कानपुर में तेजी से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, चेतावनी बिंदु से 68CM दूर, घाट डूबे; खेतों में पहुंचा पानी
कानपुर में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है जो खतरे के निशान के करीब पहुँच गया है। रविवार को जलस्तर 112.13 मीटर था जो सोमवार को 112.32 मीटर हो गया। किनारे के गाँवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है खेतों में पानी भर गया है और फसलों को नुकसान का खतरा है। घाटों पर सुरक्षा के लिए रस्सी बांधी जा रही है।

जागरण संवाददाता, कानपुर। गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ता जा रहा है। चेतावनी बिंदु 113 मीटर से से सिर्फ 68 सेंटीमीटर दूर है। रविवार को 112. 13 मीटर शुक्लागंज की तरफ गंगा का जलस्तर पहुंच गया था। सोमवार को 112.32 मीटर हो गया है।
अफसरों का कहना है कि अभी और गंगा का जलस्तर बढ़ेगा। इसको लेकर गंगा के किनारे स्थित गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है। गांवों में खेतों में पानी भर गया। फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है। बनिया पुरवा, भारत पुरवा नत्थू पुरवा चैनपुरवा,ईश्वरी गंज रमेल का कटरी इलाका बनिया पुरवा दुर्गापुरवा, मक्कापुरवा,चैनपुरवा,भगवान दीनपुरवा समेत आसपास के गांवों में लोगों को सतर्क कर दिया गया है।
घाटों में सीढ़ियों तक जल पहुंच गया है। अटल घाट में सीढ़ियां डूब गयी है। घाट घूमने जाने वालों को रोकने के लिए नगर निगम रस्सी बांधने का कार्य शुरू करा दिया है ताकि लोग घाट की तरफ न जाए। इसके अलावा अन्य घाटों में भी रस्सी बांधी जाएगी ताकि वहां भी लोगों को गंगा की तरफ जाने से रोका जाए। वहीं रोक के बाद भी नाव चल रही है।
नगर निगम के अधिशासी अभियंता दिवाकर भास्कर ने बताया कि घाटों में लोगों को गंगा की तरफ जाने से रोकने के लिए रस्सी बांधी जा रही है।
गंगा का हाल-
- अपस्ट्रीम पर गंगा का जलस्तर - 113. 86 मीटर
- डाउन स्ट्रीम पर गंगा का जलस्तर 113. 66मीटर
- शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर - 112. 32 मीटर
- बैराज के 30 गेट में - 30 गेट खोले
- शुक्लागंज की तरफ चेतावनी बिंदु - 113 मीटर
- खतरे का निशान - 114 मीटर
- नरोरा बांध से छोड़ा गया गंगा का जल - 3,05,041 क्यूसेक
- गंगा बैराज से शुक्लागंज की तरफ छोड़ा गया गंगा का जलस्तर 3,22,038, क्यूसेक
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।