विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Railway Alert: रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर, कानपुर से दिल्ली जाने वाली श्रमशक्ति सहित कई ट्रेनें अचानक निरस्त, देखें सूची

Published: Fri, 09 Oct 2026 08:14 PM (IST)

नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशनों के पास संभावित यातायात जाम के कारण कानपुर से दिल्ली जाने वाली श्रमशक्ति सहित कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इस अचानक निरस्तीकरण से लगभग 10 हजार यात्री प्रभावित हुए और उन्हें यात्रा में भारी असुविधा हुई।

सेंट्रल स्टेशन में ट्रेन का इंतजार करते यात्री। जागरण

सेंट्रल स्टेशन में ट्रेन का इंतजार करते यात्री। जागरण

HighLights

  1. नई दिल्ली-निजामुद्दीन के पास यातायात दबाव के कारण ट्रेनें रद्द

  2. श्रमशक्ति, शताब्दी सहित कई प्रमुख ट्रेनें निरस्त, यात्री परेशान

  3. लगभग 10 हजार यात्री प्रभावित, रेलवे ने अतिरिक्त काउंटर खोले

जागरण संवाददाता, कानपुर। नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास शनिवार को यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका का असर ट्रेनों के संचालन पर पड़ा। कानपुर सेंट्रल से नई दिल्ली के बीच चलने वाली श्रमशक्ति एक्सप्रेस को शुक्रवार को अचानक निरस्त कर दी गई।

इसके अलावा भी कानपुर सेंट्रल होकर निकलने वाली कई प्रमुख ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशन से ही निरस्त कर दिया गया, जिस कारण करीब 10 हजार यात्री प्रभावित हुए। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के सीपीआरओ डा. शिवम शर्मा ने बताया कि 10 अक्टूबर को सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे तक नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के आसपास भारी यातायात जाम की आशंका है। इसके मद्देनजर कई ट्रेनों को उनके प्रारंभिक स्टेशन से ही निरस्त किया गया है।

कुछ ट्रेनों के निरस्त होने से उनकी वापसी सेवा भी प्रभावित होगी। ट्रेन नंबर 12033 कानपुर सेंट्रल-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस आज निरस्त रहेगी। इसके चलते वापसी में ट्रेन नंबर 12034 नई दिल्ली-कानपुर सेंट्रल शताब्दी एक्सप्रेस भी संचालित नहीं होगी।

10 अक्टूबर को भी ये ट्रेनें निरस्त

वहीं 12451 कानपुर-नई दिल्ली श्रमशक्ति एक्सप्रेस शुक्रवार रात निरस्त रही। श्रमशक्ति के निरस्त होने के कारण शनिवार को ट्रेन नंबर 20452 नई दिल्ली-सोगरिया (लिंक) एक्सप्रेस भी नहीं चलेगी। 20451 सोगरिया (राजस्थान)-नई दिल्ली एक्सप्रेस 10 अक्टूबर को निरस्त रहने से गाड़ी संख्या 12452 नई दिल्ली-कानपुर एक्सप्रेस का संचालन भी प्रभावित रहेगा। नौ अक्टूबर को कई प्रमुख ट्रेनों को उनके प्रारंभिक स्टेशन से निरस्त किया गया है।

ये भी ट्रेनें निरस्त

इनमें बनारस-नई दिल्ली शिवगंगा एक्सप्रेस, बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस, प्रयागराज-नई दिल्ली प्रयागराज एक्सप्रेस, हावड़ा और सियालदह से नई दिल्ली आने वाली राजधानी एक्सप्रेस, राजेंद्र नगर-नई दिल्ली तेजस राजधानी और संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों की वापसी सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी।

सीमांचल भी निरस्त

दूसरी ओर जोगबनी-आनंद विहार टर्मिनल सीमांचल एक्सप्रेस शुक्रवार को निरस्त रही। लखनऊ-नई दिल्ली तेजस एक्सप्रेस का संचालन शनिवार को नहीं होगा। इसी तरह ट्रेन नंबर 12877 रांची-नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस शुक्रवार को निरस्त रही। नई दिल्ली से वापस जाने वाली 12878 गरीब रथ रविवार को निरस्त रहेगी।

कानपुर सेंट्रल और गोविंदपुरी स्टेशन में यात्री परेशान

ट्रेनों के अचानक निरस्तीकरण के कारण यात्रियों को काफी परेशानियां उठानी पड़ीं। कानपुर सेंट्रल व गोविंदपुरी स्टेशन पर यात्री परेशान दिखे। टिकट काउंटर पर टिकट कैंसिल कराने वालों की भी भीड़ दिखी। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के सीपीआरओ डा. शिवम शर्मा ने बताया कि जहां पर टिकट कैंसिल कराने वाले यात्रियों की बड़ी संख्या कि सूचना मिली, वहां अतिरिक्त काउंटर बढ़ा दिए गए थे, जिससे यात्रियों को ज्यादा परेशानी न हो।

सेंट्रल स्टेशन पर रहा अफरातफरी का माहौल

रात 11 बजे के करीब स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल रहा। श्रमशक्ति एक्सप्रेस के निरस्त होने के कारण यात्रियों ने अन्य ट्रेनों के निरस्तीकरण को देखते हुए बस से ही यात्रा करना मुनासिब समझा। रोज की अपेक्षा बस अड्डे पर दिल्ली जाने वाली यात्रियों की भीड़ दिखी। कई बसें पूरी तरह पैक होकर यहां से निकलीं।


ट्रेनों के निरस्तीकरण को लेकर यात्रियों तक सूचना पहुंचा दी गई थी। इसके अलावा स्टेशनों पर जहां आवश्यकता महसूस हुई, वहां पर अतिरिक्त काउंटर बना दिए गए थे। यात्रियों की असुविधाओं का सामना न करना पड़े, इसका पूरा ध्यान रखा गया।
डा. शिवम शर्मा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज

 

 

रेलवे अलर्ट: निरस्त ट्रेनों की सूची
यात्रियों की सुविधा के लिए शुक्रवार को निरस्त रहीं और आज निरस्त रहने वाली ट्रेनों की सूची देखें।

शुक्रवार को निरस्त रहीं ये ट्रेनें

ट्रेन नंबर ट्रेन का नाम और रूट
12451 श्रमशक्ति एक्सप्रेस
12559 शिवगंगा एक्सप्रेस
12581 बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस
12417 प्रयागराज एक्सप्रेस: प्रयागराज-नई दिल्ली
12301 हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस
12313 सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस
20801 मगध एक्सप्रेस: इस्लामपुर-नई दिल्ली
12309 तेजस राजधानी: राजेंद्र नगर-नई दिल्ली
12393 संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस: राजेंद्र नगर-नई दिल्ली
22361 अमृत भारत एक्सप्रेस: राजेंद्र नगर-नई दिल्ली
12487 सीमांचल एक्सप्रेस: जोगबनी-आनंद विहार टर्मिनल

10 अक्टूबर को निरस्त रहेंगी ये ट्रेनें

ट्रेन नंबर ट्रेन का नाम और रूट
12033 शताब्दी एक्सप्रेस: कानपुर सेंट्रल-नई दिल्ली
12034 शताब्दी एक्सप्रेस: नई दिल्ली-कानपुर सेंट्रल
12452 श्रमशक्ति एक्सप्रेस
20451 सोगरिया-नई दिल्ली एक्सप्रेस
12560 शिवगंगा एक्सप्रेस
12582 बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस
82501 तेजस एक्सप्रेस: लखनऊ-नई दिल्ली
82502 तेजस एक्सप्रेस: नई दिल्ली-लखनऊ
12418 प्रयागराज एक्सप्रेस: नई दिल्ली-प्रयागराज
12302 नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस
12314 नई दिल्ली-सियालदह राजधानी एक्सप्रेस
20802 मगध एक्सप्रेस: नई दिल्ली-इस्लामपुर
12310 तेजस राजधानी एक्सप्रेस: नई दिल्ली-राजेंद्र नगर
12394 संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस: नई दिल्ली-राजेंद्र नगर
22362 अमृत भारत एक्सप्रेस: नई दिल्ली-राजेंद्र नगर
यात्रियों के लिए सलाह: यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और निरस्तीकरण की जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यम से अवश्य जांच लें।

 

यह भी पढ़ें- ग्रेटर कानपुर से न्यू कानपुर सिटी तक विकास की तैयारी, 75 करोड़ से बाटनिकल गार्डन, एयरपोर्ट द्वार व मंधना रोड का सुंदरीकरण

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।