बिल्हौर में नानामऊ रोड पर भीषण हादसा, भाजपा झंडा लगी फार्च्यूनर की टक्कर से दो बाइक सवार युवकों की मौत
बिल्हौर में नानामऊ रोड पर एक तेज रफ्तार फार्च्यूनर कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिससे ...और पढ़ें

क्षतिग्रस्त फार्च्यूनर व बाइक। जागरण
HighLights
तेज रफ्तार फार्च्यूनर ने बाइक सवार दो युवकों को रौंदा।
हादसे में रजनीश कटियार और उपेंद्र मिश्रा की मौत हुई।
फार्च्यूनर चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया।
संवाद सहयोगी, बिल्हौर(कानपुर)। नानामऊ रोड पर ददिखा गांव के पास भाजपा का झंडा लगी तेज रफ्तार फार्च्यूनर कार की टक्कर बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजा। जहां परीक्षण के बाद डाक्टरों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद फार्च्यूनर सवार लोग क्षतिग्रस्त गाड़ी को छोड़कर फरार हो गए।
उन्नाव के बांगरमऊ क्षेत्र के ताजपुर गांव निवासी 27 वर्षीय रजनीश कटियार पुत्र स्व. विद्यासागर अपने गांव निवासी दोस्त 35 वर्षीय उपेंद्र पुत्र उमाशंकर मिश्रा के साथ शनिवार दोपहर बाइक से बिल्हौर की ओर आ रहे थे। बाइक उपेंद्र चला रहे थे। नानामऊ रोड पर ददिखा गांव के पास बांगरमऊ की ओर जा रही भाजपा का झंडा लगी तेज रफ्तार फार्च्यूनर कार ने बाइक में टक्कर मार दी।
जोरदार टक्कर से बाइक सवार युवक उछलकर दूर गिर गए। हादसे में बाइक और फार्च्यूनर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक चालक का हेलमेट दूर गिर गया और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। फार्च्यूनर सवार गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को सीएचसी ले गई। जहां परीक्षण के बाद डाक्टरों ने दोनों घायलों को मृत कर घोषित कर दिया।
जानकारी पर सीएचसी पहुंचे स्वजन युवकों की मौत से बेहाल हो गए। स्वजन ने बताया कि रजनीश खेती करते थे। पिता का निधन हो चुका है। परिवार में मां दमयंती देवी और एक बड़ी विवाहित बहन रेखा है। दो सप्ताह पहले मां दमयंती बेटी के घर अरौल के महादेवा गांव आईं थीं। दीपावली त्योहार के चलते शनिवार को रजनीश दोस्त उपेंद्र के साथ उन्हें बुलाने जा रहे थे। वहीं उपेंद्र भी खेती करते थे।
परिवार में पत्नी सीमा, दो बेटे आर्यन, आयुष व एक वर्ष की बेटी है। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि गाड़ियों को कब्जे में लिया गया है। कार चालक का पता लगाया जा रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।
मातम में बदली त्योहार की खुशियां
हादसे में दो युवकों की मौत से त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। रजनीश की मौत से बुजुर्ग मां के बुढ़ापे का सहारा छिन गया। वहीं उपेंद्र के निधन से बच्चों के सिर से पिता का साया छिन गया। युवकों की मौत से स्वजन का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
लोडर से शव सीएचसी ले गई पुलिस
बताया जा रहा है कि हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। सूचना के बाद एक एंबुलेंस मौके पर पहुंची, पुलिस के मुताबिक एंबुलेंस चालक ने शव ले जाने से मना कर दिया। इस पर पुलिस एक लोडर को रूकवाकर उससे दोनों शव सीएचसी ले गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।