यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 24, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Akhilesh Dubey Case: मोहरा बनी लड़की ने खोले अखिलेश गैंग के कई राज, अब उसकी जान को खतरा
Kanpur Akhilesh Dubey Case जिस लड़की को सामने करके अखिलेश और उसके गैंग ने दुष्कर्म का मुकदमा कराया था उसी ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, कानपुर। भाजपा नेता पर मुकदमा दर्ज कराने वाली लड़की ने मजिस्ट्रेटी बयान में अखिलेश दुबे और उसके गैंग के खिलाफ कई नाम खोल दिए लेकिन उसने लिखित में अपनी जान का खतरा भी बताया। इसके बाद से पुलिस को भी उसकी सुरक्षा की चिंता सताने लगी। पुलिस टीम उसे वापस उसके गांव बिहार छोड़ आई।
बर्रा के जूही डब्ल्यू ब्लाक निवासी भाजपा नेता व होटल मालिक रवि सतीजा ने बताया कि अखिलेश दुबे ने 50 लाख की रंगदारी मांगी थी। न देने पर उसने अपने गैंग के विमल यादव, अभिषेक बाजपेई, शैलेंद्र यादव उर्फ टोनू के जरिये उस्मानपुर की लड़की को सामने कर दिसंबर 2024 में बर्रा थाने में दुष्कर्म का प्रयास व पाक्सो में मुकदमा दर्ज कराया था। शुरुआती जांच में विवेचक ने दुष्कर्म के प्रयास की धारा हटा सामूहिक दुष्कर्म की धारा लगा दी थी। हालांकि बाद में मुकदमा झूठा निकला।
एसआइटी ने जब जांच शुरू की तो अखिलेश दुबे गैंग का पर्दाफाश हुआ और पुलिस ने उनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर अखिलेश दुबे व लवी मिश्रा और बाद में टोनू को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मामले मे पुलिस रवि सतीजा पर मुकदमा कराने वाली लड़की की तलाश कर रही थी, जिसे कुछ दिन पहले क्राइम ब्रांच ने ढूंढ निकाला। दो दिन पहले ही उसके मजिस्ट्रेटी बयान हुए तो उसने अखिलेश और उसके गैंग के खिलाफ रंगदारी मांगने के तरीकों से लेकर लोगों पर मुकदमा दर्ज कराने के पैतरों को बयां कर सभी राज खोल दिए। उसने अपनी जान का खतरा भी बताया। एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से उसे उसके घर बिहार भेजा गया।
अखिलेश के बारे में लखनऊ के बड़े अधिकारी कर रहे फोन
अखिलेश दुबे प्रकरण में जितनी तेजी से टीम जांच कर कार्रवाई कर रही है। उसके बाद से अब कमिश्नरेट पुलिस अधिकारी के पास लखनऊ के अधिकारी भी फोन कर जानकारी लेने लगे हैं। कमिश्नरेट के एक अधिकारी ने बताया कि अखिलेश दुबे प्रकरण में एसआइटी की जांच पूरी होते ही मुकदमे और गिरफ्तारी तेजी से शुरू हो जाएगी। इसमें दक्षिण जोन के कई मामले में हैं।
