करवाचौथ पर देवयानी सरोवर में दिखेगा अद्भुत नजारा, हजारों दीपों से जगमगाएगा कानपुर देहात का ऐतिहासिक सरोवर
करवाचौथ पर मूसानगर के ऐतिहासिक देवयानी सरोवर पर विशाल मेला लगेगा, जहाँ हजारों दीपों से सरोवर जगमगाएगा। श्रद्धालु पूजा-अर्चना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खरीदारी का आनंद लेंगे।

देवयानी सरोवर पर होती सफाई। जागरण
HighLights
करवाचौथ पर देवयानी सरोवर में लगेगा विशाल मेला
हजारों दीपों से जगमगाएगा ऐतिहासिक देवयानी सरोवर
रामलीला, जालंधर वध नाटक और खरीदारी का आनंद
संवाद सूत्र, मूसानगर(कानपुर)। मूसानगर के मध्य स्थित ऐतिहासिक देवयानी सरोवर पर करवाचौथ के अवसर पर आज रात मेला लगेगा। इसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पति की दीर्घायु की कामना के लिए व्रत रखकर पूजा-अर्चना करने के बाद महिलाएं और पुरुष सरोवर पर एकत्रित होंगे। यहां सरोवर की सीढ़ियों पर असंख्य दीप सजाए जाएंगे। एक साथ दीप प्रज्वलित होते ही मेले की रौनक देखते ही बनेगी।
करवाचौथ पर लगने वाला यह मेला अपनी अनूठी परंपरा के लिए प्रसिद्ध है। दीप प्रज्वलन के बाद श्रद्धालु सरोवर की परिक्रमा करते हैं। परिक्रमा की संख्या श्रद्धालुओं की अपनी श्रद्धा और इच्छा पर निर्भर करती है। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला-पुरुष सरोवर पर पहुंचते हैं। पानी में दीपों की झिलमिलाती रोशनी का प्रतिबिंब मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करता है।
मेले को आकर्षक बनाने के लिए नगर पंचायत की ओर से साफ-सफाई, रंगाई-पुताई समेत अन्य व्यवस्थाएं कराई जा रही हैं। सरोवर के दाहिनी ओर रामलीला का मंचन किया जाएगा, जिसमें अच्छे कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं सीपी इंटर कालेज के मैदान में प्रेमनाथ नाट्य परिषद की ओर से जालंधर वध नाटक का मंचन होगा।
इसके लिए कानपुर से मनीष पांडेय की नाट्य पार्टी पहुंचेगी।प्रेमनाथ नाट्य परिषद के अध्यक्ष विजय शंकर ने बताया कि इस बार जालंधर वध नाटक को बेहद रोचक ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा, जो दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेगा। मेले में दुकानदारों ने भी पहुंचकर अपनी दुकानें सजानी शुरू कर दी हैं।
श्रद्धालु पूजा-अर्चना के साथ खरीदारी का आनंद लेंगे और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लुत्फ उठाएंगे। देवयानी सरोवर के पास स्थित काली देवी, शिव मंदिर, शीतला माता और मां दुर्गा मंदिर को भी आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। मंदिरों की साज-सज्जा और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी जय मां काली देवी सेवा समिति संभाल रही है।
