिता का शव पड़ा होने की सूचना दी। शव आठ दिन पुराना होने और जानवरों के नोचने के चलते कंकाल में बदल चुका था। गौरव ने कपड़ों, चप्पल और जेब में मिले पर प्रपत्रों से शव पिता का होने की पहचान की। शव मिलने से स्वजन बेहाल हो गए। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

    इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने बताया कि मृतक शराब पीकर घर में आए दिन विवाद करते थे। शव के पास मिले सल्फास के खाली पाउच, शराब, पानी की बोतल आदि से युवक के आत्महत्या करने की आशंका प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    खेत में शव पड़ा होने की गांव में होती रही चर्चा

    ग्रामीणों के मुताबिक खेतों की ओर गए चरवाहों ने छह दिन पूर्व शव पड़ा देखा था। इसकी गांव में भी जानकारी दी थी। बताया जा रहा है कि कई लोगों ने वहां शव पड़ा देखा। लेकिन पुलिस की पूछताछ से बचने के लिए सूचना नहीं दी। वहीं ग्रामीणों में शव से कुछ दूर एक बाइक खड़ी होने और उसमें कटहल बंधे होने और दूसरे दिन वहां से बाइक गायब होने की भी चर्चा रही।

    देर रात भी पुलिस ने की शव की खोजबीन

    बताया जा रहा है कि सोमवार रात किसी ने पुलिस को खेतों में शव पड़ा होने की जानकारी दी। इस पर रात में पुलिस वहां पहुंची और काफी देर तक खोजबीन करती रही लेकिन अंधेरा और घास में पड़े होने के चलते शव का पता नहीं चल सका था। मंगलवार सुबह दोबारा खोजबीन में शव का पता चला। शव कंकाल में बदलने के चलते तलाशी में जेब में निकले प्रपत्रों से शव की पहचान हुई।

    comedy show banner
    comedy show banner