कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 पर जल्द शुरू होगा टेस्ट रन, सीएसए डिपो में पटरी बिछाने का काम पूरा
कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा-8) पर काम तेजी से जारी है। सीएसए मेट्रो डिपो में ट्रैक बिछाने का काम पूरा ...और पढ़ें

कानपुर मेट्रो
HighLights
सीएसए मेट्रो डिपो में ट्रैक बिछाने का काम पूरा।
डिपो से मेनलाइन तक रैंप पर भी पटरियां बिछीं।
कॉरिडोर-2 पर जल्द शुरू होगा ट्रेनों का टेस्ट रन।
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 (सीएसए–बर्रा-8) पर काम तेजी से हो रहा है। सीएसए विश्वविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन मेट्रो डिपो में ट्रैक बिछाने का काम पूरा हो गया है। डिपो को मेनलाइन से जोड़ने वाले रैंप पर भी पटरियां बिछा दी गई हैं, इससे डिपो में खड़ी मेट्रो ट्रेनों को मुख्य ट्रैक पर लाकर टेस्ट रन शुरू करने का रास्ता साफ हुआ है।
यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के जनसंपर्क अधिकारी पंचानन मिश्र ने बताया कि कॉरिडोर 2 के अंडरग्राउंड सेक्शन की डाउनलाइन पर जल्द ही ट्रेनों की टेस्टिंग शुरू की जा सकेगी। सीएसए परिसर स्थित मेट्रो डिपो में कुल 15 ट्रैक लाइनें बनाई गई हैं। इनमें चार स्टेबलिंग लाइनें हैं, जहां ट्रेनों को खड़ा किया जा सकेगा।
तीन शंटिंग लाइनें ट्रेनों की आवाजाही और ट्रैक बदलने के काम आएंगी। डिपो में करीब 550 मीटर लंबा टेस्ट ट्रैक भी तैयार किया गया है। इस पर ट्रेनों के ब्रेक, गति, सिग्नल के प्रति प्रतिक्रिया और अन्य तकनीकी प्रणालियों की जांच की जाएगी।
डिपो से मेनलाइन तक ट्रैक तैयार
कॉरिडोर-2 डिपो को मुख्य मेट्रो ट्रैक से जोड़ने वाले रैंप पर ट्रैक निर्माण पूरा होने से ट्रेनों को डिपो से निकालकर मेनलाइन तक पहुंचाना आसान होगा। डिपो से विजय नगर स्टेशन के निकट स्थित रैंप के बीच डाउनलाइन पर ट्रैक निर्माण पूरा हो चुका है।
डिपो में गिट्टी वाले (बैलास्टेड) और गिट्टी रहित (बैलास्ट-लेस) दोनों प्रकार के ट्रैक बनाए गए हैं। पंचानन मिश्रा ने बताया कि कॉरिडोर-2 के डिपो से विजय नगर स्टेशन के निकट स्थित रैंप तक डाउनलाइन पर ट्रैक निर्माण पूरा होना बड़ी उपलब्धि है।
कॉरिडोर-2 की लंबाई 8.60 किलोमीटर है। वहीं, लगभग 23.50 किलोमीटर लंबे कारिडोर-1 (आईआईटी–नौबस्ता) पर फिलहाल आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक करीब 15 किलोमीटर के हिस्से में मेट्रो सेवाएं चल रही हैं।
यह भी पढ़ें- कानपुर में 15 इंटर कॉलेजों में बनेंगी व्यावसायिक लैब, नौवीं से 12वीं तक के छात्र सीखेंगे हुनर
