जब एक चूहे ने रोक दी Kanpur-Delhi फ्लाइट, चकेरी एयरपोर्ट पर मची अफरातफरी, तीन घंटे तक तलाश के बाद मारकर निकाला
कानपुर एयरपोर्ट पर दिल्ली जाने वाली उड़ान में चूहा घुसने से हड़कंप मच गया। विमान में चूहा दिखने पर यात्रियों को उतारा गया और विमान की तलाशी ली गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रियों को लाउंज में बैठाया गया। चूहे को ढूंढने के लिए तीन घंटे तक सर्च ऑपरेशन जारी रहा।

जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट में हड़कंप मच गया है। चूहे की वजह से कानपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को रोक दिया गया है। यात्रियों को भी नीचे उतार लिया गया। करीब तीन घंटे तक तलाश अभियान जारी रही। इस दौरान कई यात्री वापस भी हो गए।
कानपुर एयरपोर्ट में दिल्ली के लिए जाने वाली उड़ान रविवार अपने तय समय पर दोपहर 2:10 बजे आई। यहां से दोपहर 2:55 बजे यह विमान दिल्ली के लिए उड़ान भरता है। उड़ान की तैयारी पूरी हो चुकी थी। यात्रियों को भी बैठाया जा चुका था। सभी यात्रियों के सवार होने पर पता चला कि विमान में एक चूहा घुस आया है। क्रू मेंबर की नजर केबिन में घूमते एक चूहे पर पड़ी।
चूहे की सूचना मिलते ही सभी यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फ्लाइट को रोक दिया गया। सभी यात्री विमान से नीचे उतारे गए। इसके बाद पूरे विमान में चूहे की तलाश के एयरपोर्ट स्टाफ को लगाया गया।
केमिकल डालकर मारा गया चूहा
विमान इंडिगो का है। ऐसे में टेक्निकल स्टाफ और ग्राउंड क्रू ने मिलकर विमान के हर कोने की जांच की। तीन घंटे तक चूहे की तलाश की गई। इसके बाद केमिकल डालकर चूहे को मारकर बाहर निकाला गया। उड़ान के दौरान किसी तरह का खतरा न हो इसके लिए लगातार चूहे को बाहर निकालने का प्रयास जारी रहा।
सभी यात्रियों को लाउंज में भेज दिया
यात्रियों को एयरपोर्ट लाउंज में सुरक्षित भेज दिया गया है। देरी होने पर कुछ यात्रियों ने नाराजगी भी जताई। उनका कहना है कि यह सब पहले से ही सुनिश्चित करना चाहिए। इस दौरान कई यात्रियों ने टिकट कैंसल करा दी और वापस चले गए। वहीं, एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि चूहे को बाहर निकाला जा चुका है। कुछ ही देर में एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए विमान उड़ान भरेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।