अब एक क्लिक में कंप्यूटर स्क्रीन पर होगा आपका मकान, कानपुर नगर निगम कर रहा तैयारी
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत कानपुर नगर निगम ने संपत्तियों का लेखा-जोखा डिजिटल करने की तैयारी शुरू कर दी है । अब मकान मालिक कंप्यूटर या मोबाइल पर टैक्स से लेकर नक्शे तक की जानकारी हासिल कर सकेंगे।

कानपुर, [जागरण संवाददाता]। अब भवन स्वामी घर बैठे एक क्लिक पर अपनी संपत्ति की पूरी जानकारी हासिल कर सकेंगे। भवन पर किस तरह का कर लगाया गया है और कितना क्षेत्रफल कवर्ड या खाली है, सारा डाटा मोबाइल पर उपलब्ध होगा। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत सभी मकानों की कुंडली को आनलाइन किया जा रहा है। अभी केवल भवन कर भेजने और जमा करने की आनलाइन व्यवस्था है।
नगर आयुक्त शिव शरणप्पा जीएन ने अपर नगर आयुक्त, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, सभी जोनल प्रभारी और स्मार्ट सिटी मिशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसमें नगरायुक्त ने निर्देश दिया कि नगर निगम में पंजीकृत संपत्तियों के यूनिक आईडी को स्मार्ट सिटी मिशन के जीआइएस साफ्टवेयर से जोड़ा जाए, जिसमें संपत्तियों का पूरा लेखा-जोखा हो। वर्तमान समय में भवनों का नए सिरे से लखनऊ की आइटीआइ कंपनी सर्वे कर रही है। अब तक 35 फीसद कार्य कर चुकी है। उसके डाटा को स्मार्ट सिटी के सिस्टम से लिंक किया जाए। साथ ही नगर निगम के गृहकर साफ्टवेयर को वेब आधारित बनाए जाने के संबंध में सर्वसम्मति से सहमति दी। इसके होने से भवन स्वामी अपने संपत्ति कि गलत हुए सर्वे को देख सकता है। मौके पर आवासीय है लेकिन कागज में व्यावसायिक दिखाया गया है। साथ ही किस आधार पर कितना गृहकर लगाया गया है यह पूरी स्थिति का आंकलन कर सकता है।
4.68 लाख संपत्तियों से मिल रहा टैक्स : वर्तमान समय में नगर निगम में 4.68 लाख संपत्तियां दर्ज है जो गृहकर दे रही है। सर्वे पूरा होने पर कई और संपत्तियां टैक्स दायरे में आएगी। कई आवासीय से अपार्टमेंट या व्यावसायिक हो गई है।
धीमी गति से सर्वे पर नाराजगी : नगर आयुक्त ने धीमी गति से संपत्तियों का भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआइएस) के हो रहे सर्वे पर नाराजगी जताई। काम कर रही आइटीआइटी कंपनी को कारण बताओ नोटिस देने के आदेश दिए है। तेजी से सर्वे कराया जाए।
अप्रैल माह से चालू होगी स्मार्ट पार्किंग : नगर आयुक्त ने स्मार्ट पार्किंग का कार्य देख रही कंपनी मेसर्स टेक महिन्द्रा लिमिटेड के प्रतिनिधि और जोनल प्रभारियों को आदेश दिया कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में पूर्व से चयनित स्मार्ट पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर लें, ताकि कमियों को दूर किया जा सके। अप्रैल 2022 से पार्किंग का संचालन किया जाए। वर्तमान समय में कारगिल पार्क, लाजपत भवन और राजीव वाटिका मोतीझील में स्मार्ट पार्किंग का संचालन हो रहा है। अभी पार्किंग निश्शुल्क है।
डिजिटल स्क्रीन लगाए जाएं : कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के तहत लगे टैक्स मैसेज वाले स्क्रीन की गुणवत्ता को हाईटेक किए जाने को लेकर नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 88 स्थानों में टैक्स मैसेज वाले स्क्रीन लगे है। नगर निगम अब विज्ञापन व्यवस्था भी हाईटेक करने जा रहा है। इसके लिए नगर आयुक्त ने डिजिटल स्क्रीन लगाए जाने के आदेश दिए है। इस बाबत नगर आयुक्त ने प्रोजेक्ट मैनेज को आदेश दिए कि डिजिटल स्क्रीन लगाने के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार करके स्मार्ट सिटी कार्यालय को उपलब्ध कराए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।