विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Dhanteras: सोने-चांदी से लेकर कार और इलेक्ट्रानिक्स तक... कानपुर में धनतेरस पर 1800 करोड़ के पार पहुंचा कारोबार

Published: Fri, 06 Nov 2026 11:14 PM (IST)

धनतेरस पर कानपुर के बाजारों में 1800 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ, जिसमें सोने-चांदी, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स की ...और पढ़ें

धनतेरस पर बिरहाना रोड स्थित ज्वेलर्स के शोरूम में खरीदारी के लिए लगी भीड़। जागरण

धनतेरस पर बिरहाना रोड स्थित ज्वेलर्स के शोरूम में खरीदारी के लिए लगी भीड़। जागरण

HighLights

  1. कानपुर में धनतेरस पर 1800 करोड़ से अधिक का कारोबार।

  2. सराफा बाजार में चार गुना अधिक बिक्री दर्ज की गई।

  3. ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ों की भी खूब खरीदारी हुई।

जागरण संवाददाता, कानपुर। धनतेरस पर शुक्रवार को बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। सुबह से शुरू हुआ खरीदारी का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। सोने-चांदी के आभूषणों और सिक्कों से लेकर कार, बाइक, मोबाइल, लैपटाप, टीवी, बर्तन, कपड़े और मिठाइयों तक की खूब बिक्री हुई। बाजारों में उमड़ी भीड़ और ग्राहकों के उत्साह ने कारोबारियों के चेहरों पर मुस्कान ला दी।

कन्फेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव पंकज अरोड़ा ने बताया कि शुरुआती आकलन के मुताबिक, धनतेरस पर शहर में 1800 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार हुआ। सराफा बाजार में रोज के मुकाबले चार गुणा ज्यादा कारोबार हुआ है। इसने पिछले महीनों में सोने-चांदी के दाम चढ़ने से आए संकट की छुट्टी कर दी है।

सोने और चांदी का भाव शुक्रवार को पिछले साल के धनतेरस के लगभग पहुंच गया है। इसका असर शहर के सराफ कारोबार पर साफ दिखा है। धनतेरस पर बिरहाना रोड, चौक, नयागंज, लालबंगला से लेकर कल्याणपुर, किदवई नगर और गोविंद नगर के बाजारों में भी महसूस हो रहा है।

नयागंज सराफा एसोसिएशन के रवि गुप्ता और चौक सराफा बाजार के कारोबारी पदम अग्रवाल के अनुसार पूरे साल भर के दौरान यह पहला मौका है जब सोने और चांदी के भाव नीचे आए हैं। इसी का फायदा लोगों ने धनतेरस पर उठाया है।

लाला पुरुषोत्तम दास ज्वेलर्स के विवेक गुप्ता ने बताया कि दिन में ही तीन गुणा से ज्यादा कारोबार दिखा है। लोग छोटे आइटम ज्यादा खरीद रहे हैं। दस ग्राम चांदी का सिक्का शुक्रवार को 2000 और सोने का सिक्का 1.45 लाख रुपये में बिका।

जनरलगंज, कलक्टरगंज, गुमटी, नवीन मार्केट, पीरोड और गोविंदनगर सहित प्रमुख बाजारों में दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। मनीराम बगिया में भी एक दिन पहले से उमड़ी भीड़ का उत्साह धनतेरस पर बरकरार रहा। बर्तन बाजार में स्टील से लेकर पीतल और तांबे के बर्तनों की मांग रही तो सराफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में आई गिरावट ने ग्राहकों को खरीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।

आटोमोबाइल शोरूम में पहले से बुक कार और बाइक की डिलीवरी लेने वाले ग्राहकों की लाइन पूरे दिन लगी रही। गाड़ियों के शोरूमों के बाहर पूरे दिन मेले सा माहौल दिखा। आरएनजी निसान के जीएम प्रवीण सक्सेना ने बताया कि उम्मीद से भी ज्यादा कारोबार धनतेरस पर हुआ है। पिछले साल के मुकाबले बिक्री दोगुणा से भी ज्यादा है। वाहनों पर सीएनजी निश्शुल्क दे रहे हैं इसका भी लाभ मिला है।

मोबाइल बाजार में 20 से 30 हजार रुपये की कीमत वाले स्मार्टफोन की मांग रही। नए माडल और बेहतर कैमरे वाले प्रीमियम फोन भी ग्राहकों की पसंद बने। फाइनेंस और जीरो परसेंट ब्याज की योजनाओं ने खरीदारी को बढ़ावा दिया। इलेक्ट्रानिक्स बाजार में एलईडी और स्मार्ट टीवी के साथ फ्रिज, वाशिंग मशीन और अन्य घरेलू उपकरणों की बिक्री हुई।

बड़ी स्क्रीन वाले महंगे टीवी भी आकर्षण का केंद्र रहे। जनरलगंज, नवीन मार्केट, पीरोड, गुमटी, सीसामऊ और गोविंदनगर के कपड़ा बाजारों में भी खूब खरीदारी हुई। साड़ी, सूट, कुर्ते, रेडीमेड कपड़े और बच्चों के परिधानों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही।

उत्तर प्रदेश गारमेंट्स मैन्यूफैक्चरर्स एंड ट्रेडर्स एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष राजेश आहूजा के मुताबिक, इस बार बाजार में पिछले कुछ वर्षों की तुलना में बेहतर उत्साह देखने को मिला। किफायती रेंज से लेकर प्रीमियम कलेक्शन तक की मांग बनी रही। मनीराम बगिया, जनरलगंज और अन्य बर्तन बाजारों में स्टील के बर्तनों के साथ पीतल, तांबे और कांसे के बर्तनों की भी खरीदारी हुई।

पूजा के बर्तन, थाली, लोटा, कटोरी और गृहस्थी के सामान की मांग रही। पारंपरिक मिठाइयों के साथ ड्राई फ्रूट्स, चाकलेट और आकर्षक गिफ्ट पैक की मांग रही। कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस के बाद दीपावली तक मिठाई, कपड़े, सजावटी सामान और उपहारों की खरीदारी जारी रहने से त्योहारी कारोबार का आंकड़ा और बढ़ेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।