विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kanpur News: चोरी के शक में पकड़े गए युवक को पीटने पर चौकी में धरने पर बैठे सपा विधायक, चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई की मांग

Published: Mon, 14 Sep 2026 10:32 PM (IST)

सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने कानपुर की सिरकी मोहाल चौकी के बाहर धरना दिया। उन्होंने चोरी के शक में हिरासत ...और पढ़ें

सिरकी मोहाल चौकी में चोरी के फर्जी राजफाश को लेकर धरने पर समर्थकों के साथ बैठे सपा विधायक अमिताभ बाजपेई (मध्य में)। जागरण

सिरकी मोहाल चौकी में चोरी के फर्जी राजफाश को लेकर धरने पर समर्थकों के साथ बैठे सपा विधायक अमिताभ बाजपेई (मध्य में)। जागरण

HighLights

  1. सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने सिरकी मोहाल चौकी पर धरना दिया

  2. चोरी के शक में पकड़े गए युवक को पुलिस ने पीटा, आरोप

  3. विधायक ने चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई और मेडिकल की मांग की

जागरण संवाददाता, कानपुर। फीलखाना थानाक्षेत्र की सिरकी मोहाल चौकी के बाहर सोमवार दोपहर सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ धरना दिया। उनका आरोप है कि पुलिस ने चोरी के शक में पूछताछ के लिए लाए गए युवक की पट्टे से पिटाई की। विधायक ने युवक का मेडिकल कराकर चौकी इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

घुमनी बाजार निवासी राजेश अग्रवाल, जो द्वारिकाधीश मंदिर के मैनेजर हैं, ने बताया कि शनिवार रात उनके यहां 3.50 लाख रुपये की नकदी और डेढ़ किलो चांदी चोरी हो गई थी। उन्होंने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में सीसी फुटेज से अमन अग्रवाल की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, जिसके बाद पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।

सोमवार दोपहर दो बजे विधायक को सूचना मिली कि अमन को पुलिस ने चोरी के शक में उठाकर पट्टे से पीटा है। इस पर विधायक सिरकी मोहाल चौकी पहुंचे, जहां अमन के स्वजन ने बताया कि पुलिस ने उसे रविवार रात पूछताछ के लिए ले जाकर मारपीट की। स्थानीय लोगों ने अमन की निर्दोष होने की बात कहते हुए 16-17 वीडियो भी पुलिस को दिए। विधायक ने धरने के दौरान नारेबाजी की और कहा कि लोकतंत्र में पट्टातंत्र नहीं चलेगा।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि युवक केवल संदिग्ध था, तो उसे पट्टे से क्यों पीटा गया। विधायक का कहना है कि चौकी इंचार्ज ने कहा था कि वह पांच हजार रुपये और दो चांदी के सिक्के लगाकर चोरी का राजफाश कर देंगे। इस पर उन्होंने चंदा करके पांच हजार रुपये और दो चांदी के सिक्के जुटाए और कहा कि पुलिस अगर चोरी का राजफाश कर देती है तो वह उपहार स्वरूप इसे देंगे।

एसीपी अमित कुमार पांडेय ने अमन के साथ मारपीट के आरोपों को निराधार बताया और कहा कि अमन से पूछताछ की जा रही है। विधायक ने अमन की निर्दोष होने और उसे छोड़ने की मांग करते हुए चौकी इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस अमन पर घटना स्वीकारने और इनकाउंटर करने का दबाव बना रही है।

यह भी पढ़ें- फिर तारीख बदली, इंतजार बढ़ा...अब दीपावली तक कानपुर सरैया ROB होगा तैयार

यह भी पढ़ें- IIT Kanpur के 8 प्रोफेसरों को मिला राष्ट्रीय विज्ञान अकादमियों का प्रतिष्ठित फेलोशिप सम्मान, जानें इनकी उपलब्धि