कानपुर का युवक रूस में बना बंधक, टूरिस्ट वीजा पर नौकरी करने गया था; बहन ने पीएम-सीएम से लगाई गुहार
कानपुर के सोहन पाल को रूस में बंधक बना लिया गया है, जहाँ वह टूरिस्ट वीजा पर नौकरी करने गए थे।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कानपुर का युवक सोहन पाल रूस में बंधक बना
टूरिस्ट वीजा पर नौकरी करने गया था रूस
बहन ने पीएम-सीएम से लगाई वापसी की गुहार
जागरण संवाददाता, कानपुर। रूस में पनकी के सोहन पाल को बंधक बना चार हजार डॉलर फिरौती मांगने के मामले में नया मोड़ आ गया है। जांच में पता चला है कि सोहन 30 दिन के टूरिस्ट वीजा पर नौकरी करने गए थे।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने दूतावास को पत्राचार कराने के साथ ही रूस के एक नागरिक से भी फोन पर संपर्क कर उनके बारे में जानकारी जुटाने को कहा है। सोहन के दोस्त ने भी परिवार को भरोसा दिलाया कि वह 26 नवंबर को रूस जाएगा और आठ फरवरी तक उन्हें साथ लेकर आएगा।
वहीं, बहन ने वीडियो प्रचलित कर भाई का मंगलवार को जन्मदिन होने की जानकारी दी। उन्होंने भाई की वापसी के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है।
यह है पूरा मामला
रतनपुर निवासी 28 वर्षीय सोहन पाल नौकरी के लिए 11 अक्टूबर को रूस गए थे। 15 अक्टूबर को वह मास्को और वहां से यूनला पहुंचे। वहां उन्हें कार चालक का काम करना था। चार नवंबर तक उनकी हर रोज स्वजन से बात हुई, फिर संपर्क टूट गया। इस बीच उन्होंने स्वजन के लिए 46 हजार रुपये भी भेजे।
इस बीच सोहन के दोस्त रोमी के बताए टेलीग्राम अकाउंट सातोशी नाकामोशी के जरिये संपर्क पर सोहन की कुशलता के लिए चार हजार डॉलर मांगे गए। न देने पर युद्ध में भेजने और सिर काटने की धमकी मिली। मामले में सोहन की बहन ने वीडियो जारी कर रोमी पाल समेत तीन लोगों पर आरोप लगाए।
मामले में पुलिस ने रोमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उससे पूछताछ की। खुशबू ने बताया कि रोमी समेत तीन लोग भाई को लखनऊ एयरपोर्ट तक छोड़ने भी गए थे। रोमी ने ही रोहन को ज्यादा वेतन मिलने का झांसा देकर रूस भिजवाया था।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि जांच में पता चला कि युवक 30 दिन के टूरिस्ट वीजा पर पर रूस गए थे, लेकिन उन्हें शायद जानकारी नहीं थी कि वीजा पर 30 अक्टूबर से फरवरी के बीच सिर्फ 30 दिन ही रुक सकते थे। उन्हें लगा होगा कि वह फरवरी तक रुक सकते हैं। दूतावास को पत्राचार किया गया है। उनसे वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।