कानपुर के टाटमिल चौराहे पर सरेराह युवती के बाल खींचे, जड़े थप्पड़; बाइक पर बैठाने की कोशिश, 89 सेकंड का Viral Video
कानपुर के टाटमिल चौराहे पर एक युवक ने सरेराह युवती के साथ मारपीट की और उसके बाल खींचे, जिसका 89 ...और पढ़ें

युवती के बाल पकड़कर मारता युवक। वीडियो ग्रैब
HighLights
टाटमिल चौराहे पर युवक ने युवती से की मारपीट।
89 सेकंड का वीडियो इंटरनेट पर हुआ प्रसारित।
पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, कानपुर। बाबूपुरवा के टाटमिल चौराहे के पास युवती से मारपीट का 89 सेकंड का वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में एक युवक युवती को थप्पड़ मारने के साथ उसके बाल खींचता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद युवक ने सरेराह युवती के साथ मारपीट की।
वीडियो में युवक युवती पर बाइक पर बैठने का दबाव बनाता भी दिखाई दे रहा है। युवक की हरकतें देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने युवक को फटकार लगाई और युवती को उससे बचाया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट पर प्रसारित कर दिया।
बाबूपुरवा थानाप्रभारी नीरज ओझा ने बताया कि प्रसारित वीडियो के बारे में जानकारी मिली है। वीडियो को संज्ञान में लेकर युवक और युवती के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गवाही वापस न लेने पर महिला को पीटा, धमकाया
बिधनू थानाक्षेत्र के बांबीपुरवा गांव में पुरानी रंजिश में महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता माधुरी ने गांव के लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले दयाराम ने मुकदमे में दी गई गवाही वापस लेने का दबाव बनाया था। सात अक्टूबर की शाम बाबूराम, सुनील, शिवकरन, रामकुमार और बाबूराम की पत्नी समेत अन्य लोग घर पहुंचे और मारपीट की। इतना आरोपितों ने उनके पति को जान से मारने की धमकी भी दी। बिधनू थानाप्रभारी टीबी सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
