सोशल मीडिया पर प्यार, फिर 10 लाख की ठगी... कानपुर के युवक ने चंदौसी में उठाया खौफनाक कदम, सुसाइड नोट में खुला राज
कानपुर के एक युवक ने चंदौसी में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। उसके कमरे से मिले सुसाइड नोट में एक युवती पर 10 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

एआई इमेज
HighLights
कमरे से बरामद सुसाइड नोट में एक युवती पर धनराशि हड़पने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
संवाद सहयोगी, चंदौसी (संभल)। नगर के विष्णु विहार कालोनी में किराए के मकान में रह रहे कानपुर के 40 वर्षीय युवक ने गुरुवार सुबह जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। इलाज के दौरान जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मृतक के कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें एक युवती पर 10 लाख रुपये से अधिक की धनराशि हड़पने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर कानपुर में स्वजन को सूचना दी है।
कानपुर के बिरहाना स्थित नील वाली गली निवासी तनुज कनौजा एक वर्ष से चंदौसी की विष्णु विहार कालोनी में महेश कुमार के मकान में किराए पर रह रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे तनुज ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
हालत बिगड़ने पर मकान मालिक महेश कुमार और आवास विकास कालोनी निवासी युवती उन्हें तत्काल सीएचसी चंदौसी लेकर पहुंचे। वहां से गंभीर अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां दोपहर में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताते हैं कि तनुज की चंदौसी निवासी एक युवती से इंटरनेट मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम प्रसंग में बदल गई। दावा किया जा रहा है कि युवती ने ही करीब एक साल पहले तनुज को यह कमरा किराए पर दिलाया था।
दोनों का रिश्ता होने की बात भी सामने आई है। मकान मालिक के अनुसार तनुज पिछले कुछ समय से तनाव में थे। वहीं घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया और कानपुर में मृतक के स्वजन को जानकारी दी।
पुलिस सुसाइड नोट की सत्यता की जांच कर रही है और पूरे मामले की तह तक जाने के लिए मकान मालिक व युवती के बयान दर्ज किए गए हैं। सीओ विवेक जावला ने बताया कि जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत होने और एक सुसाइड नोट मिलने की जानकारी मिली है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।