विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर पहुंचे केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा दावा, अखिलेश यादव भाजपा में शामिल होना चाहते थे

Published: Fri, 02 Oct 2026 03:12 PM (IST)

राकेश सचान के सपा में शामिल होने की अटकलों के बीच, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि अखिलेश ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर बड़ा दावा किया

  2. मौर्य ने कहा अखिलेश यादव भाजपा में शामिल होना चाहते थे

  3. सपा के पीडीए को 'परिवार डेवलपमेंट एजेंसी' बताया, अपराधियों का मंच

जागरण संवाददाता, कानपुर। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान की सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को तीखा पलटवार किया। बेनाझाबर स्थित टीएसएच में भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘नमो सेवा, अनकही कहानियां’ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मौर्य से जब राकेश सचान के सपा में जाने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, सपा प्रमुख अखिलेश यादव हमसे मिले थे, भाजपा में शामिल होने के लिए।

 

उपमुख्यमंत्री के इस बयान से राकेश सचान और अखिलेश यादव की मुलाकात को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, मौर्य ने अपने दावे के समर्थन में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी। उनका बयान ऐसे समय आया है जब 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं और नेताओं के दल बदलने तथा मुलाकातों को लेकर अटकलों का दौर जारी है।

 

मौर्य ने इस दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का पीडीए ‘परिवार डेवलपमेंट एजेंसी’ है। आरोप लगाया कि सपा का पीडीए गुंडों, अपराधियों, माफिया और दंगाइयों को संरक्षण देने वाला मंच है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और समाजवादी पार्टी सत्ता में नहीं लौट पाएगी।

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के कार्यक्रम में शामिल होने कानपुर पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 2027 के चुनाव के बाद सपा की स्थिति और कमजोर होगी। मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव के लिए शुद्ध मतदाता सूची जरूरी है और भाजपा एसआइआर की प्रक्रिया का समर्थन करती है, जबकि कांग्रेस ढोंग करती हैं।

 

राकेश सचान के सपा में शामिल होने की चर्चा के बीच केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा दावा, अखिलेश हमसे मिले थे भाजपा में शामिल होने के लिए