अमानवीयता की हदें पार; कानपुर- प्रयागराज हाईवे पर महिला के शव को कुचलते रहे वाहन, बिखरे लोथड़े, बचे हाथ पर लिखा था पीपीआरएन
कानपुर प्रयागराज हाईवे पर महाराजपुर के पास एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। हादसा बुधवार का है। किसी वाहन की टक्कर से महिला की मौत हो गई। हादसा किसी ने नहीं देखा। उसके शव के ऊपर से लगातार वाहन निकलते रहे। उसके शव के मांस के चीथड़े बिखर गए। केवल हाथ बचा।

संवाद सहयोगी, जागरण, महाराजपुर (कानपुर)। संवेदनहीनता व अमानवीयता की सारी हदें पार हो गईं। महाराजपुर के रूमा में एक महिला के शव को लगभग तीन घंटे तक वाहन कुचलते रहे। शव के सैकड़ो टुकड़े हाईवे पर लगभग 200 मीटर तक फैले पड़े थे। शव की हालत ऐसी थी कि केवल एक हाथ सुरक्षित मिला। बाकी मांस के लोथड़े ही दिख रहे थे।
हाथ की कलाई में पीपीआरएन गुदा हुआ है। पीतल की चूड़ी हाथ में है। महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस हादसा और हत्या दोनों एंगल पर जांच कर रही है। घटना चकेरी एसीपी कार्यालय व कुलगांव चौकी से लगभग 100 मीटर पहले फतेहपुर से कानपुर लेन में रूमा कस्बे के सामने हाईवे की है।
रूमा कस्बे में फतेहपुर-कानपुर लेन पर कुलगांव फ्लाइओवर से थोड़ा पहले बुधवार सुबह एक महिला का शव मिला। जिसका केवल एक हाथ सुरक्षित था। बाकी पूरा हिस्सा मांस के लोथड़ों में पूरी सड़क पर लगभग दो सौ मीटर दूर तक पड़ा था। शव की हालत देखकर लोग अंदाजा लगा रहे थे कि चार से पांच घंटे तक वाहन उसको रौंदते हुए निकलते रहे। घटना मंगलवार देर रात या बुधवार भोर की है।
बुधवार सुबह लगभग छह बजे जब घरों से लोग बाहर निकले तो शव देख पुलिस को सूचना दी।पुलिस ने शव के टुकड़ों को समेटकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है।पुलिस सीसी कैमरे खंगाल रही है।स्थानीय व आसपास के गांवों में भी जानकारी जुटा रही है। मौके से एक हवाई चप्पल मिली है। बड़ा सवाल है कि देर रात या भोर अकेले महिला वहां क्या कर रही थी वह कैसे पहुंची।
कुलगांव चौकी पुलिस, हाईवे पर रहने वाली पीआरवी व पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कई घंटे तक शव को वाहन रौंदते रहे और किसी को कुछ पता न चला। बुधवार सुबह आसपास के लोगों ने देखा तो पुलिस को जानकारी दी। महाराजपुर थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया महिला का शव क्षत-विक्षत था।वाहनों के कुचलने से हालत बहुत खराब थी। पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।