Kanpur News: निर्यात वृद्धि प्रतिशत में सबसे तेज उछाल मार कानपुर यूपी में पहले नंबर पर, फिओ ने घोषित किए आंकड़े
कानपुर उत्तर प्रदेश में निर्यात के मामले में गौतमबुद्धनगर के बाद दूसरे स्थान पर है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में कानपुर से 10400 करोड़ रुपये का निर्यात हुआ जो अब तक का सबसे अधिक है। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन के अनुसार प्रदेश ने पहली बार 186059 करोड़ रुपये का निर्यात किया है जिसमें चर्म उत्पादों का निर्यात प्रमुख है। अमेरिका यूके और यूएई उत्तर प्रदेश के प्रमुख निर्यात गंतव्य हैं।

जागरण संवाददाता, कानपुर। निर्यात वृद्धि प्रतिशत के मामले में कानपुर उत्तर प्रदेश में 15.68 प्रतिशत की वृद्धि के साथ वित्तीय वर्ष 2024-25 में पहले स्थान पर रहा है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में कानपुर नगर ने 8,991 करोड़ रुपये का निर्यात किया था जो वित्तीय वर्ष 2024-25 में 15.68 प्रतिशत के साथ 10,401 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यह पिछले वित्तीय वर्ष में प्रदेश के किसी भी जिले का सबसे ज्यादा वृद्धि प्रतिशत है।
फेडरेशन आफ इंडियन एक्सपोर्ट आर्गनाइजेशन के सहायक निदेशक आलोक श्रीवास्तव के मुताबिक कानपुर ने दूसरी छमाही में अपने निर्यात में तेजी से ग्रोथ की। साथ ही इतना ज्यादा निर्यात कानपुर से कभी नहीं रहा। हालांकि विदेशी मुद्रा कमाने के हिसाब से देखा जाए तो कानपुर गौतमबुद्ध नगर व गाजियाबाद के बाद तीसरे नंबर पर है।
कानपुर वित्तीय वर्ष 2023-24 में ग्रोथ प्रतिशत और विदेशी मुद्रा कमाने जैैसे दोनों मामलों में चौथे नंबर पर था लेकिन 2024-25 में कानपुर ने निर्यात में रफ्तार पकड़ी। सहायाक निदेशक आलोक श्रीवास्तव के मुताबिक कानपुर ने 8,991 करोड़ रुपये के मुकाबले 10,401 करोड़ रुपये का माल निर्यात कर चौथे से तीसरे स्थान पर खुद को कर लिया लेकिन ग्रोथ प्रतिशत में उसने प्रदेश के सभी जिलों को पीछे छोड़ दिया। उसका ग्रोथ प्रतिशत 15.68 प्रतिशत रहा।
उनके मुताबिक गौतमबुद्ध नगर ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में 84,465 करोड़ रुपये का निर्यात किया था। इस बार उसका निर्यात 94,272 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस तरह निर्यात के मामले में तो गौतमबुद्ध नगर प्रदेश में नंबर एक था लेकिन ग्रोथ प्रतिशत के बारे में कहा जाए तो वह कानपुर से पीछे हो गया। उसका ग्रोथ प्रतिशत 11.16 रहा।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में विदेशी आर्डर पूरा करने के बारे में बात की जाए तो गौतमबुद्ध नगर 94,272 करोड़ रुपये के साथ पहले स्थान पर है। दूसरे स्थान पर 14,949 करोड़ रुपये के साथ गाजियाबाद रहा। कानपुर को 10,401 करोड़ रुपये के साथ तीसरा स्थान मिला। इसमें मुरादाबाद 10,391 करोड़ रुपये के साथ चौथे और आगरा 7,555 करोड़ रुपये के साथ पांचवें स्थान पर रहा।
फिओ के सहायक निदेशक के मुताबिक उत्तर प्रदेेश ने भी अब तक के इतिहास में सबसे ज्यादा 1,86,059 करोड़ रुपये का निर्यात किया है। इतना निर्यात प्रदेश से कभी नहीं हुआ। कानपुर से सबसे ज्यादा निर्यात चर्म उत्पादों का हुआ। कानपुर का यह निर्यात छह हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का रहा। वहीं पूरे प्रदेश में सबसे निर्यात इंजीनियरिंग गुड्स का हुआ। दूसरे नंबर पर कपड़ों का निर्यात रहा। हैंडीक्राफ्ट को तीसरा स्थान मिला। चर्म उत्पाद चौथे और इलेक्ट्रानिक्स पांचवें स्थान पर रहा। जिन देशों को उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा निर्यात किया गया, उनमें अमेरिका पहले स्थान पर है। दूसरे पर यूके, तीसरे पर यूएई, चौथे पर जर्मनी, पांचवें पर नेपाल है।
यूपी से विभिन्न वर्षों में निर्यात
- वित्तीय वर्ष रुपये करोड़ में
- 2024-25 1,86,059
- 2023-24 1,70,340
- 2022-23 1,74,037
- 2021-22 1,56,897
- 2020-21 1,21,139
विभिन्न देशों को निर्यात प्रतिशत
- देश निर्यात प्रतिशत
- यूएसए 19
- यूके 07
- यूएई 06
- जर्मनी 05
- नेपाल 05
- आस्ट्रिया 05
- फ्रांस 04
- नीदरलैंड 03
- स्पेन 03
- इटली 03
- अन्य 40
सबसे ज्यादा निर्यात करने वाले शीर्ष 10 जिले
- जिले निर्यात करोड़ में
- गौतमबुद्ध नगर 94,272
- गाजियाबाद 14,949
- कानपुर नगर 10,401
- मुरादाबाद 10,391
- आगरा 7,555
- अलीगढ़ 7,218
- भदोई 5,098
- उन्नाव 4,941
- अमरोहा 2,816
- संभल 2,406
यह कानपुर के लिए बड़ी बात है। कानपुर फिर से अपने को बढ़ा रहा है। चर्म उत्पादों के मामले में कानपुर ने फिर से तेज रफ्तार से अपने आपको बढ़ाया है। जिस तरह से कानपुर में चर्म उत्पादों को बढ़ाने के लिए लेदर पार्क बनाने की योजना है, उससे साफ है कि कानपुर आने वाले वर्षों में और भी निर्यात बढ़ाएगा।
- असद इराकी, रीजनल चेयरमैन, चर्म निर्यात परिषद।
कानपुर का एमएसएमई क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है। यह क्षेत्र निर्यात को लेदर सेक्टर के साथ मिलकर बढ़ा रहा है। जो हालात बन रहे हैं, उससे साफ है कि कानपुर अब फिर रफ्तार पकड़ रहा है। गौतमबुद्ध नगर के साथ एनसीआर में होने का लाभ है।
- आलोक अग्रवाल, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष, आइआइए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।