जानें-कानपुर के आसपास रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन जिलों में क्या रहेगी स्थिति, क्या कह रहे हैं डीएम
ग्रीन जोन में हमीरपुर फर्रुखाबाद फतेहपुर कानपुर देहात चित्रकूट शामिल हैं।
कानपुर, जेएनएन। देश में लॉकडाउन-3 का आदेश आने के बाद जिलों को रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन में बांटा गया है। फिलहाल उत्तर प्रदेश के जिलों में रियायत को लेकर अभी कोई स्पष्ट आदेश नहीं है। कानपुर के आसपास कन्नौज, फर्रुखाबाद, उन्नाव, औरैया, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट, बांदा, फतेहपुर और कानपुर देहात जिलों में तीन मई के बाद क्या स्थिति रहने वाली है, इसपर अभी संशय के बादल बने हुए हैं। हां कुछ जिलों के लिए रियायत की रूपरेखा तैयार हो सकती है।
कानपुर के आसपास जिलों की स्थिति
ग्रीन जोन-हमीरपुर, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, कानपुर देहात, चित्रकूट।
आॅरेंज जोन- औरैया, जालौन, इटावा, कन्नौज, बांदा, उन्नाव, महोबा।
रेड जोन- कानपुर नगर।
उन्नाव शहर को राहत नहीं, कस्बों से होगी शुरुआत
उन्नाव जिला ऑरेंज जोन में है। शासन ने हर जोन में प्रतिबंधों के साथ अलग-अलग सहूलियत देने का ऐलान कर दिया है। उन्नाव में हॉटस्पॉट और रेडजोन में प्रमुख बाजार है, इससे शहर में दुकानें खोलने और अन्य सुविधाएं अभी नहीं दी जाएंगी। डीएम रवींद्र कुमार का कहना है कि ऑरेंज जोन के तहत जिले में जो छूट दी जानी है, वह अभी कस्बों और गांवों की बाजारों से शुरू किया जाएगा। उन्नाव और शुक्लागंज में पहले की ही तरह लॉकडाउन चलेगा। मुख्यमंत्री की वीडीयो कांफ्रेंसिंग में जो निर्देश मिलेंगे, उसके अनुसार अगला निर्णय लिया जाएगा।
बांदा में लाॅकडाउन-3 में जारी रहेगी सख्ती
ऑरेंज जोन में शामिल बांदा जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल का कहना है कि चार मई से लाॅकडाउन-3 शुरू हो रहा है। इसमें पूर्व की भांति सख्ती रहेगी, जिले में कोई छूट नहीं दी जाएगी। सभी लोग लाॅकडाउन का अनुपालन करते रहें। बांदा जनपद में बाहरी लोगों का आगमन ज्यादा है, इससे संक्रमण बढ़ने की संभावना है। दक्षिण के प्रांतों, मुबंई, महाराष्ट्र, तेलांगना से आने वाले लोगों में संक्रमण हो सकता है। शराब की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी, जरूरी वस्तुओं व खाद्य वस्तुओं की आपूर्ति होती रहेगी। खनिज का कार्य फिजिकल डिस्टेंस का ध्यान रखते हुए किया जाएगा। शासन के निर्देश प्राप्त होते हैं तो आगे कुछ छूट दी जा सकती है।
जलौन में नियमों का कड़ाई से पालन, कोई छूट नहीं
जालौन जिलाधिकारी डॉ. मन्नान अख्तर का कहना है कि शहर में चार कोरोना संक्रमित मामले सामने आ चुके हैं। मुख्यालय के कई स्थानों को हॉटस्पॉट चिन्हित किया गया है। जिला अॉरेंज जोन में है, शासन से कोई निर्देश आता है तो उसपर अमल किया जाएगा। फिलहाल लॉकडाउन में पूर्ववत व्यवस्था के तहत कार्य होगा। किसी तरह की ढील नहीं दी जा सकती है। समस्या यह भी है कि जिले में बाहरी लोगों का आना जारी है, जिसको लेकर पूरी सतर्कता बरतने की जरूरत है। तहसील क्षेत्रों में पूर्व की तरह सुबह की छूट जारी रहेगी। मनरेगा व अन्य आवश्यक निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए कहा गया है लेकिन इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य रहेगा।
कन्नौज में 17 मई तक पूर्ववत रहेंगे हालात
कन्नौज जिला औरेंज जोन में हैं, इसके बाद भी प्रशासन लॉकडाउन अवधि तक छूट नहीं देने का मन बना चुका है। जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि जिस तरह से जिले में लॉकडाउन चल रहा है, ठीक उसी तरह 17 मई तक रहेगा। जिले में फिलहाल किसी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी। जिले में सात पॉजिटिव केस मिले थे, जिसमे पांच ठीक हुए हैं। इसलिए जिले को अभी सुरक्षित नहीं कह सकते हैं। यदि छूट देते हैं तो लोगों का आना जाना होगा, इससे संक्रमण फैलेगा। प्रवासी भी आ रहे हैं, इसलिए लोगों की सुरक्षा को देखते हुए किसी तरह का रिस्क नहीं लेंगे। दो केस और सही हो जाएंगे, तो आगे कुछ विचार करेंगे।
हमीरपुर में विचार विमर्श के बाद छूट की संभावना
हमीरपुर में अबतक एक भी कोरोना संक्रमित रोगी नहीं मिलने से यह ग्रीन जोन में है। वहीं निकटवर्ती सभी जनपदों में कोरोना संक्रमित मामले सामने आने से जिला प्रशासन आवागमन को लेकर खासी सख्ती बरत रहा है ताकि सुरक्षित रखा जा सके। हालांकि किराना दुकानें खोलने को कुछ छूट प्रदान की गई है। इसके अलावा आगे रियायत देने को लेकर को प्रशासन विचार विमर्श के बाद ही छूट की संभावना है। एडीएम विनय प्रकाश श्रीवास्तव का कहना है कि अभी गैर प्रांतों से लोगों की आगमन हो रहा है, वहीं जिले में फंसे बाहरी लोगों को उनके घर भेजने की तैयारी की जा रही है। धीरे धीरे लोगों को छूट दी जाएगी, काेरोना को लेकर शारीरिक दूरी संबंधी निर्देशों का पालन हो सके।
महोबा में पहले से अधिक होगी सख्ती
ऑरेंज जोन में आए महोबा में लॉकडाउन-3 शुरू होने के साथ दो कोरोना पॉजिटिव केस आने पर डीएम अवधेश तिवारी का कहना है कि अब कोई छूट नहीं दी जाएगी। लॉकडाउन-3 की अवधि में पूर्व से भी ज्यादा सख्ती से पालन कराया जाएगा। शासन के निर्देश प्राप्त होते हैं तब आगे कुछ छूट दी जा सकती है। फिलहाल आवश्यक वस्तु की रोज खुलने वाली दुकानें व मेडिकल स्टोर भी बंद कर दिए गए हैं। आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी की जाएगी, शहर के एटीएम भी बंद कर दिये गए है।
इटावा में शासन के आदेश का इंतजार
इटावा जिलाधिकारी जेबी सिंह का कहना कि ऑरेंज जोन में जो छूट प्रदान की गई है, उसके लिए शासन के आदेश का इंतजार किया जा रहा है। शाम तक तस्वीर साफ होने पर लॉकडाउन-3 को लेकर शहर की स्थिति के आधार पर फैसला किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।