Karwa Chauth 2026: हथेलियों में मेहंदी, सजने-संवरने की धूम, करवाचौथ पर कानपुर के बाजारों में देर रात तक उमड़ी भीड़
करवाचौथ की पूर्व संध्या पर कानपुर के बाजारों में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां मेहंदी, चूड़ियों और पार्लर में ...और पढ़ें
-1793198423068_m.webp)
नवीन मार्केट में करवा चौथ के लिए महिलाओं ने लगवाई मेहंदी। जागरण
HighLights
करवाचौथ की पूर्व संध्या पर बाजारों में रौनक
महिलाओं ने मेहंदी लगवाई, पार्लरों में भीड़
कानपुर के बाजारों में देर रात तक खरीदारी
जागरण संवाददाता, कानपुर। किसी की हथेली पर पिया के नाम की बेल सजी, तो कोई चूड़ियों की खनक में अपने त्योहार की खुशियां तलाशती नजर आईं। करवाचौथ की पूर्व संध्या पर शहर के बाजारों में उमड़ी भीड़ बता रही थी कि चांद के दीदार का इंतजार सिर्फ आसमान तक सीमित नहीं, बल्कि महिलाओं की साज-सज्जा और तैयारियों में भी झलक रहा है।
मेहंदी की महक, पार्लरों में बढ़ती भीड़ और खरीदारी की चहल-पहल ने नगर की प्रमुख बाजारों गोविंद नगर, सीसामऊ-पीरोड, शिवाला और लाल बंगला को देर रात तक गुलजार रखा। कहीं साड़ियों और आभूषणों की दुकानों पर महिलाएं पसंदीदा सामान चुनती दिखीं, तो कहीं चूड़ियों की दुकानों पर रंग और डिजाइन को लेकर चर्चा चलती रही। मेहंदी लगवाने के लिए महिलाएं अपनी बारी का इंतजार करती नजर आईं।
कोई हथेलियों पर बारीक बेल-बूटे बनवा रही थी, तो किसी की पसंद बाजूबंद मेहंदी रही। शाम ढलने के साथ बाजारों में कामकाजी महिलाएं दफ्तर से लौटकर खरीदारी करने पहुंचीं। पार्लरों में फेशियल, हेयर स्टाइलिंग और मेकअप के लिए महिलाओं की भीड़ देखते बनी। कई महिलाओं ने पार्लर में प्री-बुकिंग कराई तो उनका नंबर जल्दी आया तो किसी को घंटों इंतजार करना पड़ा।
सजने-संवरने की इस भागदौड़ में सहेलियों की हंसी-ठिठोली और एक-दूसरे की पसंद पर चर्चा ने बाजारों की रौनक को और खास बना दिया। सीसामऊ में खरीदारी करने आईं सुधा मिश्रा ने बताया कि करवाचौथ साल में एक बार आता है, इसलिए इस दिन की तैयारी भी खास होनी चाहिए। मेहंदी की डिजाइन ऐसी होनी चाहिए, जो हाथों में खूब जचे और चांद देखकर व्रत खोलते समय तस्वीरों में भी सुंदर लगे।
बाजार आकर त्योहार का उत्साह और बढ़ जाता है। गुमटी नंबर पांच में मेहंदी आर्टिस्ट कुसुम बताती हैं कि करवाचौथ पर मेहंदी लगवाने वालों की संख्या सामान्य दिनों से काफी बढ़ जाती है। महिलाएं पहले से डिजाइन चुनकर आती हैं। बारीक बेल, मंडला और बाजूबंद जैसी डिजाइन की मांग रहती है। कोशिश रहती है कि हर महिला के हाथों पर उसकी पसंद के मुताबिक सुंदर मेहंदी सजे।
गोविंद नगर में में ब्यूटी पार्लर की संचालक अंकिता गुप्ता का कहना है कि करवाचौथ पर महिलाएं अपने लुक को लेकर खास उत्साहित रहती हैं। साड़ी या लहंगे के साथ मैचिंग मेकअप और हेयर स्टाइल की मांग रहती है। बाजारों की यह रौनक सिर्फ खरीदारी तक सीमित नहीं है। मेहंदी से रंगी हथेलियों, खनकती चूड़ियों और साज-शृंगार के बीच महिलाएं अपने रिश्तों की खुशियां भी सहेज रही हैं।
चांद निकलने से पहले शृंगार की तैयारी
करवाचौथ पर पार्लरों और मेहंदी की दुकानों में महिलाओं की भीड़ सबसे ज्यादा देखने को मिली। कोई साड़ी के साथ मैचिंग मेकअप और हेयर स्टाइल बनवाना चाहती हैं, तो कोई अपने पारंपरिक लुक में नया अंदाज जोड़ रही है।
