विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में ट्रैफिक पुलिस गायब, शाम होते ही फजलगंज चौराहे से दादानगर पुल तक भीषण जाम

Published: Sat, 31 Oct 2026 10:20 PM (IST)

कानपुर में शनिवार शाम ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के ड्यूटी से नदारद रहने के कारण फजलगंज चौराहे से दादानगर पुल तक भीषण ...और पढ़ें

दादा नगर पुल से विजय नगर चौराहे तक लगे जाम में फंसे वाहन। जागरण

दादा नगर पुल से विजय नगर चौराहे तक लगे जाम में फंसे वाहन। जागरण

HighLights

  1. शाम होते ही ट्रैफिक पुलिसकर्मी ड्यूटी से लापता हो गए

  2. फजलगंज से दादानगर पुल तक भीषण जाम से लोग जूझते रहे

  3. यातायात व्यवस्था ध्वस्त, अधिकारी भी फोन पर उपलब्ध नहीं

जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर शहर में यातायात ध्वस्त है। चौराहा-तिराहा और मार्गों पर वाहनों का जाम है। जिम्मेदारी संभाले गार्ड और ट्रैफिक पुलिसकर्मी कुछ एक चौराहे पर जरूर नजर आते हैं, पर टीआई-टीएसआई दिखते ही नहीं हैं। इनकी मनमर्जी के चक्कर में ही शनिवार पांच बजे से फजलगंज चौराहे से विजयनगर चौराहा और दादानगर रेलवे पुल तक भीषण जाम लगा रहा। विजयनगर चौराहे पर दो गार्ड यातायात संभालने में जुटे थे। यहां चौराहे पर आटो, टेपों और ई-रिक्शा रास्ता बाधित किए खड़े थे। पास में यातायात पुलिस सहायता केंद्र और सामने ई-स्टेट पुलिस चौकी पर भी कोई मददगार नहीं मिला, कुर्सियां खाली पड़ी थी।


विजयनगर से पहले शनिदेव मंदिर चौराहे पर एक होमगार्ड मिला। यहां भीषण जाम लगा था। विजयनगर चौराहे पर आटो, टेपों और ई-रिक्शा खड़े होने से दादानगर की ओर वाहनों का मुड़ना कठिन था। ई-स्टेट पुलिस चौकी के सामने 20 आटो, टेपों और ई-रिक्शा खड़े होने से वाहन चौराहे पर ही फंस रहे थे। चौराहे पर गार्ड धर्मेंद्र कुशवाहा और जगदीश वाहनों को पास करा रहे थे, जबकि ट्रैफिक दारोगा और कांस्टेबल गैर हाजिर थे। गार्ड ने बताया कि ट्रैफिक दरोगा अनेंद्र यादव व कांस्टेबल 4:00 बजे बैठक में गए थे, लौटे नहीं है।


अग्निशमन केंद्र के पास तिराहे पर लगे वाहनों के जाम को गार्ड प्रदीप कुमार सामान्य करने में जुटे थे। दादानगर की तरफ से आने वाले वाहन विजयनगर चौराहे के जाम से बचने के लिए शार्टकट अपनाते हुए फजलगंज चौराहे की ओर निकल रहे थे। कुछ देर में यहीं अग्निशमन केंद्र के पास यातायात पुलिस सहायता केंद्र के बाहर ट्रैफिक दारोगा विजय नारायण सिंह और कांस्टेबल रणधीर आ गए थे। बताया कि ट्रैफिक इंस्पेक्टर मोबीन खां बैठक में गए हैं। काल करने पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने रिसीव नहीं किया।

एलएलआर अस्पताल, मरियमपुर से नंदलाल चौराहे तक जाम

एलएलआर अस्पताल के सामने भी शाम होते ही वाहनों का जाम बढ़ गया। यहां भी गार्ड ही व्यवस्था संभालते दिखे और ट्रैफिक पुलिसकर्मी गायब थे। एंबुलेंसों के सायरन का शोर भी उन्हें रास्ता दिलाने में सफल नहीं हो रहा था। मरियमपुर चौराहा और गोविंदपुरी पुल से लेकर चावला मार्केट और नंदलाल चौराहे तक वाहनों का जाम लगा रहा। बकरमंडी से लेकर जरीब चौकी तक भी जाम लगा रहा। गुमटी नंबर पांच के पास रेलवे क्रासिंग बंद होने से जीटी रोड के दोनों लेन का यातायात बाधित रहा। झकरकटी से टालमिल चौराहे तक हर रोज की तरह शनिवार को भी रोडवेज बसों की अराजकता हावी रही और जाम में फंसे राहगीर परेशान होते रहे।


जाम में फंसे लोगों ने बताया दर्द

मोतीझील जा रहे हैं। पौन घंटे से जाम में फंसे हैं अभी विजयनगर चौराहे नहीं पहुंच पाए हैं। कुछ जरूरी काम से मोतीझील जल्दी पहुंचना था, लेकिन जाम में ही उलझे हैं। शहर की यातायात व्यवस्था बहुत खराब है।
- एसके वर्मा, रतनलाल नगर


दादानगर रेलवे पुल पार करने में ही 35 मिनट गुजर गए हैं और अब अग्निशमन केंद्र भवन के सामने पहुंच पाए हैं। विजयनगर चौराहे पर पहुंचने में अभी कितनी देर लगेगी कह नहीं सकते, बहुत जाम है। वैसे, ये रोज का है।
- शंकर, पिकअप चालक


अफसरों ने काल ही नहीं रिसीव की

शाम चार बजे से ड्यूटी गायब ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और ध्वस्त यातायात व्यवस्था के संबंध में डीसीपी अभयनाथ त्रिपाठी को काल की गई तो उन्होंने रिसीव नहीं किया, यही हाल विजय नगर क्षेत्र के टीआइ का भी रहा। कुल मिलाकर शहर में यातायात व्यवस्था भगवान भरोसे ही है।

 

यह भी पढ़ें- रेलवे कोच-बोगी डिजाइन में आत्मनिर्भर बनेगा भारत, IIT Kanpur में खुलेगा उत्कृष्टता केंद्र

यह भी पढ़ें- कानपुर चकेरी एयरपोर्ट पर बनेंगे 5 नए हैंगर, चार्टर्ड विमानों की पार्किंग होगी आसान; 2 महीने में पूरा होगा काम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।