रिंग रोड और मंधना-अनवरगंज एलिवेटेड रेलवे ट्रैक परियोजनाओं को मिलेगी गति, भूमि और परिसंपत्तियों से जुड़े मामलों का होगा समाधान
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कानपुर रिंग रोड और मंधना-अनवरगंज एलिवेटेड रेलवे ट्रैक परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों ...और पढ़ें

HighLights
जिलाधिकारी ने परियोजनाओं की समीक्षा कर गति देने का निर्देश दिया
रिंग रोड में सीयूजीएल पंप और विद्युत उपकेंद्र के हिस्से प्रभावित
मंधना-अनवरगंज ट्रैक पर भूमि अधिग्रहण और मुआवजे पर जोर
जागरण संवाददाता, कानपुर।
जागरण संवाददाता, कानपुर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने शुक्रवार को कानपुर रिंग रोड एवं मंधना-अनवरगंज एलिवेटेड रेलवे ट्रैक परियोजनाओं की समीक्षा की। नवीन सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से भूमि एवं अन्य लंबित प्रकरणों का समाधान कर निर्माण कार्यों को गति देने के निर्देश दिया।
रिंग रोड परियोजना के पैकेज-3 की समीक्षा के दौरान बताया गया कि रिंग रोड के प्रस्तावित मार्ग में सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड (सीयूजीएल) के पंप कार्यालय का कुछ हिस्सा आ रहा है। इस केंद्र से पीएनजी एवं सीएनजी की आपूर्ति की जाती है। जिलाधिकारी ने प्रभावित हिस्से एवं संबंधित गैस पाइपलाइनों की शिफ्टिंग के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में बताया गया कि संबंधित भूमि कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) की है, जो सीयूजीएल को लीज पर आवंटित है। ऐसे में जिलाधिकारी ने सीयूजीएल की प्रभावित परिसंपत्तियों का मूल्यांकन कर मुआवजे की गणना कराने के निर्देश दिए।
इसी परियोजना में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के विद्युत उपकेंद्र का भी कुछ हिस्सा प्रस्तावित मार्ग में आ रहा है। जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता को प्रभावित हिस्से से संबंधित बाधाओं का समाधान कराने के निर्देश दिए।
मंधना-अनवरगंज एलिवेटेड रेलवे ट्रैक परियोजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने 15.51 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित ट्रैक से संबंधित भूमि एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने बगदौदी बांगर, कल्याणपुर कला एवं जरीब चौकी क्षेत्र में परियोजना से प्रभावित होने वाले मकानों एवं भूमि के संबंध में निर्देश दिए कि संबंधित भू-स्वामियों एवं भवन स्वामियों से संवाद स्थापित कर नियमानुसार भूमि प्राप्त करने की कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रभावित व्यक्तियों को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, उपजिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह, परियोजना निदेशक एनएचएआइ श्री पंकज यादव, अपर जिलाधिकारी (भूमि अध्याप्ति) सहित रेलवे, केडीए, सीयूजीएल, विद्युत विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
