Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Kanpur Weather: पिछले 10 सालों में सबसे ठंडी रही आठ जनवरी, रिकार्ड तोड़ सर्दी में दर्ज किया गया सबसे कम तापमान

    By Jagran NewsEdited By: Ashish Pandey
    Updated: Mon, 09 Jan 2023 12:41 PM (IST)

    Coldest Day in Kanpur कानपुर में कोहरे की वजह से रविवार को मुंबई और बेंगलुरू की विमान सेवा प्रभावित रही और 99 ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं। मौसम खराब होने से रोडवेज की 123 बसों को रोकना पड़ा और 29 बसों को निरस्त कर दिया गया।

    Hero Image
    कानपुर टाटमिल चौराहे के पास कूड़ा जलाकर आग तापते लोग l जागरण

    जागरण संवाददाता, कानपुर: हिमालय पर आए पश्चिमी विक्षोभ के कारण बने प्रति चक्रवात ने गंगा के मैदानी क्षेत्र में आ रही बर्फीली हवा में थोड़ी रुकावट डाली है। इसके कारण रविवार को शीतलहर में मामूली कमी आई और तापमान में मामूली बढ़ोत्तरी हुई। अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री व न्यूनतम 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 10 वर्षों में आठ जनवरी को सबसे कम रहा। मौसम विभाग ने हल्के बादलों की आवाजाही की संभावना जताई है, लेकिन गलन व ठिठुरन के साथ ही रात से सुबह तक घना कोहरा जारी रह सकता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि ऊंचाई पर बादलों के कारण अगले पांच तक आसमान साफ दिखेगा और दिन में हल्की धूप सर्दी से थोड़ी राहत दे सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर पश्चिमी हवा में मामूली कमी आ सकती है, लेकिन गलन व ठिठुरन के साथ शीतलहर व कोहरा जारी रहेगा। 10 जनवरी के बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय पर पहुंचने की संभावना है। इसकी तीव्रता और ज्यादा हो सकती है। तब 12 से 14 जनवरी तक हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में बर्फबारी व हल्की वर्षा होने की भी संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद फिर से हिमालय की बर्फीली ठंडी हवा कानपुर मंडल समेत पूरे मध्य भारत में चलेंगी और तापमान में काफी गिरावट देखने को मिल सकती है।

    पहाड़ों पर हुई तेज बर्फबारी तो बढ़ेगी गलन

    मौसम विभाग के अनुसार, हिमालय के पहाड़ अभी भारी बर्फबारी का इंतजार कर रहे हैं। नवंबर के आखिरी सप्ताह व दिसंबर की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख व हिमाचल प्रदेश में पहली बर्फबारी दर्ज की गई थी। पिछले दो महीनों में पश्चिमी विक्षोभ की आवृत्ति सामान्य रही। इसके चलते पश्चिमी विक्षोभ ज्यादा बर्फबारी नहीं करा सके, लेकिन अब तीव्र पश्चिमी विक्षोभ के जम्मू कश्मीर पहुंचने की उम्मीद है। यह 10 जनवरी और उसके बाद लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में भारी वर्षा के साथ मध्यम बर्फबारी कर सकता है। इससे गंगा के मैदानी क्षेत्र में भी और ज्यादा सर्दी बढ़ सकती है।

    • पश्चिमी विक्षोभ के कारण बने प्रतिचक्रवात से शीतलहर में आई कमी
    • अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री, न्यूनतम 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा
    • गंगा के मैदानी क्षेत्र में भी और ज्यादा बढ़ सकती है सर्दी
    • 9 डिग्री सेल्सियस सामान्य से कम रहा शहर का अधिकतम तापमान
    • 5 डिग्री सेल्सियस सामान्य से कम रहा न्यूनतम तापमान

    123 बसें रुकी, 29 निरस्त

    कोहरे के असर से रोडवेज बसों का संचालन प्रभावित रहा। मौसम खराब होने से रोडवेज कानपुर परिक्षेत्र की 123 बसों को रोकना पड़ा। यात्री न मिलने से सुबह पांच से नौ के बीच 29 बसों को निरस्त कर दिया गया। झकरकटी बस अड्डे पर दोपहर को यात्रियों की भीड़ नजर आई।

    कोहरे ने सुस्त की रफ्तार, 99 ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं

    कोहरे की वजह से ट्रेनों की लेटलतीफी का सिलसिला बना हुआ है। रविवार को वंदे भारत, शताब्दी, राजधानी, गोरखधाम एक्सप्रेस सहित 99 ट्रेनों की रफ्तार सुस्त रही। ये चार से आठ घंटे तक लेट रहीं। तेजस एक्सप्रेस को निरस्त कर दिया गया। ट्रेनें देरी से पहुंचने से सेंट्रल स्टेशन पर यात्री परेशान रहे। 3421 यात्रियों ने यात्रा रद्द कर टिकट वापस कर दिए। 298 यात्रियों को दूसरी ट्रेनों से रवाना किया गया।

    चारों फ्लाइट निरस्त, आज भी नहीं आएंगी

    कोहरे की वजह से मुंबई और बेंगलुरू की विमान सेवा प्रभावित रही। रविवार को इंडिगो और स्पाइसजेट के विमान नहीं आए। इसकी वजह से यात्रियों को काफी परेशान होना पड़ा। उन्होंने लखनऊ जाकर विमान सेवा ली और गंतव्य को गए। पता चला है कि सोमवार को भी विमान सेवा बाधित रहेगी। एयरपोर्ट निदेशक संजय कुमार ने बताया कि रविवार को विमान सेवा बाधित रही। सोमवार के शेड्यूल के बारे में जानकारी नहीं हो पाई है।