विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब 5 मिनट में ही मिल जाएगी कानपुर मेट्रो की ट्रेन, गुजरात से बनकर आये कॉरिडोर-2 के सभी कोच

Published: Sun, 18 Oct 2026 09:42 PM (IST)

कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा-8) के लिए सभी 10 ट्रेनें डिपो में पहुंच गई हैं, जिससे दोनों कॉरिडोर के लिए कुल 39 मेट्रो ट्रेनें उपलब्ध हो गई हैं।

कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2  के लिए 10 ट्रेनें डिपो पहुंचीं

कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 के लिए 10 ट्रेनें डिपो पहुंचीं

HighLights

  1. कॉरिडोर-2 के लिए सभी 10 मेट्रो ट्रेनें डिपो में पहुंचीं।

  2. दोनों कॉरिडोर के लिए कुल 39 'मेक इन इंडिया' ट्रेनें उपलब्ध।

  3. आईआईटी से नौबस्ता तक हर 5 मिनट पर मिलेगी मेट्रो।

जागरण संवाददाता, कानपुर। मेट्रो के कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा-8) की 10वीं और अंतिम ट्रेन सीएसए परिसर स्थित कॉरिडोर-2 डिपो में आ गई। कॉरिडोर-2 के लिए निर्धारित सभी 10 ट्रेनें यहां आ गईं हैं। सितंबर 2025 में गुरुदेव चौराहा स्थित मेट्रो डिपो में कॉरिडोर-1 के लिए निर्धारित सभी 29 मेट्रो की आपूर्ति हो चुकी थी।

इस तरह मेट्रो के दोनों कॉरिडोर के लिए निर्धारित सभी 39 मेट्रो आ चुकी हैं। ये सभी ट्रेनें ‘मेक इन इंडिया’ के तहत गुजरात के सावली स्थित मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट में बनी हैं।

कानपुर मेट्रो के जनसंपर्क अधिकारी पंचानन मिश्रा ने कहा कि मेट्रो के कॉरिडोर-1 (आइआइटी-नौबस्ता) के बाद अब कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा-8) के लिए भी सभी मेट्रो आ गई हैं।

यह भी पढ़ें- नवरात्र में IIT से नौबस्ता तक शुरू होगी कानपुर मेट्रो, PMO से मिली हरी झंडी; जानें रूट और किराया

जल्द ही कॉरिडोर-1 पर मेट्रो आइआइटी से नौबस्ता तक जाएगी। दूसरी ओर कॉरिडोर 2 में सीएसए से बर्रा-8 तक के संचालन के लिए मेट्रो आ गई है।

आइआइटी से नौबस्ता तक हर 5 मिनट पर मिलेगी मेट्रो

दीपावली तक नौबस्ता तक मेट्रो सेवाएं शुरू हो जाएंगी। ये सेवाएं बढ़ाने के लिए 8 और मेट्रो को लगाया जाएगा। नौबस्ता तक मेट्रो शुरू होने के बाद यात्रियों को अब हर 5 मिनट छह सेकेंड पर मेट्रो की सुविधा मिलेगी।

यह भी पढ़ें- कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 पर जल्द शुरू होगा टेस्ट रन, सीएसए डिपो में पटरी बिछाने का काम पूरा

आइआइटी से नौबस्ता तक मेट्रो के 21 स्टेशन होंगे। वर्तमान में आइआइटी से कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक मेट्रो का संचालन किया जा रहा है। इस रूट पर आठ मेट्रो ट्रेनों से यात्रियों को सेवाएं दी जा रही हैं। अभी यात्रियों को करीब 13 मिनट के अंतराल पर मेट्रो मिलती है।

नौबस्ता तक विस्तार होने के बाद मेट्रो की संख्या बढ़ाकर 16 करने की योजना है। इस कदम से मेट्रो की उपलब्धता बढ़ेगी और यात्रियों को स्टेशन पर ज्यादा देर इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें- कानपुर वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! पहली बार कॉरिडोर-2 पर दौड़ी मेट्रो, तीन अंडरग्राउंड स्टेशनों से गुजरी, जानें पूरा रूट