Kanpur Weather Update: आंधी के बाद बदला मौसम, तापमान में मामूली कमी; उमस बरकरार
कानपुर में शुक्रवार की आंधी और बारिश का असर शनिवार को भी दिखा तापमान में गिरावट आई लेकिन उमस बरकरार रही। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को हवाएं तेज रहेंगी बारिश की संभावना कम है। न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि हवा का प्रवाह गंगा-यमुना क्षेत्र में नमी ला रहा है। रविवार को भी ऐसा ही मौसम रहने की उम्मीद है।

जागरण संवाददाता ,कानपुर। Kanpur Weather Update: शुक्रवार को आई आंधी के साथ वर्षा के मौसम का असर शनिवार को भी दिखाई दिया। दिन के अधिकतम तापमान में चौबीस घंटे के दौरान मामूली कमी दिखी लेकिन उसम भरी गर्मी का मौसम बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी तेज हवाओं का चलना जारी रहेगा लेकिन वर्षा होने के आसार कम हैं। आंधी का असर कानपुर नगर के बजाय कानपुर देहात में दिख सकता है।
आंधी - पानी के मौसम का असर शनिवार के न्यूनतम तापमान पर भी पड़ा है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम केंद्र में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री था जो शनिवार को 23.4 डिग्री दर्ज हुआ है।
चौबीस घंटे में न्यूनतम तापमान सामान्य से भी 5.8 डिग्री कम हो गया है। जबकि अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री रहा जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। दिन के तापमान में चौबीस घंटे के दौरान 0.6 डिग्री कम हुआ है। एयरफोर्स स्टेशन पर भी अधिकतम तापमान 40.8 और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री रहा है।
मौसम में इस बदलाव की वजह शुक्रवार को आया आंधी -तूफान वाला मौसम रहा है। शनिवार को भी दिन में बादल कई बार आए और आंधी आने के आसार बने लेकिन बाद में बादल चले गए। मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि
तेज हवा का प्रवाह अब अरब सागर से होते हुए गुजरात और राजस्थान के रास्ते से गंगा- यमुना क्षेत्र में हलचल पैदा कर रहा है। इससे कानपुर और आस-पास के हिस्से में भी मौसम में नमी बनी हुई है। शनिवार को आर्द्रता का अधिकतम स्तर 65 प्रतिशत रहा है।
उत्तर - पश्चिम से बह रही हवा की औसत गति भी 4.9 किमी प्रति घंटा रही है। रविवार को भी इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। दिन में तापमान थोड़ा बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं लेकिन बादलों की आवाजाही और तेज हवा का बहना जारी रहेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।