कानपुर में गांधी जयंती पर बंद रहे प्रमुख बाजार, व्यापारियों ने मनाया NO UPI Day
कानपुर में गांधी जयंती पर व्यापारियों ने प्रस्तावित यूपीआई एमडीआर शुल्क के विरोध में 'नो यूपीआई डे' मनाया। बाजार बंद ...और पढ़ें

फूलबाग गांधी प्रतिमा पर धरना देते कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी । जागरण
HighLights
कानपुर में व्यापारियों ने गांधी जयंती पर 'नो यूपीआई डे' मनाया
प्रस्तावित यूपीआई एमडीआर शुल्क के खिलाफ किया गया विरोध प्रदर्शन
व्यापारियों ने डिजिटल भुगतान छोड़ केवल नकद लेनदेन का संकल्प लिया
जागरण संवाददाता, कानपुर। यूपीआई लेनदेन पर प्रस्तावित एमडीआर शुल्क के विरोध में व्यापारी संगठनों ने शुक्रवार को 'नो यूपीआई डे' मनाया। बाजार बंद रहने के कारण व्यापारियों ने गांधी जयंती पर बापू की राह पर सत्याग्रह का बिगुल फूंका और 15 अक्टूबर तक विभिन्न चरणों में आंदोलन का एलान किया। व्यापारियों ने कहा कि अब डिजिटल भुगतान स्वीकार नहीं किए जाएंगे और केवल नकद में ही लेन-देन होगा।
कानपुर उद्योग व्यापार मंडल व युवा उद्योग व्यापार मंडल की ओर से फूलबाग में गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया गया। जिला महामंत्री कृपा शंकर त्रिवेदी के नेतृत्व में व्यापारियों ने स्लोगन लिखी पट्टियां लेकर नारेबाजी की।
त्रिवेदी ने कहा कि पहले सरकार ने डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहित किया और अब आदत पड़ने पर नया शुल्क थोपा जा रहा है। यदि प्रस्ताव वापस न हुआ तो 10 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर बड़ा प्रदर्शन होगा। यहां रामेश्वर गुप्ता लाला भैया, प्रदीप गुप्ता, चंद्र प्रकाश ओमर, सुरेश गुप्ता, महेंद्र गुप्ता, देवी खन्ना, सुशील गुप्ता, के बी सिंह, विराट गुप्ता, पवन दुबे, सत्य प्रकाश जायसवाल व पवन गुप्ता मौजूद रहे। उधर, भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की ओर से सागर मार्केट, केनाल रोड पर 'व्यापारियों की आवाज सुनो सत्याग्रह' किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र, जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता गोरे, जिला वरिष्ठ महामंत्री मनीष गुप्ता सलोने व प्रदेश मंत्री रोशन गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने हाथों में पोस्टर लेकर नगाड़ा व डमरू बजाया। उन्होंने “यूपीआई पर एमडीआर शुल्क मंजूर नहीं” के नारे लगाए। ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि त्योहारी सीजन में अतिरिक्त शुल्क से लागत बढ़ेगी और अनरजिस्टर्ड व्यापारियों को इनपुट टैक्स क्रेडिट भी नहीं मिलेगा। सुरेश सिंहवानी, सुशील तुली, संजय भदौरिया, आशीष मिश्र, मनोज गुप्ता कुक्कू, विनायक पोद्दार, मनोज विश्वकर्मा व अब्दुल वहीद उपस्थित रहे।
इधर, व्यापारी अधिकार के लिए लखनऊ में 13 दिसंबर को होगा ‘व्यापारी महापर्व’
सिविल लाइंस स्थित मर्चेंट चैंबर हाल में प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई के 'व्यापारी संवाद' में राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अनूप शुक्ला ने कहा कि यूपीआई पर अतिरिक्त चार्ज लेने से व्यापारियों को भारी नुकसान पहुंचेगा। इसका विरोध कर इसे लागू नहीं होने दिया जाएगा। व्यापारियों के अधिकारों के लिए 13 दिसंबर को लखनऊ में व्यापारी महापर्व आयोजित होगा, जिसमें 300 विधानसभा क्षेत्रों से व्यापारी शामिल होंगे। उन्होंने त्योहारों पर पुलिस व खाद्य विभाग द्वारा उत्पीड़न करने पर मुंहतोड़ जवाब की चेतावनी दी।
स्कैनर पर व्यापारियों ने लगाया काला टेप
यूपीआई पर प्रस्तावित एमडीआर (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) के विरोध में शुक्रवार को व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के आह्वान पर घाटमपुर, भीतरगांव, साढ़ व सजेती में व्यापारियों ने यूपीआई स्कैनरों पर काला टेप चिपका दिया। इस दौरान नारेबाजी भी की। व्यापार मंडल के जिला मंत्री ललित सोनी ने कहा कि शुक्रवार को बाजारों में सिर्फ नकद लेन-देन किया गया। सरकार ने ‘कैशलेस इंडिया’ को बढ़ावा दिया तो व्यापारियों और ग्राहकों ने डिजिटल भुगतान को अपनाया, लेकिन अब उसी डिजिटल भुगतान पर एमडीआर शुल्क लगाने की बात सामने आ रही है।
व्यापारियों का सवाल है कि जब कैशलेस व्यवस्था अपनाने के लिए प्रेरित किया गया तो अब उसका अतिरिक्त आर्थिक बोझ व्यापारियों पर क्यों डाला जा रहा है? जिला अध्यक्ष महेश वर्मा ने कहा कि ‘नो यूपीआई डे’ किसी ग्राहक के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रस्तावित एमडीआर के विरोध में किया गया शांतिपूर्ण प्रदर्शन है। व्यापारियों ने काला टेप लगाकर अपना संदेश स्पष्ट कर दिया है। प्रदर्शन के दौरान प्रदीप मिश्रा आशीष पांडे विनीत कुमार, सुभाष शर्मा, ओसामा मिर्जा, महेश गुप्ता, सुरेश गुप्ता, विपिन ओमर, अमरनाथ गुप्ता, ज्ञानेंद्र आदि उपस्थित रहे।
