विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kanpur में 4 दिन से लापता थी LLB छात्रा, रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में मिला सड़ा गला शव, पुरुष मित्र पर हत्या की आशंका

Published: Fri, 02 Oct 2026 06:30 PM (IST)

कानपुर के दबौली वेस्ट में चार दिन से लापता एलएलबी छात्रा रुचि पाल उर्फ स्वाति का शव रेलवे लाइन किनारे ...और पढ़ें

बेटी रुचि पाल की मौत पर बिलखती मां बुद्धि देवी को परिवार वालों ने संभाला। जागरण

बेटी रुचि पाल की मौत पर बिलखती मां बुद्धि देवी को परिवार वालों ने संभाला। जागरण

HighLights

  1. कानपुर में चार दिन से लापता एलएलबी छात्रा का शव मिला

  2. रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में सड़ी-गली हालत में मिला शव

  3. स्वजन ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाया

जागरण संवाददाता, कानपुर। गोविंदनगर के दबौली वेस्ट में कानपुर-झांसी रेलवे लाइन किनारे करीब 15 फिट नीचे घनी झाड़ियों में चार दिन से लापता 23 वर्षीय एलएलबी छात्रा रुचि पाल उर्फ स्वाति का शव मिला। शव पूरी तरह से सड़ चुका था। पुलिस शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही थी, तभी स्वजन ने हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

स्वजन ने पुलिस पर आरोपितों से मिलीभगत का आरोप भी लगाया। हंगामे की सूचना पर एसीपी बाबूपुरवा वीरेंद्र विक्रम सर्किल के थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद स्वजन शांत हुए।

दबौली वेस्ट निवासी विमल कुमार पाल चाय की दुकान चलाते हैं। परिवार में पत्नी बुद्धि देवी, बेटा विनय और बेटी रुचि पाल उर्फ स्वाति थी। रुचि एलएलबी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। मां बुद्धि देवी ने बताया कि 28 सितंबर की शाम करीब छह बजे रुचि घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।

काफी तलाश के बाद भी पता न चलने पर स्वजन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शक के आधार पर रुचि के पुरुष मित्र को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। हालांकि, पूछताछ के बाद भी युवती का पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस के साथ स्वजन भी उसकी तलाश में जुटे थे।

शुक्रवार को रुचि के चाचा शैलेश रेलवे ट्रैक किनारे उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें ट्रैक के पास रुचि की चप्पल पड़ी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास तलाश शुरू की। करीब 15 फिट नीचे घनी झाड़ियों में रुचि का शव पड़ा मिला।

बेटी की मौत की जानकारी मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने रुचि के पुरुष मित्र और उसके साथी पर उसे बुलाकर हत्या करने और शव झाड़ियों में फेंकने की आशंका जताई। स्वजन ने पुलिस पर आरोपितों से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

आरोप है कि पुलिस ने आरोपितों से पूछताछ करके उन्हें चौकी से ही छोड़ दिया। सूचना पर एसीपी बाबूपुरवा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिवार वाले शांत हुआ। वहीं, मृतका के पिता विमल पाल के तहरीर देने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एसीपी बाबूपुरवा वीरेंद्र विक्रम ने बताया कि लापता युवती का शव झाड़ियों में मिला है। स्वजन ने उसके पुरुष मित्र और उसके साथी पर हत्या की आशंका जताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- कानपुर पहुंचे केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा दावा, अखिलेश यादव भाजपा में शामिल होना चाहते थे

यह भी पढ़ें- Bidhnu Bus Accident: छोटे भाई से बोली थी जल्दी आऊंगी, कुछ घंटों में आई मौत की खबर